4 नवंबर से भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज शुरू होने जा रही है. इससे पहले न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने एक बड़ा बयान दे दिया है. सैंटनर ने विराट कोहली को "वर्ल्ड क्रिकेट का किंग" बताया है. उनका ये यह बयान सिर्फ सम्मान नहीं, बल्कि उस चुनौती का भी संकेत है, जिसका सामना न्यूजीलैंड को वनडे सीरीज में करना पड़ सकता है. विराट कोहली भले ही टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हों, लेकिन वनडे क्रिकेट में उनका पुराना अंदाज आज भी कायम है. यही वजह है कि बाकी टीमों के कप्तान और खिलाड़ी उन्हें अलग नजरिए से देखते हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में भी कोहली भारतीय बल्लेबाजी की सबसे मजबूत कड़ी माने जा रहे हैं.
वनडे क्रिकेट में कोहली के आंकड़े उनकी महानता की कहानी खुद बयां करते हैं. 317 मैचों की 305 पारियों में उन्होंने 15109 रन बनाए हैं. उनका औसत 58.79 का है, जबकि स्ट्राइक रेट 94.37 रहा है. इस दौरान कोहली ने 55 शतक और 79 अर्धशतक लगाए हैं. वनडे क्रिकेट में इतनी निरंतरता और इतने बड़े आंकड़े बहुत कम बल्लेबाजों के नाम दर्ज हैं.
हालिया फॉर्म पर नजर डालें तो कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 26 सितंबर 2026 को तिरुवनंतपुरम में खेली गई पारी से साफ संकेत दिया था कि वह अब भी बड़े मंच के खिलाड़ी हैं. उस मुकाबले में उन्होंने सिर्फ 88 गेंदों पर नाबाद 139 रन बनाए थे, जिसमें 10 चौके और 9 छक्के शामिल थे. हालांकि अगले दो मैचों में वह 29 और 0 रन ही बना सके, लेकिन बड़े खिलाड़ियों को केवल एक-दो पारियों से नहीं आंका जाता.
भारत की वनडे टीम में इस बार शुभमन गिल पहले तीन मैचों में कप्तानी करेंगे, जबकि आखिरी दो मुकाबलों में श्रेयस अय्यर टीम की कमान संभालेंगे. रोहित शर्मा और विराट कोहली पूरी सीरीज के लिए उपलब्ध हैं. ऐसे में न्यूजीलैंड के लिए सबसे बड़ी चिंता भारतीय बल्लेबाजी क्रम का अनुभव रहेगा, जिसके केंद्र में विराट कोहली खड़े हैं.
यही कारण है कि मिचेल सैंटनर जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी विराट कोहली को "वर्ल्ड क्रिकेट का किंग" कहते हैं. आंकड़े, दबाव में प्रदर्शन और बड़े मैचों में रन बनाने की क्षमता, तीनों चीजें बताती हैं कि न्यूजीलैंड के लिए आगामी वनडे सीरीज में कोहली सबसे बड़ी चुनौती साबित हो सकते हैं.
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले तीन वनडे मैचों के लिए भारत की टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, नमन धीर, अंशुल कंबोज, गुरनूर बराड़, रुतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, इशान किशन (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा*, कुलदीप यादव.
चौथे और पांचवें वनडे मैचों के लिए भारत की टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, तिलक वर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर, उप-कप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, नमन धीर, औकिब नबी, गुरनूर बराड़, रुतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, यश ठाकुर, कुलदीप यादव.
यह भी पढ़ें | पाकिस्तान क्रिकेट को बचाना है तो भारत से खेलो, वकार यूनुस ने आखिर ऐसा क्यों कहा?
यह भी पढ़ें | 3000 कदम, 30 ओवर हर दिन,चाचा ने बताई 'WPL की वैभव सूर्यवंशी' 15 साल की उमा काशवी की रोचक कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं