इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के तहत मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आज मुंबई इंडियंस और केकेआर (MI vs KKR) के बीच खेले जाने वाले मुकाबले का करोड़ों फैंस बेसब्री के साथ इंतजार कर रहे हैं. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में केकेआर के खिलाफ मुंबई का रिकॉर्ड दमदार रहा है. इस मुकाबले में रोहित शर्मा के पास एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करने का सुनहरा मौका होगा. दरअसल, आईपीएल में केकेआर के खिलाफ सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड अभी डेविड वॉर्नर के नाम है. वॉर्नर ने 28 पारियों में कोलकाता के गेंदबाजी अटैक के सामने 1093 रन बनाए हैं. वहीं, इस लिस्ट में अभी रोहित दूसरे नंबर पर हैं. मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान ने 35 पारियों में 1083 रन बनाए हैं. रोहित रविवार को अगर वानखेड़े में होने वाले मुकाबले में 11 रन बनाने में सफल रहते हैं, तो वह केकेआर के खिलाफ आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे. रोहित को केकेआर के खिलाफ खेलना हमेशा से ही काफी रास आता है. वह इस टीम के खिलाफ एक शतक और 6 अर्धशतक लगा चुके हैं.
केकेआर के खिलाफ मुंबई इंडियंस का रिकॉर्ड वानखेड़े के मैदान पर कमाल का रहा है। इस ग्राउंड पर दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 12 मैच खेले गए हैं. इसमें से 10 मुकाबले मुंबई ने जीते हैं, जबकि कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम सिर्फ दो मैच ही जीत सकी है. ओवरऑल रिकॉर्ड में भी मुंबई का पलड़ा भारी रहा है. मुंबई ने 35 मुकाबलों में से 24 में जीत दर्ज की है तो केकेआर ने सिर्फ 11 मैच जीते हैं. साल 2025 में दोनों टीमों की भिड़ंत एक बार हुई थी, जहां मुंबई इंडियंस ने 8 विकेट से जीत हासिल की थी.
मुंबई की टीम इस सीजन में काफी मजबूत दिखाई दे रही है. बल्लेबाजी में रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, क्विंटन डी कॉक, रयान रिकल्टन, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या और रदरफोर्ड के रूप में टीम के पास दमदार बैटिंग ऑर्डर मौजूद है. वहीं, गेंदबाजी में मुंबई के पास जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट जैसे दो धाकड़ गेंदबाज मौजूद हैं. दीपक चाहर और शार्दुल ठाकुर भी पावरप्ले में टीम के लिए तुरुप का इक्का साबित हो सकते हैं. दूसरी ओर, कोलकाता नाइट राइडर्स का भी बैटिंग ऑर्डर दमदार दिख रहा है. टिम सीफर्ट और फिन एलन की हालिया फॉर्म कमाल की रही है. हालांकि, टीम को इस सीजन अजिंक्य रहाणे, रिंकू सिंह और रॉवमैन पॉवेल से भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। केकेआर का तेज गेंदबाजी अटैक जरूर आईपीएल 2026 में कमजोर दिखाई दे रहा है. हर्षित राणा और आकाशदीप सिंह चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं