विज्ञापन

भारत बनाम अफगानिस्तान एकमात्र टेस्ट: आकिब नबी समेत सात आईपीएल स्टार को मिला टीम इंडिया का बुलावा, नेट्स में बहाएंगे पसीना

मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा आईपीएल फाइनल खेले थे. जबकि मंगलवार को टीम इंडिया का पहला अभ्यास सत्र है. ऐसे में दोनों के लिए अपना शत प्रतिशत देना संभव नहीं होगा.

भारत बनाम अफगानिस्तान एकमात्र टेस्ट: आकिब नबी समेत सात आईपीएल स्टार को मिला टीम इंडिया का बुलावा, नेट्स में बहाएंगे पसीना

जम्मू कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी डार को अफगानिस्तान के खिलाफ छह जून से शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच के लिए भारत के नेट अभ्यास सत्र के लिए चुने गए छह गेंदबाजों में शामिल किया गया है. नबी को इस मैच के लिए टेस्ट टीम में नहीं चुने जाने पर चयन समिति को आलोचना का सामना करना पड़ा था. नबी के अलावा आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलने वाले उत्तर प्रदेश के लेग स्पिनर जीशान अंसारी को भी नेट अभ्यास के लिए बुलाया गया है क्योंकि अफगानिस्तान की टीम में कलाई के स्पिनर होने की संभावना है. नेट अभ्यास के लिए जिन अन्य गेंदबाजों को बुलाया गया है उनमें बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर शिवांग कुमार, बाएं हाथ के तेज गेंदबाज गुरजपनीत सिंह, आईपीएल की खोज तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और ऑफ स्पिनर सारांश जैन शामिल हैं.

नेट गेंदबाज के तौर पर सात गेंदबाजों को बुलावा

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने विज्ञप्ति में कहा,"गुरजपनीत सिंह, आकिब, प्रिंस यादव, सारांश जैन, जीशान अंसारी और शिवांग कुमार टेस्ट मैच की तैयारी में टीम की मदद करने के लिए नेट गेंदबाज के रूप में भारतीय टीम में शामिल किए गए हैं." 

इससे पहले बीसीसीआई के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई को बताया,"आकिब नबी को भारतीय नेट अभ्यास सत्र में शामिल होने के लिए कहा गया है. आकिब ही नहीं पांच अन्य गेंदबाजों को भी नेट अभ्यास के लिए बुलाया गया है. भारतीय टीम के दो प्रमुख तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा सात दिन में आईपीएल के तीन मैच खेलने के कारण नेट अभ्यास में पूरी ताकत नहीं झोंक सकते हैं. बल्लेबाजों को पर्याप्त अभ्यास की जरूरत है."

नबी को नहीं मिली थी टीम इंडिया में जगह

सिराज और प्रसिद्ध दोनों ने क्रमशः धर्मशाला, चंडीगढ़ और अहमदाबाद की यात्रा सहित पांच दिन के अंतराल में आईपीएल का पहला और दूसरा क्वालीफायर तथा फाइनल खेला. नबी ने 60 विकेट लेकर जम्मू कश्मीर को रणजी ट्रॉफी चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी लेकिन भारतीय टीम में उनके बजाय पंजाब के लंबे कद के तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को प्राथमिकता दी गई.

भारतीय टीम के पहले अभ्यास सत्र में आईपीएल फाइनल में खेलने वाले खिलाड़ियों को छोड़कर अन्य सभी खिलाड़ियों के भाग लेने की उम्मीद है. आईपीएल की उपविजेता गुजरात टाइटंस के सात खिलाड़ी (कप्तान शुभमन गिल, बी साई सुदर्शन, गुरनूर बराड़, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, मानव सुथार और वाशिंगटन सुंदर) टेस्ट टीम का हिस्सा हैं.

यह भी पढ़ें: वैभव नंबर-1, रबाडा नहीं इन्हें बताया बेस्ट गेंदबाज, पूर्व स्टार ने किया सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन

यह भी पढ़ें: फुटबॉल इतिहास की सबसे बड़ी चोरी, जब गायब हुई वर्ल्ड कप ट्रॉफी को 'पिकल्स' नाम के कुत्ते ने खोज निकाला

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com