KKR vs LSG, IPL 2026: आईपीएल 2026 में केकेआर खराब फॉर्म से गुजर रही है. केकेआर को एलएसजी के खिलाफ अपने घरेलू मैदान में सीजन की पहली जीत का इंतजार है. एलएसजी के खिलाफ केकेआर के रिकॉर्ड को देखते हुए यह आसान नहीं होने वाला है.केकेआर ने सीजन में अब तक 3 मैच खेले हैं। टीम को अपने पहले 2 मैचों में मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था. पंजाब किंग्स के खिलाफ तीसरा मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था. इस कारण टीम को 1 अंक मिले. हालांकि इस मैच में भी केकेआर की स्थिति ठीक नहीं थी.
प्वाइंट्स टेबल में केकेआर नौवें नंबर पर है. इसमें सुधार के लिए टीम को गुरुवार को इडन गार्डन्स में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ होने वाले मैच में जीत दर्ज करनी होगी. केकेआर के लिए एलएसजी के खिलाफ मुकाबला कभी आसान नहीं रहा है. हेड टू हेड मैचों पर गौर करें तो एलएसजी और केकेआर के बीच अब तक 6 मुकाबले खेले गए हैं। एलएसजी का पलड़ा इस दौरान भारी रहा है. एलएसजी ने 4 मैच जीते हैं, जबकि केकेआर को महज 2 मैचों में जीत मिली है. आईपीएल 2025 में दोनों टीमों के बीच एक ही मुकाबला खेला गया था जिसमें एलएसजी 4 रन से विजयी रही थी.
एलएसजी के आईपीएल 2026 में प्रदर्शन पर नजर डालें तो 2 मैचों में 1 जीत और 1 हार के साथ टीम अंकतालिका में सातवें स्थान पर है. एलएसजी ने अपना पिछला मैच सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उसके घर में जीता था. इस मैच में एलएसजी की गेंदबाजी खतरनाक दिखी थी. खासकर तेज गेंदबाजों मोहम्मद शमी और प्रिंस यादव ने हैदराबाद की बल्लेबाजी तहस-नहस कर दी थी. वहीं बल्लेबाजी में कप्तान ऋषभ पंत लंबे समय बाद लय में दिखे थे. टीम की जीत में उनकी नाबाद 68 रन की पारी का योगदान अहम रहा था.
केकेआर टीम में संतुलन और कई बड़े खिलाड़ियों की इंजरी से जूझ रही है. ऐसे में अपने घर में भी केकेआर के लिए इन फॉर्म एलएसजी के खिलाफ जीत हासिल करना आसान नहीं होने वाला है. अंजिक्य रहाणे की कप्तानी वाली केकेआर को बेहतर रणनीति और टीम संयोजन के साथ उतरना होगा.
ईडन गार्डन्स की पिच आज क्या असर दिखाएगी
पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार हो सकती है. बारिश के कारण रद्द कर दिए गए पिछले मैच में पंजाब किंग्स के ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जेवियर बार्टलेट ने दिखाया कि अधिक घास वाली पिच पर सीधी सीम गेंदबाजी कितनी प्रभावी हो सकती है. उन्होंने तीन गेंद के अंदर फिन एलन और कैमरन ग्रीन को आउट करके केकेआर के शीर्ष क्रम को ध्वस्त कर दिया था. केकेआर भाग्यशाली रहा कि यह मैच बारिश के कारण रद्द कर दिया गया. इससे उसने अंक तालिका में अपना खाता भी खोला.
मौसम कैसा रहेगा
पश्चिमी बंगाल के गंगा वाले क्षेत्र से लेकर मन्नार की खाड़ी तक निम्न दबाव बनने के कारण यहां पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है. गुरुवार की सुबह बारिश होने की संभावना है. हालांकि मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होने के कारण इस पर ज्यादा असर पड़ने की संभावना नहीं है.
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह, अंगकृष रघुवंशी, मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, सुनील नरेन, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, कैमरून ग्रीन, फिन एलन, मथीशा पथिराना, तेजस्वी सिंह, कार्तिक त्यागी, प्रशांत सोलंकी, राहुल त्रिपाठी, टिम सीफर्ट, सार्थक रंजन, दक्ष कामरा, रचिन रवींद्र, ब्लेसिंग मुजारा, सौरभ दुबे, और नवदीप सैनी
लखनऊ सुपर जाइंट्स की टीम: ऋषभ पंत (कप्तान), मिशेल मार्श, एडेन मार्कराम, हिम्मत सिंह, मैथ्यू ब्रीट्ज़के, मुकुल चौधरी, अक्षत रघुवंशी, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, अर्शिन कुलकर्णी, आयुष बडोनी, मोहम्मद शमी, अवेश खान, एम. सिद्धार्थ, दिग्वेश सिंह, आकाश सिंह, प्रिंस यादव, अर्जुन तेंदुलकर, एनरिक नॉर्टजे, नमन तिवारी, मयंक यादव, मोहसिन खान
ये भी पढ़ें- DC vs GT: केएल राहुल का IPL में धमाका, तोड़ दिया Virat Kohli का महारिकॉर्ड, ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज बने'
ये भी पढ़ें- IPL 2026: LSG बनाम KKR, टॉस के समय होगा सुनिल नरेन और वरुण के खेलने पर फैसला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं