KKR Playoff Qualification Scenario for IPL 2026: आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. सीजन के 5 मैच बीत जाने के बाद भी टीम की झोली में एक भी 'जीत' नहीं आई है. 5 में से 4 मैचों में करारी हार और एक मैच बारिश के कारण रद्द होने की वजह से KKR अंक तालिका में सबसे निचले पायदानों पर संघर्ष कर रही है. फैंस के मन में अब बस एक ही सवाल है क्या अब भी KKR प्ले-ऑफ में पहुंच सकती है? आइए जानते हैं क्या है KKR के लिए प्ले-ऑफ का समीकरण.
KKR के अब तक के सफर की बात करें तो अबतक कुल 5 मैच कोलकाता ने खेला है जिसमे 4 मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है और एक मैच बारिश की वजह से रद्द हहआ है. अंक के मामले में अभी केकेआर के पास 1 प्वाइंट है और नेट रन रेट (-1.383) काफी खराब है और केकेआर आखिरी पायदान पर है.
KKR के लिए प्ले-ऑफ का क्या है गणित?
आईपीएल के मौजूदा फॉर्मेट (10 टीमें) में प्ले-ऑफ की सुरक्षित जगह पक्की करने के लिए किसी भी टीम को कम से कम 16 अंकों (8 जीत) की जरूरत होती है. हालांकि, कभी-कभी 14 अंकों के साथ भी टीमें नेट रन रेट के आधार पर क्वालीफाई कर जाती हैं. 12 अंक यानि (6 जीत) इस स्कोर के साथ केकेआर के लिए क्वालीफाई करना बहुत मुश्किल है. साल 2019 में सनराइजर्स हैदराबाद 12 अंक के साथ क्वालीफाई करने वाली एकमात्र टीम थी.
1. KKR के लिए अब हर मैच 'करो या मरो'
KKR को अभी 9 मैच और खेलने हैं. प्ले-ऑफ की रेस में बने रहने के लिए उन्हें इन 9 में से कम से कम 7 या 8 मैच जीतने होंगे. अब हार की गुंजाइश लगभग खत्म हो चुकी है.
2. नेट रन रेट (NRR) सुधारना होगा
लगातार हार की वजह से KKR का रन रेट काफी नीचे गिर गया है. अगर टीम आने वाले मैच जीतती भी है, तो उन्हें बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी ताकि अंत में मामला रन रेट पर फंसे तो वो पिछड़ न जाएं.
3. टॉप ऑर्डर और वरुण चक्रवर्ती की वापसी
प्ले-ऑफ तक पहुंचने के लिए फिन एलन, अजिंक्य रहाणे और कैमरून ग्रीन के बल्लों से रन निकलना जरूरी है. साथ ही, वरुण चक्रवर्ती को अपनी 'मिस्ट्री' वापस पाकर विकेट चटकाने होंगे, क्योंकि बिना विकेट लिए मैचों में वापसी नामुमकिन है.
रास्ता कठिन है, लेकिन नामुमकिन नहीं. आईपीएल के इतिहास में पहले भी टीमें शुरुआती हार के बाद खिताब तक पहुंची हैं. किंग खान की टीम को अब 'चैंपियंस' की तरह वापसी करनी होगी, वरना प्ले-ऑफ का सपना इस साल भी अधूरा रह सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं