विज्ञापन
This Article is From Apr 15, 2017

स्टीवन स्मिथ ने कहा- 'मैच के अंतिम ओवर में तीन विकेट गंवाना टीम के लिए महंगा पड़ा'

स्टीवन स्मिथ ने कहा- 'मैच के अंतिम ओवर में तीन विकेट गंवाना टीम के लिए महंगा पड़ा'
स्टीवन स्मिथ (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: गुजरात लायंस टीम के खिलाफ शनिवार को मिली हार के बाद राइजिंग पुणे सुपरजाइंट के आस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीवन स्मिथ ने कहा कि 171 का योग अच्छा था लेकिन उनकी टीम और अच्छा स्कोर बना सकती थी. स्मिथ के मुताबिक अंतिम ओवर में तीन विकेट गंवाना उनकी टीम के लिए महंगा पड़ा. इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 10वें संस्करण के 13वें राउंड रोबिन लीग मैच में पुणे की टीम ने पहले खेलते हुए गुजरात के सामने 172 रनों का लक्ष्य रखा, जिसे उसने 18 ओवर में तीन विकेट गंवाकर हासिल कर लिया.

पुणे की टीम ने गुजरात के गेंदबाज एंड्रयू टाइ के हाथों एक ओवर में लगातार तीन विकेट गंवाए. कप्तान के मुताबिक अगर ऐसा नहीं हुआ होता तो उनकी टीम कम से कम 185 रनों का स्कोर खड़ा कर सकती थी. स्मिथ ने मैच के बाद कहा, "विकेट अच्छी थी. हमने खुद को अच्छी स्थिति में पहुंचा दिया था लेकिन जल्दी-जल्दी विकेट गंवाने के कारण हमारा स्कोर अपेक्षित नहीं हो सका. ड्वायन स्मिथ और ब्रेंडन मैक्लम ने शानदार बल्लेबाजी की. हम उन्हें रोकने के लिए कुछ नहीं कर सके."

पुणे के कप्तान ने यह भी कहा कि वह अब तक श्रेष्ठ एकादश बनाने में नाकाम रहे हैं. बकौल स्मिथ, "नई टीम होने के कारण हमें कई तरह की दिक्कतें आ रही हैं. अब तक हमारी श्रेष्ठ एकादश टीम नहीं तैयार हो पाई है. अच्छा यह है कि कुछ खिलाड़ियों ने आगे बढ़कर जिम्मेदारी ली. यह सकारात्मक बात रही."

हाल ही में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने भी कहा था कि राइजिंग पुणे सुपरजाइंट के कप्तान स्टीवन स्मिथ इस समय शानदार फॉर्म में हैं. गांगुली ने कहा था कि "वह इस समय अच्छी फॉर्म में हैं. वह अच्छे खिलाड़ी हैं और इस समय विश्व के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक है. उन्होंने अपनी क्लास का प्रदर्शन अलग-अलग प्रारुपों में बेहतरीन तरह से अपने खेल में बदलाव करते हुए दिया है."

गौरतलब है कि स्मिथ की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलिया को भारत ने हाल ही में खत्म हुई चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला में 2-1 से हराया था. हालांकि इस श्रृंखला में स्मिथ ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया था और तीन शतकों की मदद से 499 रन बनाए थे जिसमें उनका औसत 71.28 था.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Steve Smith, IPL 2017, Rising Pune Supergiant
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com