विज्ञापन
3 years ago

India vs Australia 2nd ODI:  शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर के शतकों के बाद स्पिनरों के कमाल से भारत ने रविवार को यहां बारिश से प्रभावित दूसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में ऑस्ट्रेलिया को डकवर्थ लुईस पद्धति से 99 रन से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली है.  भारत ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद पांच विकेट पर 399 रन का रिकॉर्ड स्कोर खड़ा किया. इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने जब नौ ओवर में दो विकेट पर 56 रन बनाए थे, तभी बारिश आ गई. बारिश थमने के बाद ऑस्ट्रेलिया के सामने डकवर्थ लुईस पद्धति के अनुसार 33 ओवर में 317 रन बनाने का लक्ष्य रखा गया, लेकिन उसकी टीम 28.2 ओवर में 217 रन बनाकर आउट हो गई.

(SCORECARD)

भारत ने इस तरह से तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 से अजेय बढ़त बनाई. तीसरा और अंतिम मैच बुधवार को राजकोट में खेला जाएगा. गिल ने 97 गेंदों पर चार छक्कों और छह चौकों की मदद से 104 रन बनाए जबकि अय्यर ने 90 गेंद पर 105 रन की पारी खेली जिसमें 11 चौके और तीन छक्के शामिल हैं.  इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 200 रन जोड़े ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की तरफ से वनडे में किसी भी विकेट के लिए चौथी सबसे बड़ी साझेदारी है.

कप्तान केएल राहुल (38 गेंद पर 52 रन, तीन चौके, तीन छक्के) और सूर्यकुमार यादव (37 गेंद पर नाबाद 72 रन, छह चौके, छह छक्के) ने अर्धशतक बनाकर भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचने में अपना अहम योगदान दिया. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से कैमरन ग्रीन ने दो विकेट लिए लेकिन इसके लिए उन्होंने 103 रन खर्च किए. भारत का यह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर है. इससे पहले उसने 2013 में बेंगलुरु में छह विकेट पर 383 रन बनाए थे.

ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों में डेविड वार्नर ने 53 रन बनाकर अपनी फॉर्म बरकरार रखी, लेकिन वह सीन एबॉट (36 गेंद पर 54 रन, चार चौके, पांच छक्के) और जोश हेजलवुड (16 गेंद पर 23) थे जिन्होंने अपनी लप्पेबाजी से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया. भारत के लिए रविचंद्रन अश्विन ने 41 रन देकर तीन विकेट लिए और अक्षर पटेल के फिट नहीं हो पाने की स्थिति में विश्व कप टीम में जगह बनाने के लिए अपना दावा मजबूत किया. रवींद्र जडेजा ने 42 रन देकर तीन जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने 56 रन देकर दो विकेट लिए.

बड़े लक्ष्य के सामने ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही. कृष्णा ने पारी के दूसरे और अपने पहले ओवर की दूसरी और तीसरी गेंद पर मैथ्यू शॉर्ट (09) और इस मैच में कप्तानी कर रहे स्टीव स्मिथ (00) को आउट करके उसका शीर्ष क्रम झकझोर दिया. बारिश थमने के बाद ऑस्ट्रेलिया को नए लक्ष्य के सामने बाकी बचे 24 ओवर में 261 रन बनाने थे, लेकिन इसके बाद अश्विन की फिरकी का जादू चला. उन्होंने मार्नस लाबुशेन (27) को बोल्ड करने के बाद वार्नर और जोश इंग्लिश (06) को अपने एक ओवर में पगबाधा आउट किया.

उनके साथी स्पिनर जडेजा ने एलेक्स कैरी (14) को बोल्ड किया जबकि ग्रीन (19) रन आउट हो गए जिससे ऑस्ट्रेलिया की रही सही उम्मीद भी खत्म हो गई. एबॉट और हेजलवुड ने नौवें विकेट के लिए 77 रन की साझेदारी करके हार का अंतर कम किया. एबॉट ने इस बीच अश्विन पर छक्का जड़कर अपने करियर का पहला अर्धशतक पूरा किया.

होलकर स्टेडियम की पिच सपाट थी और ऑस्ट्रेलिया के आक्रमण में पैनापन भी नजर नहीं आया. ऋतुराज गायकवाड़ (आठ) निश्चित तौर पर निराश होंगे कि वह एशियाई खेलों के लिए हांगझोउ जाने से पहले बड़ी पारी नहीं खेल पाए. जोश हेजलवुड ने उन्हें आउटस्विंगर पर विकेट के पीछे कैच कराया. गिल ने अपनी फॉर्म बरकरार रखी जबकि अय्यर ने शतक जड़कर विश्व कप से पहले भारतीय मध्यक्रम को लेकर चल रही चर्चा पर भी विराम लगा दिया.

गिल ने शुरू से ही मौका मिलने पर लंबे शॉट खेलने से परहेज नहीं की। अय्यर ने शुरू में जमीनी शॉट खेलने को प्राथमिकता दी लेकिन जल्द ही वह अपने पूरे प्रवाह में आ गए. यहां तक कि बीच में बारिश का खलल भी उनकी लय नहीं बिगाड़ पाया. इन दोनों बल्लेबाजों ने छक्के जड़कर 50 रन की संख्या पर की, लेकिन शतक के करीब पहुंचने पर वे धीमे पड़ गए. इस बीच 30 गेंद तक कोई बाउंड्री नहीं लगी. दोनों बल्लेबाज शतक पूरा करने के बाद अपनी पारी लंबी नहीं खींच पाए. अय्यर वनडे में अपना तीसरा सैकड़ा जड़ने के बाद वह बाएं हाथ में जकड़न से परेशान रहे. सीन एबॉट ने उन्हें स्क्वायर लेग पर कैच कराया.

गिल इसके बाद अपने छठे वनडे शतक तक पहुंचे. यह इस वर्ष उनका वनडे में पांचवा शतक है. वह एक कैलेंडर वर्ष में पांच या इससे अधिक शतक लगाने वाले सातवें भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. विराट कोहली ने चार और रोहित शर्मा ने तीन बार यह कारनामा किया है. गिल ने ग्रीन की ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंद पर विकेटकीपर कैरी को कैच दिया. 

राहुल ने जंपा पर छक्का लगाकर अपना खाता खोला जबकि इशान किशन ने शुरू में जीवनदान मिलने के बाद 18 गेंदों पर 31 रन बनाए, जिसमें दो चौके और दो छक्के शामिल हैं. उनकी जगह लेने के लिए उतरे सूर्यकुमार ने 44वें ओवर में ग्रीन की पहली चार गेंदों को छक्के के लिए भेजा. जहीर खान और रोहित के बाद वनडे में लगातार चार छक्के जड़ने वाले वह तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. सूर्य कुमार ने 24 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर अपने करियर का सर्वोच्च स्कोर बनाया. इस बीच राहुल अर्धशतक पूरा करने के बाद ग्रीन की गेंद पर बोल्ड होकर पवेलियन लौटे. मैच में खेलीं दोनों देशों की  फाइनल XI इस प्रकार रहीं. 

भारत (प्लेइंग इलेवन): शुभमन गिल, ऋतुराज गायकवाड़, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल कप्तान (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जड़ेजा, रविचंद्रन अश्विन, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, प्रसिद्ध कृष्णा

ऑस्ट्रेलियाई प्लेइंग इलेवन
डेविड वार्नर, मैथ्यू शॉर्ट, स्टीवन स्मिथ (कप्तान), मार्नस लाबुशेन, जोश इंग्लिस, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, सीन एबॉट, एडम ज़म्पा, जोश हेज़लवुड, स्पेंसर जॉनसन

India vs Australia LIVE Score | IND vs AUS Live Score | Straight from (Holkar Cricket Stadium, Indore):

पूरी स्टोरी पढ़ें

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
India, Australia, India Vs Australia 2023, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com