विज्ञापन

Rinku Singh Wedding: 100 मेहमानों की लिस्ट तैयार, बंटने शुरू हुए शादी के कार्ड, इस दिन प्रिया सरोज संग सात फेरे लेंगे रिंकू सिंह

Rinku Singh Priya Saroj Wedding wedding card: 4 दिसंबर को लखनऊ में रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी होनी है. अलीगढ़ से करीब 100 मेहमानों को न्योता भेजा जा रहा है.

Rinku Singh Wedding: 100 मेहमानों की लिस्ट तैयार, बंटने शुरू हुए शादी के कार्ड, इस दिन प्रिया सरोज संग सात फेरे लेंगे रिंकू सिंह
बंटने शुरू हुए रिंकू सिंह प्रिया सरोज की शादी के कार्ड

भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के घर शादी की तैयारियां शुरू हो गई हैं. 4 दिसंबर को लखनऊ में रिंकू सिंह समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज के साथ शादी के बंधन में बंधेंगे. दोनों की सगाई पहले ही हो चुकी है. अब शादी का कार्ड छपने के बाद अलीगढ़ में रिश्तेदारों और खास मेहमानों को न्योता भेजा जा रहा है.

शादी की तैयारियों में रिंकू सिंह खुद भी काफी दिलचस्पी ले रहे हैं. उन्होंने अपनी बहन नेहा के साथ बैठकर शादी का कार्ड पसंद किया. कार्ड की छपाई से लेकर मेहमानों तक निमंत्रण पहुंचाने की जिम्मेदारी भी परिवार के साथ मिलकर संभाल रहे हैं.

रिंकू सिंह को 15 नवंबर के आसपास क्रिकेट खेलने के लिए दुबई रवाना होना है. ऐसे में वह दुबई जाने से पहले शादी की जरूरी तैयारियां पूरी करना चाहते हैं. दीपावली पर भी रिंकू अपने परिवार के साथ अलीगढ़ आए थे. इस दौरान उन्होंने घर पर परिवार के साथ त्योहार मनाया और शादी की तैयारियों के लिए समय निकाला. उन्होंने अपनी बहन नेहा को दीपावली पर स्कूटी भी उपहार में दी.

Latest and Breaking News on NDTV

रिंकू सिंह के पिता का निधन हो चुका है. ऐसे में शादी के इस खास मौके पर परिवार के लिए यह समय भावनाओं से भी जुड़ा हुआ है. दीपावली पर घर आने के दौरान उन्होंने परिवार के साथ समय बिताया और शादी की तैयारियों में हाथ बंटाया.

शादी में अलीगढ़ से करीब 100 खास मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है. इनमें राजनीतिक, सामाजिक और पारिवारिक परिचित शामिल हैं. परिवार की ओर से सभी को शादी का निमंत्रण भेजा जा रहा है. इस शादी में विराट कोहली, रोहित शर्मा, हेड कोच गौतम गंभीर और बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला को भी निमंत्रण भेजा गया है. हालांकि, इन दिग्गजों के शामिल होने की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है.

रिंकू सिंह अपनी मां और भाई के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी शादी का कार्ड देने जाना चाहते हैं. इसके लिए मुलाकात का समय मांगा गया है. 14 या 15 नवंबर के आसपास मुख्यमंत्री से मुलाकात हो सकती है. रिंकू दुबई रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री को शादी का निमंत्रण देना चाहते हैं. इसके अलावा शादी में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के भी शामिल होने की चर्चाएं हैं. रिंकू की बारात अलीगढ़ से लखनऊ जाएगी और इसमें परिवार और कुछ करीबी लोग ही शामिल होंगे. 

बता दें, रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई जून 2025 को लखनऊ के सेंट्रम होटल में हुई थी, जिसमें कई दिग्गज नजर आए थे. लेकिन इसके बाद रिंकू के व्यस्त क्रिकेट कार्यक्रम के चलते शादी लगातार टलती गई. फरवरी 2026 में शादी की चर्चाएं थी, लेकिन इस दौरान उनके पिता का निधन हो गया. इसके बाद अब 4 दिसंबर को 2026 की तारीख तय की गई है.

रिपोर्ट- अदनान खान

यह भी पढ़ें: सहवाग-गावस्कर ओपनर, नंबर 3 द्रविड़, नंबर 4 तेंदुलकर, आकाश चोपड़ा ने चुनी भारत की ऑल टाइम टेस्ट प्लेइंग-11

यह भी पढ़ें: IPL का मेगा ट्रेड फाइनल! हार्दिक पंड्या पंजाब के, अर्शदीप सिंह मुंबई के, जानें किसे मिलेंगे कितने करोड़ !

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rinku Khanchand Singh, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com