Fakhar Zaman react on Ball Tampering: पाकिस्तान के दिग्गज बल्लेबाज फखर जमां ने लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच पाकिस्तान सुपर लीग के मैच के दौरान गेंद से छेड़खानी के आरोपों को खारिज किया है . 35 साल के फखर को मैच रैफरी रोशन महानामा ने पीएसएल की खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिये आचार संहिता की धारा 2 . 14 के तहत लेवल तीन के अपराध का दोषी पाया था. यह आरोप कराची किंग्स की पारी के आखिरी ओवर से पहले का है जब उन्हें जीत के लिये 14 रन की जरूरत थी.
फखर को हारिस रऊफ और लाहौर कलंदर्स के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी से बात करते देखा गया. इसके बाद अंपायर फैसल अफरीदी ने गेंद मांगी और उसे देखने के बाद पाया कि इससे छेड़छाड़ की गई है. मैच रैफरी अगले 48 घंटे में फिर सुनवाई के बाद फैसला सुनायेंगे. अंपायर ने गेंद से छेड़छाड़ के लिये लाहौर कलंदर्स पर 5 रन का जुर्माना लगाया जिससे कराची को आखिरी ओवर में नौ रन ही चाहिये थे जो उन्होने बना लिये.
अंपायरों ने गेंद की हालत बदलने के लिए लाहौर कलंदर्स पर 5 रन की पेनल्टी लगाई और उसके बाद गेंद बदल दी. इसके चलते कराची किंग्स को आखिरी ओवर में जीत के लिए 9 रन चाहिए थे, जिसे उन्होंने सफलतापूर्वक हासिल कर लिया. ऑलराउंडर अब्बास अफरीदी ने जीत पक्की की, बॉलर के एक वाइड गेंद डालने के बाद उन्होंने रऊफ को एक चौका और एक छक्का जड़ा और अपनी टीम को जीत दिला दी.
अगर मैच रेफरी इस बात की पुष्टि करते हैं कि गेंद के साथ छेड़छाड़ की गई थी, तो ज़मान के साथ-साथ पूरी लाहौर कलंदर्स टीम को गंभीर पेनल्टी का सामना करना पड़ सकता है.
पीसीबी ने किया रिएक्ट
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने फखर जमां को लेकर एक बयान में कहा, "अगले 48 घंटों के भीतर एक और सुनवाई होनी है, जिसके बाद मैच रेफरी अपना फैसला सुनाएंगे, यदि दोषी पाया जाता है, तो लेवल 3 के अपराध के लिए न्यूनतम सज़ा एक मैच का बैन होगा."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं