विज्ञापन
This Article is From May 17, 2012

गेल के छक्कों ने रखी बेंगलूर की उम्मीदें बरकरार

नई दिल्ली: अपने तूफानी तेवरों से दुनिया भर के गेंदबाजों को थर्राने वाले क्रिस गेल ने गुरुवार को फिरोजशाह कोटला पर छक्कों की झड़ी लगागी। उनकी दर्शनीय शतकीय पारी से रायल चैलेंजर्स बेंगलूर ने यहां आईपीएल के बड़े स्कोर वाले रोमांचक मैच में दिल्ली डेयरडेविल्स को 21 रन से हराकर प्ले आफ में पहुंचने की उम्मीद बनाये रखी। मैन आफ द मैच गेल ने फिरोजशाह कोटला पर इतनी सहजता से छक्के लगाये मानो यह सबसे आसान काम हो। उन्होंने 62 गेंद पर सात चौकों और 13 छक्कों की मदद से नाबाद 128 रन की पारी खेली। इस बीच उन्होंने कई रिकार्ड बनाये और कप्तान विराट कोहली (53 गेंद पर 73) के साथ दूसरे विकेट के लिये 204 रन की अटूट साझेदारी की।

इससे बेंगलूर ने टास गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए एक विकेट पर 215 ठोक दिये। वीरेंद्र सहवाग बुखार के कारण नहीं खेल पाये और डेविड वार्नर जल्द ही डग आउट में पहुंच गये। अब तक रनों के लिये तरस रहे रोस टेलर ने डेयरडेविल्स की तरफ से गेल का जवाब देने की कोशिश की। उनकी 26 गेंद पर 55 रन की पारी तथा वेणुगोपाल राव (24 गेंद पर 36 रन) और आंद्रे रसेल (15 गेंद पर 31) के अच्छे योगदान के बावजूद दिल्ली की टीम नौ विकेट पर 194 रन ही बना पायी। बेंगलूर की तरफ से जहीर खान और प्रशांत परमेश्वन ने तीन तीन विकेट लिये।

बेंगलूर को इस जीत की सख्त दरकार थी। उसके अब 15 मैच में 17 अंक हो गये हैं और आखिरी मैच में जीत से वह प्ले आफ में पहुंच जाएगी। दिल्ली को इस सत्र की पांचवीं हार झेलनी पड़ी लेकिन वह अब भी 15 मैच में 20 अंक लेकर शीर्ष पर बना हुआ है।

कोटला पर आज का दिन पूरी तरह से गेल को समर्पित था। तिलकरत्ने दिलशान (सात गेंद पर दस रन) जल्द आउट हो गये लेकिन मोर्ने मोर्कल के बिना उतरे दिल्ली के आक्रमण को इसके बाद विकट नहीं मिला। गेल ने जरूर छक्कों की बरसात करके दर्शकों को उनके टिकट की कीमत दिलवा दी। बेंगलूर की पारी में शुरुआती ओवरों को छोड़कर बाद की कहानी गेल के छक्कों के इर्द गिर्द ही घूमती रही। एक समय गेल ने 34 गेंद पर 38 रन बनाये थे लेकिन अगली 19 गेंद पर वह 62 रन बनाकर शतक पूरा कर गये। उन्होंने इस बीच आईपीएल के एक सत्र में सर्वाधिक रन बनाने के सचिन तेंदुलकर के रिकार्ड (618) को तोड़ा और 700 रन के पार पहुंचने वाले पहले बल्लेबाज बने।

इस कैरेबियाई तूफान ने आंद्रे रसेल, वेणुगोपाल राव और पवन नेगी को उनकी अनुभवहीनता का सबक सिखाया। इरफान पठान के ओवर में उन्होंने तीन छक्के लगाकर अपनी ताकत, टाइमिंग और कौशल का अद्भुत नजारा पेश किया। इनमें से एक छक्का तो मिडविकेट के उपर से 109 मीटर तक गया था जबकि पहले छक्के पर नेगी ने उनका कैच छोड़ा था। नेगी दूसरे स्पैल करने के लिये आये तो गेल ने उन लगातार तीन छक्के जड़कर इस युवा स्पिनर को मायूस कर दिया। जयवर्धने इस बीच नेगी को समझाते रहे लेकिन गेल उनकी हर रणनीति को छक्कों में उड़ाते रहे। उन्होंने यादव की गेंद पर एक रन लेकर आईपीएल में अपना तीसरा शतक पूरा किया और फिर इसी ओवर में दो छक्के लगाये। गेल ने 53 गेंद पर अपना शतक पूरा किया था जिसमें सात चौके और नौ छक्के शामिल थे।

कोहली ने भी अर्धशतक पूरा किया और छक्का जमाया लेकिन उनकी पारी गेल के छक्कों के तले दब गयी। गेल ने इिसके बाद ब्रैंडन मैकुलम के 2008 में बनाये गये एक पारी में 13 छक्के के रिकार्ड की बराबरी की। कोहली ने नौ चौके और एक छक्का लगाया।

कार्यवाहक कप्तान माहेला जयवर्धने पर टीम का काफी दारोमदार था लेकिन वह 14 गेंद पर नौ रन ही बना पाये। वेणुगोपाल ने जरूर कुछ करारे शाट लगाये। उन्होंने हषर्ल पटेल का स्वागत भी छक्के से किया। टेलर पिछली असफलताओं का दाग धोने के उद्देश्य से क्रीज पर उतरे थे। लेकिन यह क्या वेणुगोपाल ने जिस गेंद को छह रन के लिये उठाया और लग भी रहा था कि वह छक्का जाएगा उसे हषर्ल पटेल ने दौड़ते हुए कैच में तब्दील कर दिया।

वेणुगोपाल ने अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया। टेलर ने मुरली के इसी ओवर में दो चौके लगाये और फिर पटेल को भी यही सबक सिखाया। टेलर ने मुरलीधरन की गेंद को मिडविकेट पर छह रन के लिये भेजकर केवल 22 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद पांच गेंद के अंदर नमन ओझा (12 गेंद पर 13) और टेलर के विकेट गंवाने से दिल्ली बैकफुट पर चला गया। विनयकुमार की गेंद टेलर के बल्ले का उपरी किनारा लेकर कैच में बदली।

उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और दो छक्के लगाये। कैरेबियाई आंद्रे रसेल ने जहीर की जिस पहली गेंद का सामना किया उसी पर 100 मीटर लंबा छक्का लगाया। उन्होंने इसके बाद आउट होने से पहले कुछ लंबे शाट लगाये लेकिन इससे वह दर्शकों का मनोरंजन और हार का अंतर ही कम कर पाये।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Royal Challengers Bangalore, Delhi Daredevils, IPL-5, IPL 2012, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, दिल्ली डेयरडेविल्स, आईपीएल-5, आईपीएल 2012