क्रिकेट प्रेमियों के इंतजार का पल समाप्त होने के बेहद करीब है. भारत और अफगानिस्तान (India vs Afghanistan) के बीच खेला जाने वाला एकमात्र टेस्ट मुकाबला कल (छह जून 2026) से शुरु हो रहा है. अहम मुकाबले में भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) का बल्ला चलता है तो वह एक विशेष उपलब्धि हासिल कर लेंगे. दरअसल, मौजूदा समय में टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 100 छक्के लगाने का रिकॉर्ड पूर्व ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट (Adam Gilchrist) के नाम दर्ज है. जिन्होंने 137 पारियों में शुरुआती 100 छक्के लगाए थे. वहीं देश के होनहार बल्लेबाज पंत खबर लिखे जाने तक 86 पारियों में 94 छक्के उड़ा चुके हैं. आगामी मुकाबले में वह छह छक्के उड़ाने में और कामयाब होते हैं तो वह टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 100 छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे.
टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 100 छक्के लगाने वाले दुनिया के चुनिंदा तीन बल्लेबाज
137 पारी - एडम गिलक्रिस्ट (ऑस्ट्रेलिया)
151 पारी - बेन स्टोक्स (इंग्लैंड)
176 पारी - ब्रेंडन मैकुलम (न्यूजीलैंड)
टेस्ट में 100 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बनेंगे पंत
यहीं नहीं अफगानिस्तान के खिलाफ छह छक्के उड़ाते ही ऋषभ पंत भारतीय टीम की तरफ से टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे. उनसे पहले यह विशेष उपलब्धि किसी भारतीय ने हासिल नहीं की है. पंत के बाद देश के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे छक्के लगाने का रिकॉर्ड पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के नाम दर्ज है. जिन्होंने टीम इंडिया के लिए 2001 से 2013 के बीच 103 मैच खेलते हुए 90 छक्के लगाए थे.
भारत की तरफ से टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज
94 - ऋषभ पंत
90 - वीरेंद्र सहवाग
88 - रोहित शर्मा
82 - रवींद्र जडेजा
78 - एमएस धोनी
ऋषभ पंत का टेस्ट करियर
ऋषभ पंत ने देश के लिए टेस्ट क्रिकेट में 2018 से खबर लिखे जाने तक कुल 49 मैच खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से 86 पारियों में 42.91 की औसत से 3476 रन निकले हैं. इस दौरान क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से आठ शतक और 18 अर्धशतक देखने को मिले हैं. 159 रनों की खेली गई शतकीय पारी उनकी एक मैच में खेली गई सर्वोच्च शतकीय पारी है.
यह भी पढ़ें- आखिरकार श्रेयस को कैसे मिला उनका श्रेय, सरपंच बन गए टीम इंडिया के कप्तान, गद्दी से उतरे SKY
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं