हाल ही में ऑयरलैंड दौरे के लिए घोषित भारतीय टीम के ऐलान के साथ ही कुछ नाम चर्चा में लगातार बने हुए हैं. और इन्हीं में से एक हार्दिक पांड्या भी हैं. पांड्या न ही ऑयरिश दौरे के लिए भारतीय टीम में हैं और न ही इंग्लैंड के खिलाफ खेले जाने वाली टी20 सीरीज टीम में. और इसके बाद वह इंग्लैंड के खिलाफ ही खेले जाने वाली वनडे सीरीज में भी टीम इंडिया का हिस्सा नहीं ही हैं. पांड्या की उनकी यह अनुपस्थिति एशियाई खेलों तक बढ़ेगी, क्योंकि भारत की टी20 विश्व कप जीत के बाद से उनका अंतरराष्ट्रीय करियर ढलान पर नजर आ रहा है. बहरहाल, पूर्व बल्लेबाज संजय मांजरेकर ने चेताते हुए कहा कहा कि पांड्या को खारिज न किया जाए. मांजरेकर ने सबसे बड़े मंचों पर इस ऑलराउंडर की साबित हो चुकी बड़े-मैच की क्षमता और मैच जिताने की काबिलियत का समर्थन किया है.
'पांड्या बड़े मैचों के खिलाड़ी'
सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क द्वारा संचालित एक बातचीत में मांजरेकर ने कहा, 'मैं हार्दिक पांड्या की क्षमता का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं. और अगर आप असली हार्दिक पांड्या को देखना चाहते हैं, तो आपको बस उनके द्वारा खेले गए सभी बड़े मैचों को याद करना होगा. खासकर विश्व कप और उनके योगदान को देखना होगा. यहां तक कि आईपीएल, फाइनल दौर, प्लेऑफ भी. जाहिर है कि चयनकर्ता चाहते हैं कि वह शारीरिक रूप से फिट रहें, तैयार रहें और अधिक क्रिकेट खेलें.' उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दबाव की स्थितियों में पांड्या का प्रभाव भारत की सफेद गेंद (सीमित ओवरों) की टीमों की एक परिभाषित विशेषता बना हुआ है.
'अय्यर को कप्तान बनाने पर हैरानी हुई थी'
उन्होंने आगे कहा, 'वह आईपीएल के पिछले कुछ मैचों में नहीं खेल पाए थे, लेकिन मुझे उम्मीद है कि वे उन्हें पूरी तरह से नहीं भूलेंगे क्योंकि यह एक बड़े मैच का खिलाड़ी है, जबरदस्त क्षमता वाला खिलाड़ी है. अगर उन्हें कप्तानी से राहत मिलती है, तो एक खिलाड़ी के रूप में वह शायद फिर से उन ऊंचाइयों पर पहुंच सकते हैं जो उन्होंने हासिल की थीं.' नेतृत्व (कप्तानी) के बदलावों की ओर रुख करते हुए मांजरेकर ने आयरलैंड दौरे के लिए श्रेयस अय्यर को टी20आई कप्तान नियुक्त किए जाने पर आश्चर्य व्यक्त किया, लेकिन कहा कि अंतिम एकादश (प्लेइंग इलेवन) के भीतर भूमिका की स्पष्टता के मामले में यह निर्णय समझ में आता है.
'गिल को फिट करना मुश्किल था'
सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क द्वारा संचालित बातचीत में मांजरेकर ने कहा,'हां मैं हैरान था. मैं यह समझने की कोशिश कर रहा हूँ कि यह चुनाव क्यों किया गया. शुभमन गिल कप्तानी की क्षमता रखने वाले एक और खिलाड़ी हैं. उन्होंने भारत की कप्तानी भी की है और उनका आईपीएल भी बहुत अच्छा रहा था, लेकिन वह टी20 क्रिकेट में एक सलामी बल्लेबाज (ओपनर) हैं. आप शुभमन गिल को कहां फिट करेंगे? श्रेयस अय्यर मध्य क्रम में बल्लेबाजी करते हैं, इसलिए वहां जगह है. सूर्यकुमार यादव कप्तान हैं इसलिए शायद उन्होंने महसूस किया कि टीम में श्रेयस के लिए एक परिभाषित भूमिका है. उनका नेतृत्व प्रभावशाली रहा है.' उन्होंने राष्ट्रीय चयन के फैसलों पर आईपीएल के बढ़ते प्रभाव की ओर भी इशारा किया.
'अय्यर के लिए थोड़ा चुनौतीपूर्ण होगा'
उन्होंने आगे कहा, 'मुझे लगता है कि आईपीएल में जो कुछ भी होता है उसका हर चीज पर जबरदस्त प्रभाव पड़ता है. चाहे वह 50 ओवर का क्रिकेट हो, कप्तानी हो या टी20 क्रिकेट. इसलिए, श्रेयस अय्यर की नियुक्ति का उनके आईपीएल प्रदर्शन से बहुत कुछ लेना-देना है. हालांकि मैं यह कहूंगा कि पिछले आईपीएल में वह इस सीजन की तुलना में वास्तव में बेहतर बल्लेबाजी फॉर्म में थे. मुझे लगता है कि यह थोड़ा चुनौतीपूर्ण होगा. ऐसा इसलिए है क्योंकि वह भारत की टी20आई टीम से बाहर थे. वह वापसी के हकदार थे. पिछले सीजन में उनके शानदार आईपीएल के बाद एक बल्लेबाज और एक कप्तान दोनों के रूप में उन्हें चुना जाना चाहिए था.'
जायसवाल के साथ कड़ाई
वनडे टीम पर मांजरेकर ने महसूस किया कि यशस्वी जायसवाल के हालिया रनों के सिलसिले को देखते हुए उन्हें बाहर रखना दुर्भाग्यपूर्ण था, लेकिन उन्होंने शीर्ष क्रम के स्थानों के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा को भी स्वीकार किया. उन्होंने कहा,'जिस किसी को भी मौका मिलता है, उसे उसका फायदा उठाना होता है. यशस्वी ने बिल्कुल यही किया है. इसलिए हां यह दुर्भाग्यपूर्ण है. हां यह उनके साथ थोड़ा कड़ा (अन्यायपूर्ण) है. साई सुदर्शन ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है. वनडे क्रिकेट में ईशान किशन के नाम दोहरा शतक है. उन स्थानों के लिए प्रतिस्पर्धा करने वाले बहुत सारे गुणवत्ता वाले खिलाड़ी हैं. उन्होंने वास्तव में अपनी पिछली तीन वनडे पारियों में दो शतक बनाए हैं. एक नाबाद 116 रन की पारी थी, जिसके बाद वह लंबे समय तक नहीं खेले. फिर उन्होंने अगले वनडे में चार रन बनाए और अब एक और शतक.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं