Irfan on Vaibhav Sooryavanshi: मंगलवार की रात घरेलू मैदान पर वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) भल्ले ही सिर्फ 7 रन से शतक से चूक गए हों, लेकिन 93 रन की इस सुनामी पारी से उन्हें यश और चर्चा शतक जैसी ही मिल रही है क्योंकि सूर्यवंशी की पारी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के वर्तमान संस्करण में राजस्थान की उम्मीदों को जिंदा रखने की सबसे बड़ी वजह बनी. वैभव के बल्ले ने ऑरेन्ज कैप को फिर से सिर पर धारण किया, तो दुनिया के तमाम दिग्गजों ने उनकी प्रशंसा का ऊंचा सुर लगाया. पूर्व ऑलराउंडर इरफान ने वैभव के लिए बड़े बोल बोलते हुए कह कि वैभव गेंदबाजों के भीतर ठीक वैसा ही डर पैदा कर रहे हैं, जो कभी विंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल ने कभी अपने सर्वश्रेष्ठ दिनों में किया था. वैसे पठान की यह बात बिल्कुल भी गलत नहीं है और छोटे उस्ताद ने गेल के एक सीजन में सबसे ज्यादा 59 छक्के जड़ने के रिकॉर्ड को चुनौती पेश कर डाली है.
पठान ने जियोस्टार पर कहा,'यह अविश्वसनीय था. उन्होंने जो परिपक्वता दिखाई, वह मेरे लिए सबसे खास बात रही. हम जब भी वैभव सूर्यवंशी को देखते हैं, तो हमेशा कहते हैं कि वह लेग-साइड के बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं, लेकिन इस मैच में उन्होंने ऑफ-साइड पर जिस तरह से खेला, वह लाजवाब था.' उन्होंने आगे कहा, 'अपने बैक-लिफ्ट पर उनका बेहतरीन नियंत्रण दिख रहा है. वह कवर्स के ऊपर से ड्राइव लगा रहे थे और यहां तक कि उन्होंने थर्ड मैन के ऊपर से अपर-कट भी खेला. उन्हें रोकना बेहद मुश्किल है.'
पठान ने कहा,'अपनी पहली 10 गेंदों में वह 100 से भी कम के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहे थे, और पारी के अंत तक उन्होंने सिर्फ 38 गेंदों में 93 रन बना दिए.' पूर्व भारतीय ऑलराउंडर ने इसके बाद क्रिस गेल से उनकी तुलना करते हुए कहा कि गेंदबाज अब सूर्यवंशी के सामने उसी तरह का खौफ महसूस करने लगे हैं, जैसा कभी वेस्टइंडीज के इस दिग्गज खिलाड़ी के खिलाफ महसूस करते थे. पठान ने अपनी बात समाप्त करते हुए कहा, '53 छक्कों के साथ वह वास्तव में क्रिस गेल के 59 छक्कों के रिकॉर्ड के पीछे पड़े हैं, जो 2012 से कायम है. एक गेंदबाज के रूप में हम हमेशा क्रिस गेल का सामना करने से डरते थे. वैभव सूर्यवंशी भी वही खौफ पैदा कर रहे हैं और गेल का रिकॉर्ड निश्चित रूप से खतरे में है.'
इससे पहले शाम को 220 रनों का पीछा करते हुए यशस्वी जायसवाल ने शुरुआती गति प्रदान की, जबकि सूर्यवंशी ने सतर्क शुरुआत करते हुए अपनी पहली 10 गेंदों पर केवल पांच रन बनाए. लेकिन एक बार जब वह क्रीज पर जम गए, तो इस युवा खिलाड़ी ने मैच का रुख पूरी तरह से पलट दिया. उन्होंने आकाश सिंह के एक ओवर में 24 रन बटोरे और सिर्फ 23 गेंदों में अपना शानदार अर्धशतक पूरा किया.'
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी को लेकर LSG कोच जस्टिन लैंगर का बड़ा बयान, इस मामले में डॉन ब्रैडमैन से कर दी तुलना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं