हाल ही में इंग्लैंड के टेस्ट कोच पद से हटाए गए न्यूजीलैंड के पूर्व सुनामी बल्लेबाज ब्रैंडन मैकुलम ने इंग्लिश प्रशंसकों से माफी मांगी है. साथ ही, उन्होंने माना कि अब किसी और को मौका देने का समय आ गया है. मैकुलम सीमित ओवरों की टीम के हेड कोच पद पर बरकरार हैं, लेकिन वह रविवार को उन्हें टेस्ट क्रिकेट में इस भूमिका से हटा दिया गया जो वह 2022 से संभाल रहे थे. मैकलम ने पुष्टि और खुलासा भी किया कि उन्हें हटाया गया था और उन्होंने खुद पद नहीं छोड़ा था जैसा कि इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने एक बयान में कहा था.
'मुझे हटाया गया, लेकिन यह सही फैसला'
एजबेस्टन में सोमवार को उन्होंने कहा, ‘हां, मुझे पद से हटा दिया गया. मैं निराश था, लेकिन साथ ही मैं इस फैसले का पूरा सम्मान करता हूं. हम नतीजों पर आधारित खेल में हैं और असल में हमारे नतीजे उतने अच्छे नहीं थे. अब किसी और को मौका देने का समय आ गया है.'
ऐसा रहा कार्यकाल में रिकॉर्ड
इंग्लैंड के टेस्ट कोच के तौर पर मैकुलम का रिकॉर्ड 27 जीत, दो ड्रॉ और 20 हार का रहा. कप्तान बेन स्टोक्स के साथ उनके कार्यकाल को ‘बैजबॉल' नाम दिया गया था. आक्रामक खेल ने टेस्ट क्रिकेट में नई जान फूंकी और शानदार नतीजे दिए. उनके कार्यकाल की शुरुआत में इंग्लैंड ने अपने पहले 11 टेस्ट मैच में से 10 जीते. लेकिन जैसे-जैसे टीम के अनुभवी खिलाड़ी संन्यास लेते गए तो नतीजे खराब होने लगे. इंग्लैंड अपने पिछले नौ टेस्ट मैच में से सात हार गया जिसमें पिछले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ 1-2 की हार भी शामिल है जिसके बाद स्टोक्स ने संन्यास ले लिया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं