आईपीएल-8 : रोमांचक मुकाबले में पंजाब ने राजस्‍थान रायल्स को हराया, सुपर ओवर में हुआ फैसला


अहमदाबाद : किंग्स इलेवन पंजाब ने रोमांचक की पराकाष्ठा पर पहुंचे आईपीएल मैच में मंगलवार को मुकाबला टाई रहने के बाद राजस्थान रॉयल्स को सुपर ओवर में 9 रन से हरा दिया जो उसकी मौजूदा टूर्नामेंट में पहली हार है।

रॉयल्स ने अजिंक्य रहाणे (74) और कप्तान शेन वाटसन (45) की उम्दा पारियों की मदद से छह विकेट पर 191 रन बनाए जिसके बाद किंग्स इलेवन पंजाब ने भी शॉन मार्श (65) और डेविड मिलर (54) के अर्धशतकों की मदद से यही स्कोर खड़ा किया।

सुपर ओवर में पंजाब ने रॉयल्स को 16 रन का लक्ष्य दिया लेकिन टीम ने पहली तीन गेंदों पर ही छह रन पर अपने दोनों विकेट गंवा दिए।

सुपर ओवर में पंजाब की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी। मार्श और मिलर की जोड़ी एक बार फिर मैदान पर थी जबकि गेंद क्रिस मौरिस के हाथ में थी। मौरिस ने पहली ही गेंद फुलटॉस फेंकी और मिलर चूककर पगबाधा आउट हो गए। ग्लेन मैक्सवेल ने दूसरी गेंद पर एक रन लिया। मार्श ने इसके बाद लगातार तीन चौके मारे जिसमें नोबॉल पर चौका भी शामिल रहा। अगली गेंद खाली गई जबकि अंतिम गेंद पर एक रन बना जिससे रॉयल्स को 16 रन का लक्ष्य मिला।

रॉयल्स की ओर से वाटसन और जेम्स फॉकनर पहले उतरे जबकि गेंद मिशेल जॉनसन ने थामी। जॉनसन ने पहली ही गेंद पर वाटसन को बोल्ड किया। स्टीवन स्मिथ ने अगली नोबॉल पर चौका मारा। अगली गेंद पर एक रन बना। फॉकनर इसके बाद अगली गेंद को चूक गए और क्रीज से बाहर निकल आए जिसके बाद विकेटकीपर रिद्धिमान साहा ने उन्हें स्‍टंप करके पंजाब को दूसरी जीत दिलाई।

रॉयल्स की टीम तीसरी बार टाई मैच का हिस्सा बनी और पिछली दो बार जीतने के बाद इस बार उसे हार झेलनी पड़ी। रॉयल्स की छह मैचों में यह पहली हार है और वह अब भी 10 अंक के साथ शीर्ष पर है। पंजाब की टीम के पांच मैचों में चार अंक हैं।

पंजाब की शुरूआत खराब रही। टीम ने दूसरे ओवर में ही वीरेंद्र सहवाग (01) का विकेट गंवा दिया जो जॉर्ज बैली की जगह टीम की कमान संभाल रहे थे। वह स्मिथ के स्टीक निशाने का शिकार बने।

सलामी बल्लेबाज मुरली विजय (21) ने स्टुअर्ट बिन्नी पर छक्का जड़ा लेकिन वह उस समय भाग्यशाली रहे जब प्रवीण तांबे की गेंद पर करुण नायर ने उनका कैच टपका दिया। विजय ने इसके बाद मौरिस पर भी छक्का जड़ा लेकिन वह रन आउट होकर पवेलियन लौटे। टूर्नामेंट में पहला मैच खेल रहे मार्श ने इस बीच कुछ आकषर्क शॉट खेले। बिन्नी और तांबे पर चौके जड़ने के बाद उन्होंने राहुल तेवतिया पर भी दो चौके मारे।

मैक्सवेल (01) हालांकि एक बार फिर नाकाम रहे और लेग स्पिनर तेवतिया की गेंद पर डीप मिडविकेट पर स्मिथ को कैच दे बैठे जिससे पंजाब का स्कोर तीन विकेट पर 59 रन हो गया।

मार्श ने तेवतिया पर दो छक्कों के साथ 32 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। मिलर ने वाटसन पर छक्के के साथ 13वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया।

मार्श हालांकि तांबे पर छक्का जड़ने की कोशिश में लॉन्‍ग ऑन पर रहाणे को कैच दे बैठे जिससे मिलर के साथ उनकी 58 रन की तूफानी साझेदारी का अंत हुआ। मार्श ने 40 गेंद का सामना करते हुए पांच चौके और तीन छक्के मारे।

पंजाब को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 72 रन की दरकार थी। मिलर ने फॉकनर पर लगातार दो छक्कों के साथ रन गति बढ़ाई। रिद्धिमान साहा (8 गेंद में 19 रन) ने भी मौरिस पर तीन चौके जड़े लेकिन इस तेज गेंदबाज की सीधी गेंद को चूककर बोल्ड हो गए।

मिलर ने हुड्डा पर दो छक्कों के साथ 29 गेंद में 50 रन पूरे किए लेकिन अगली गेंद पर बिन्नी को कैच दे बैठे। उन्होंने 30 गेंद की अपनी पारी में एक चौका और पांच छक्के मारे। इससे पहले रहाणे ने कप्तान वाटसन के साथ पहले विकेट के लिए 95 रन जोड़कर टीम के मजबूत स्कोर की नींव रखी। उन्होंने दीपक हुड्डा (19) के साथ दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 3.3 ओवर में 41 रन भी जोड़े।

ऑरेंज कैप धारक रहाणे शुरू से ही लय में नजर आए। उन्होंने संदीप शर्मा पर चौका जड़ने के बाद मिशेल जॉनसन के लगातार दो ओवरों में दो-दो चौके मारे। वाटसन ने भी अनुरीत सिंह पर चौका जड़ा।

रॉयल्स ने पावर प्ले के छह ओवर में 43 रन जुटाए। वाटसन ने इसके बाद मोर्चा संभाला। उन्होंने ऑफ स्पिनर शिवम शर्मा की लगातार गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का मारा जबकि अक्षर पटेल पर भी लॉन्‍ग ऑफ पर छक्का जड़ा।

अक्षर ने वाटसन को रिद्धिमान साहा के हाथों स्टंप कराके रॉयल्स को पहला झटका दिया। वाटसन ने 35 गेंद की अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के मारे।

रहाणे ने ग्लेन मैक्सवेल पर एक रन के साथ 12वें ओवर में टीम के रनों का सैकड़ा पूरा किया जबकि इसी ओवर में हुड्डा ने दो छक्के जड़कर अपने तेवर दिखाए।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

रहाणे ने अगले ओवर में अनुरीत पर डीप मिडविकेट के उपर से छक्का जड़कर 40 गेंद में लगातार तीसरा अर्धशतक पूरा किया। रहाणे ने शिवम पर भी छक्का मारा लेकिन इस ऑफ स्पिनर ने हुड्डा को बोल्ड कर दिया। हुड्डा ने नौ गेंद में एक चौका और दो छक्के मारे।