यह ख़बर 20 अगस्त, 2013 को प्रकाशित हुई थी

न्यूजीलैंड के क्रिकेटर जेस्सी राइडर पर लगा छह महीने का प्रतिबंध

खास बातें

  • न्यूजीलैंड के क्रिकेटर जेस्सी राइडर को प्रतिबंधित पदार्थ के लिए पॉजीटिव पाए जाने पर छह महीने के लिए प्रतिबंध की सजा सुनाई गई है। न्यूजीलैंड खेल पंचाट ने यह सजा सुनाई है।
वेलिंगटन:

न्यूजीलैंड के क्रिकेटर जेस्सी राइडर को प्रतिबंधित पदार्थ के लिए पॉजीटिव पाए जाने पर छह महीने के लिए प्रतिबंध की सजा सुनाई गई है। न्यूजीलैंड खेल पंचाट ने यह सजा सुनाई है।

फरवरी 2012 से स्वयं ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर राइडर के बारे में पंचाट ने कहा कि यह क्रिकेटर इस साल मार्च में घरेलू मैच के बाद पॉजीटिव पाया गया।

पंचाट ने कहा है कि राइडर के नमूने में शक्तिवर्धक पीबीए और डीईबीईए के अंश पाए गए हैं और इस बल्लेबाज ने स्वीकार किया है कि उन्होंने मैच से पहले दो सप्लीमेंट गोलियां खाई थी।

अनुशासन संस्था ने हालांकि राइडर का यह पक्ष स्वीकार किया है कि उन्हें नहीं पता था कि इस उत्पाद में प्रतिबंधित पदार्थ शामिल है और उसने इसे इसलिए लिया, क्योंकि वह अपने बढ़ते वजन से परेशान था और इसलिए इसे नहीं लिया कि वह मैदान पर अपने प्रदर्शन में सुधार करना चाहता था।

पंचाट ने कहा कि इस क्रिकेटर ने हालांकि अधिकारियों से यह जानने की कोशिश नहीं की कि सप्लीमेंट वैध है या नहीं जबकि इसके लेबल पर चेतावनी दी गई थी कि इसमें कुछ ऐसे पदार्थ हो सकते हैं, जिन्हें कुछ संगठनों ने प्रतिबंधित किया हुआ है।

इसकी जगह राइडर और उनके ट्रेनर ने इंटरनेट के जरिये जानकारी जुटाई और निष्कर्ष पर पहुंचे कि उत्पाद सुरक्षित है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पंचाट ने कहा कि पेशेवर खिलाड़ी होने के नाते राइडर को संभवत: गैरकानूनी सप्लीमेंट लेने से पहले अधिक सतर्क रहना चाहिए था। पंचाट ने कहा, पंचाट को लगता है कि छह महीने के निलंबन की सजा उचित है। यह प्रतिबंध अप्रैल से लागू होगा, जिसके कारण राइडर अक्तूबर में दोबारा खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे।