Who is Rasikh Salam Dar RCB Star Bowler; IPL 2026: आईपीएल हमेशा से युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का सबसे बड़ा मंच रहा है. यहां कई बार खिलाड़ियों को अपनी पहचान बनाने के लिए लंबे इंतजार और सही टीम के भरोसे की जरूरत होती है. आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए खेल रहे रसिख सलाम डार की कहानी भी कुछ ऐसी ही है. 26 साल के इस गेंदबाज ने साबित कर दिया है कि अगर हुनर के साथ सही साथ मिले, तो परिणाम जरूर मिलते हैं. जम्मू-कश्मीर के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले दाएं हाथ के तेज गेंदबाज रसिख सलाम का आईपीएल सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है.
मुंबई इंडियंस (2019) - रसिख के करियर की शुरुआत मुंबई इंडियंस के साथ हुई, लेकिन उन्हें केवल 1 मैच खेलने का मौका मिला और अगले ही सीजन रिलीज कर दिया गया.
केकेआर (2022) - कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें मौका दिया, लेकिन 2 मैच खिलाने के बाद उन्हें भी टीम से बाहर कर दिया गया.
दिल्ली कैपिटल्स (2024) - दिल्ली के लिए रसिख ने 8 मैचों में 9 विकेट लेकर अपनी प्रतिभा की झलक दिखाई, लेकिन मेगा ऑक्शन से पहले दिल्ली ने भी उन पर भरोसा नहीं जताया और उन्हें रिलीज कर दिया.
RCB ने जताया भरोसा
आईपीएल 2025 की नीलामी में आरसीबी ने रसिख को खरीदा. उस सीजन उन्हें सिर्फ एक मैच खेलने को मिला, जिसमें उन्होंने एक विकेट लिया. आमतौर पर टीमें ऐसे खिलाड़ियों को रिलीज कर देती हैं, लेकिन आरसीबी ने रसिख की काबिलियत को पहचाना और उन्हें आईपीएल 2026 के लिए रिटेन किया. टीम का यही भरोसा आज टीम के लिए सबसे बड़ी ताकत बन गया है.
लखनऊ के खिलाफ 'मैजिकल स्पेल'
आईपीएल 2026 के शुरुआती 2 मैचों में ही रसिख 5 विकेट चटका चुके हैं. 15 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ चिन्नास्वामी स्टेडियम में उन्होंने जो गेंदबाजी की, उसने सबका दिल जीत लिया. रसिख ने 4 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट चटकाए. रसिख की गेंदबाजी में विविधता उनकी सबसे बड़ी ताकत है. लखनऊ के खिलाफ अपने स्पेल की 24 गेंदों में से लगभग 10 गेंदें उन्होंने धीमी गति की फेंकी, जिसने बल्लेबाजों को पूरी तरह चकमा दे दिया.
भविष्य का बड़ा सितारा!
आरसीबी की तेज गेंदबाजी की धार बन चुके रसिख सलाम ने अपनी मैच्योरिटी और चतुराई से आलोचकों को करारा जवाब दिया है. जिस गेंदबाज पर तीन बड़ी टीमों ने भरोसा नहीं किया, आज वही गेंदबाज आरसीबी को जीत दिलाने में सबसे अहम भूमिका निभा रहा है. सीजन के अगले मैचों में अब हर किसी की नजर इस 'जम्मू-कश्मीर एक्सप्रेस' पर रहेगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं