Mumbai Indians vs Sunrisers Hyderabad, IPL 2026: पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) को अगर अपनी किस्मत पलटनी है तो उसे शानदार फॉर्म में चल रहे सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ बुधवार को यहां होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के महत्वपूर्ण मुकाबले में खेल के हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना होगा. मुंबई की टीम पहले सात मैचों में पांच में हार से चार अंक लेकर नौवें स्थान पर है. उसे चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 103 रन से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था जिससे उसका नेट रन रेट भी बिगड़ गया है.
मुंबई की टीम की चिंता भारत की टी20 विश्व कप विजेता टीम के चार खिलाड़ियों में शामिल कप्तान हार्दिक पंड्या (तीन विकेट और 97 रन) और सूर्यकुमार यादव (110) का खराब प्रदर्शन है. तिलक वर्मा के गुजरात टाइटन्स के खिलाफ आईपीएल में पहले शतक से मुंबई लगातार चार मैचों में हार का सिलसिला तोड़ने में सफल रहा था लेकिन चेन्नई से मिली करारी हार ने एक बार फिर उसके लड़खड़ाते अभियान को और भी मुश्किल में डाल दिया.
मुंबई इंडियंस के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा है. वह अभी तक केवल दो विकेट ले पाए हैं. बुमराह बीच के ओवर और डेथ ओवरों में गेंदबाजी करते रहे हैं लेकिन पिछले दो मैच में उन्होंने गेंदबाजी की शुरुआत की क्योंकि अन्य गेंदबाज मुंबई को अच्छी शुरुआत दिलाने में नाकाम रहे थे. न तो ट्रेंट बोल्ट (एक विकेट) और ना ही दीपक चाहर (एक) अपने आक्रामक तेवर दिखा पाए हैं.
मुंबई के गेंदबाजों के असफल होने के कारण विरोधी टीमों ने पावरप्ले में नियंत्रण बनाया है जिससे मुंबई को नुकसान पहुंचा. इस बीच रोहित शर्मा की अनुपस्थिति ने खालीपन सा पैदा कर दिया है. उनकी जगह पारी का आगाज करने के लिए भेजे गए दानिश मालेवार (2 और 0) उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाए हैं. अब यह देखना है कि पूर्व कप्तान रोहित हैमस्ट्रिंग की समस्या से उबरने के बाद पूरी फिटनेस हासिल कर पाए हैं या नहीं.
चोटिल मिचेल सैंटनर की जगह केशव महाराज को टीम में शामिल किए जाने के बाद यह देखना बाकी है कि विल जैक्स को अंतिम एकादश में जगह मिलती है या नहीं. जैक्स ने टी20 विश्व कप में इसी तरह की परिस्थितियों में शानदार प्रदर्शन किया था. सनराइजर्स इस बात से अच्छी तरह वाकिफ होगा कि मुंबई अपनी हार का सिलसिला तोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा. ऐसे में उसकी उम्मीद बल्लेबाजों पर टिकी रहेगी जो वानखेड़े स्टेडियम की बल्लेबाजी के लिए अनुकूल परिस्थितियों का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे.
सनराइजर्स में पिछले मैच में वैभव सूर्यवंशी के शतक के बावजूद राजस्थान रॉयल्स को हराया था. अभिषेक शर्मा टी20 विश्व कप में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने के बाद फॉर्म में लौट आए हैं और वह इसका पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगे. उन्होंने अब तक 212.29 के स्ट्राइक रेट और 54.28 के औसत से 380 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं.
ईशान किशन (312) और हेनरिक क्लासेन (349) ने भी बल्लेबाजी ने अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन ट्रेविस हेड (186) से टीम को और अधिक उम्मीदें होंगी, जो अभी तक इस टूर्नामेंट में खास प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं. कप्तान पैट कमिंस की वापसी से सनराइजर्स का गेंदबाजी आक्रमण मजबूत हुआ है. मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजों को उनसे सतर्क रहना होगा. सनराइजर्स की टीम अभी अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है.
टीम इस प्रकार हैं:
मुंबई इंडियंस: हार्दिक पंड्या (कप्तान), क्विंटन डीकॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), रॉबिन मिंज (विकेटकीपर), दानिश मालेवार, शेरफेन रदरफोर्ड, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, विल जैक, मयंक रावत, नमन धीर, शार्दुल ठाकुर, अश्विनी कुमार, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर, कृष भगत, एएम गजनफर, केशव महाराज, मयंक मारकंडे, मोहम्मद इज़हार और रघु शर्मा.
सनराइजर्स हैदराबाद: पैट कमिंस (कप्तान), सलिल अरोड़ा (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), ट्रैविस हेड, रविचंद्रन अश्विन, अनिकेत वर्मा, अभिषेक शर्मा, हर्ष दुबे, क्रेन्स फुलेट्रा, लियाम लिविंगस्टोन, कामिंडु मेंडिस, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षल पटेल, शिवम मावी, शिवांग कुमार, अमित कुमार, गेराल्ड कोएत्ज़ी, प्रफुल्ल हिंगे, साकिब हुसैन, दिलशान मदुशंका, ईशान मलिंगा, ओंकार तरनाले, जयदेव उनादकट और जीशान अंसारी.
मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा.
यह भी पढ़ें- राजस्थानी छोरा आया, पंजाब को धो डाला, मैच जिता गया, छा गया, आखिर कौन है ये शुभम दुबे?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं