मौजूदा समय में ऑस्ट्रेलिया (Australia) की टीम बांग्लादेश (Bangladesh) के दौरे पर है. जहां दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज जारी है. प्रतिष्ठित सीरीज के समापन के बाद दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेली जाएगी. आगामी सीरीज के लिए भारतीय मूल के खिलाड़ी निखिल चौधरी (Nikhil Chaudhary) को भी 15 सदस्यीय ऑस्ट्रेलियाई टीम में मौका दिया गया है. अगर उन्हें बांग्लादेश दौरे पर डेब्यू करने का मौका मिलता है तो वह पिछले 60 वर्षों में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से खेलने वाले पहले भारतीय मूल के खिलाड़ी बन जाएंगे.
कौन हैं निखिल चौधरी?
ऑस्ट्रेलियाई स्क्वाड में निखिल चौधरी के शामिल किए जाने के बाद हर कोई उनके बारे में जानना चाहता है. अगर आप भी उनके बारे में सर्च कर रहे हैं तो उनसे जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें हम लेकर आए हैं. निखिल का जन्म चार मई साल 1996 में दिल्ली में हुआ था. मगर कुछ समय बाद वह अपने परिवार के साथ पंजाब शिफ्ट हो गए. यहीं पर उन्होंने अपने शुरुआती क्रिकेट करियर का आगाज किया. जहां वह जूनियर और सीनियर घरेलू टीम की तरफ से खेलने में कामयाब रहे.
हरभजन सिंह की कप्तानी में खेल चुके हैं निखिल
निखिल चौधरी भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह की कप्तानी में खेल चुके हैं. उन्होंने अंडर-19 टीम में हरभजन की देखरेख में शिरकत किया था. साल 2019 के आखिरी वक्त में वह छुट्टियां बिताने के लिए ऑस्ट्रेलिया गए हुए थे. वह भारत लौट पाते कि तबतक कोविड-19 महामारी के कारण पूरी दुनिया में लॉकडाउन लग गया. जिसकी वजह से वह भारत नहीं लौट पाए.
बिग बैश लीग से मिली पहचान
निखिल चौधरी ने ऑस्ट्रेलिया में अपने क्रिकेट करियर का आगाज क्लब क्रिकेट से किया. जहां शानदार प्रदर्शन करते हुए वह जल्द ही बिग बैश लीग में भी शामिल हो गए. यहां उन्हें 'होबार्ट हरिकेंस' ने पहली बार मौका दिया. जहां उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा. जिसके बदौलत अब वह ऑस्ट्रेलियाई टीम में जगह बनाने में कामयाब हुए हैं.
निखिल चौधरी का घरेलू क्रिकेट करियर
खबर लिखे जाने तक निखिल चौधरी ने घरेलू क्रिकेट में कुल सात फर्स्ट क्लास, नौ लिस्ट 'ए' और 48 टी20 मुकाबले खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से फर्स्ट क्लास क्रिकेट की 13 पारियों में 32.75 की औसत से 393, लिस्ट 'ए' की नौ पारियों में 27.83 की औसत से 167 और टी20 की 41 पारियों में 24.14 की औसत से 845 रन निकले हैं.
वहीं गेंदबाजी के दौरान वह फर्स्ट क्लास की 12 पारियों में 54.80 की औसत से पांच, लिस्ट 'ए' की आठ पारियों में 34.00 की औसत से नौ और टी20 की 34 पारियों में 36.75 की औसत से 16 विकेट चटकाने में कामयाब हुए हैं.
यह भी पढ़ें- वर्ल्ड कप 1983 के लिए कपिल देव नहीं, बल्कि ये 2 नाम थे सबसे आगे, फिर कुछ यूं पलट गई किस्मत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं