India V/S Ireland: क्या सोचा था, क्या हो गया! जो किसी ने नहीं सोचा था, वह हो गया और टी20 फॉर्मेट में दुनिया की नंबर-12 और एसोसिएट्स टीम आयरलैंड ने शुक्रवार को बेल्फर्ट में इतिहास रचते हुए विश्व चैंपियन भारत को 34 रन से हराकर सभी को हैरान कर दिया. यह किसी भी फॉर्मेट में आयरलैंड की भारत के खिलाफ सर्वकालिक पहली जीत रही. निश्चित तौर पर दोनों टीमों के बीच कहीं से कहीं तक कोई मुकाबला नहीं है. और भारत आयरलैंड को 10 में 9 मात देगा, लेकिन यह बचा दसवां मौका दुर्भाग्य से शुक्रवार को पहले ही मैच में आया. वहीं, आयरलैंड के कम से कम 4 पहली पंक्ति के खिलाड़ी भी टीम का हिस्सा नहीं थे, लेकिन इसके बावजूद आयरलैंड ने भारत को मात दी, तो उसके बीच यूं तो कई वजह रहीं, लेकिन आप हार की 5 सबसे बड़ी वजह जान लीजिए.
1. मेजबानों को हल्के में लेना और...
मैच में टीम इंडिया की एप्रोच से साफ लगा कि उन्होंने आयरलैंड को हल्के में लिया. बहुत ज्यादा हद तक आरामतलब और सहज एप्रोच रही, जो फैसलों में भी झलकी. पहले तो भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया, जो उनकी एप्रोच और मनोदशा को बयां करने के लिए काफी है. इसके बाद जब भारत ने आयरलैंड के 4 विकेट 51 रन पर गंवा दिए थे, आरामतलबी तब भी देखी गई. वहीं, साफ दिखाई पड़ा कि तैयारी के लिए बहुत कम समय मिलने और एक नेट सेशन के बाद भारतीय टीम आयरलैंड के हालात और खास कर पिच से खुद को ढालने में नाकाम रही, जबकि आयरिश ने घरेलू हालात का पूरी तरह से फायदा उठाते हुए मुश्किल पलों में घिरने के बावजूद वापसी करते हुए पहले बल्लेबाजी और फिर बाद में पिच के हिसाब से बॉलिंग कर बेहतर एप्रोच का परिचय दिया.
2. कप्तानी का अंतर
भारत की हार में कप्तानी एक बड़ा अंतर रही. भारत के लिए पहली बार कप्तानी कर रहे श्रेयस अय्यर उम्मीद से ज्यादा डिफेंसिव नजर आए. पहले टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का उनका फैसला किसी को समझ नहीं आया, तो फिर बाद में बैटिंग में वह दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके. अय्यर के उलट आयरलैंड के कप्तान लॉरकन टैकर ने तब 36 गेंदों पर अर्द्धशतक जड़कर टीम को ऊर्जा से भरा, जब उनकी टीम ने 3 विकेट 30 रन पर ही गंवा दिए थे. कुल मिलाकर श्रेयस अय्यर ने पहले ही अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत की कप्तानी करने का उत्साह बिल्कुल भी दिखाई नहीं पड़ा. और टी20 में आईपीएल में कप्तानी का लंबा अनुभव होने के बावजूद वह असर नहीं ही दिखा, जो दिखना चाहिए था.
3. गारेथ डेलनी का जोरदार प्रहार
जहां कप्तान टकर ने आयरलैंड को अर्द्धशतक से नई ऊर्जा दी, तो नंबर -6 पर खेलने उतरे गारेथ डेलनी ने प्रचंड प्रहार से करोड़ों भारतीयों को हैरान करते हुए कप्तान की मेहनत को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया. अगर आयरैलंड को 9 विकेट पर 182 का स्कोर मिला, तो इसमें डेलनी का योगदान बहुत ही अहम रहा. और भारतीय बॉलरों का डेलनी का समय रहते विकेट न चटका पाना एक और बड़ी वजह रही, जिसके चलते पहले ही टी20 में भारत को हार का मुंह देखना पड़ा.
4. टॉप ऑर्डर हत्थे से उखड़ा
लेफ्टी अभिषेक शर्मा (50 रन, 20 गेंद, 7 चौके, 2 छ्क्के) ने एक छोर पर सुनामी अंदाज दिखाते हुए अर्द्धशतक तो बनाया, लेकिन पचासा होते ही वह भी निकल गए. वहीं, दूसरी ओर ऊपर के तीन टॉप बल्लेबाज दहाई का भी आंकड़ा नहीं छू सके. संजू सैमसन (5), इशान किशन (1) और श्रेयस अय्यर (3) तीनों ही कुछ ऐसी एप्रोच के साथ खेलते दिखाई पड़े कि मानो वह आईपीएल खेल रहे हों. संजू के पैर नहीं चलते दिखाई पड़े , तो इशान और अय्यर ने बिल्कुल भी हालात या पिच से ढलने की कोशिश नहीं की. इसके बजाय दोनों ने ही अभिषेक की एप्रोच को ही अपनाया. कुल मिलाकर शर्मा को छोड़ कर भारत का टॉप ऑर्डर नाकाम रहा और यह भारत की हार की बड़ी वजह बना.
5. मैट होलार्ड की सुपर बॉलिंग
भले ही आयरलैंड की जीत के बाद कप्तान टकर को उनकी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, लेकिन उसके मीडियम पेसर मैट होलार्ड ने पिच और हालात के हिसाब से बहुत ही शानदार गेंदबाजी की. मिश्रण में वैसा और उसी अनुपात में परिवर्तन किया, जिसकी जरूरत थी. प्रसिद्ध कृष्णा की तरह गेंदों को एकदम स्पिन में तब्दील नहीं किया. इसका फायदा उन्हें मिला और होलार्ड ने इशान किशन, श्रेयस अय्यर और वॉशिंगटन सुंदर के बहुमूल्य विकेट जरूरत के समय चटकाए और यह आयरलैंड की जीत की पांचवीं सबसे बड़ी वजह बना.
यह भी पढ़ें: करियर की पहली ही गेंद पर जयपुर के जय मूंदरा ने उड़ाए सैमसन के होश, बस देखते रह गए संजू
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं