विज्ञापन

IPL 2026: अश्विन ने नियमों की बड़ी खामी को किया बेनकाब, अंपायर की एक गलती और पंजाब को हो गया नुकसान

Ravichandran Ashwin Angry on Umpire Decision, PBKS vs MI IPL 2026: धर्मशाला में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले के दौरान क्रिकेट के एक पुराने नियम पर बहस छिड़ गई है.

IPL 2026: अश्विन ने नियमों की बड़ी खामी को किया बेनकाब, अंपायर की एक गलती और पंजाब को हो गया नुकसान
Ravichandran Ashwin Angry on Umpire Decision, PBKS vs MI IPL 2026:

Ravichandran Ashwin Angry on Umpire Decision, PBKS vs MI IPL 2026: मुंबई इंडियंस (MI) ने गुरुवार को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के रोमांचक मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ 6 विकेट से जीत दर्ज की. पंजाब किंग्स को इस सीजन लगातार पांचवीं हार का सामना करना पड़ा है. यह टीम 13 अंकों के साथ फिलहाल प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर बनी हुई है. वहीं, मुंबई इंडियंस ने 12 मुकाबलों में चौथी जीत दर्ज की है. यह टीम प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर है. टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी पंजाब किंग्स ने 8 विकेट खोकर 200 रन बनाए. इसके जवाब में मुंबई इंडियंस ने 19.5 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया. 

धर्मशाला में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले के दौरान क्रिकेट के एक पुराने नियम पर बहस छिड़ गई है. दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने क्रिकेट जगत का ध्यान खेल के नियमों में मौजूद एक ऐसी बड़ी कमी की ओर खींचा है, जिसके कारण पंजाब किंग्स को मैच की आखिरी गेंद पर एक रन का सीधा नुकसान झेलना पड़ा.

यह पूरा विवाद पंजाब किंग्स की पारी की अंतिम गेंद पर शुरू हुआ, जब विष्णु विनोद ने मुंबई के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की गेंद पर स्कूप शॉट खेलने का प्रयास किया. गेंद बल्ले पर न लगकर सीधे उनके पैड से जा टकराई. इस बीच बल्लेबाजों ने दौड़कर एक रन चुरा लिया, लेकिन ठीक उसी वक्त अंपायर ने मुंबई की एलबीडब्ल्यू (LBW) अपील को सही मानते हुए बल्लेबाज को आउट करार दे दिया. विष्णु विनोद ने तुरंत अंपायर के इस फैसले के खिलाफ डीआरएस (DRS) रिव्यू लिया.

टीवी रिप्ले में यह साफ हो गया कि बल्लेबाज आउट नहीं था और अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा. लेकिन आईसीसी (ICC) के मौजूदा नियमों के मुताबिक, अंपायर की उंगली उठते ही गेंद को 'डेड' (निष्क्रिय) मान लिया जाता है, जिसके चलते अंपायर का फैसला गलत साबित होने के बावजूद पंजाब किंग्स के खाते में वह लेग-बाय का महत्वपूर्ण रन नहीं जोड़ा गया.

अंपायर की इस मानवीय भूल और अजीब नियम के कारण टीम को हुए नुकसान पर रविचंद्रन अश्विन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर अपनी नाराजगी जाहिर की. अश्विन ने लिखा, "एक गलत फैसले की वजह से पंजाब किंग्स को अपने हक के एक रन से हाथ धोना पड़ा है. इस नियम में बिना किसी देरी के तुरंत सुधार किए जाने की सख्त जरूरत है."

अश्विन यहीं नहीं रुके, उन्होंने इस समस्या का एक व्यावहारिक समाधान सुझाते हुए आईपीएल प्रबंधन को आगे आने की सलाह दी. उन्होंने अपने अगले पोस्ट में लिखा, "जिस तरह 'इम्पैक्ट सब' का नियम पूरी तरह आईपीएल का अपना नियम है, ठीक उसी तरह डीआरएस रिव्यू के बाद फैसला पलटने पर रन देने का नियम भी सबसे पहले आईपीएल में ही लागू कर दिया जाना चाहिए. इसके लिए हमें आईसीसी के फैसले का इंतजार करने की जरूरत नहीं है, भले ही वे किसी भी तकनीकी वजह से इसमें देरी कर रहे हों."

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com