विज्ञापन

एशिया कप ट्रॉफी नहीं लेने पर क्या बोली पाकिस्तान सरकार? बिलबिलाए मंत्री ने ऐसे निकाली खीज

भारतीय महिला टीम ने एशिया कप 2026 के फाइनल में श्रीलंका को 72 रन से हराकर टूर्नामेंट जीता, लेकिन उन्होंने एशियाई क्रिकेट परिषद के मौजूदा अध्यक्ष नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया.

एशिया कप ट्रॉफी नहीं लेने पर क्या बोली पाकिस्तान सरकार? बिलबिलाए मंत्री ने ऐसे निकाली खीज
women's asia cup 2026 final
X (formerly Twitter)

हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने रविवार को एशिया कप फाइनल में श्रीलंका को 72 रन से हराकर रिकॉर्ड आठवीं बार टूर्नामेंट जीता, लेकिन उन्होंने एशियाई क्रिकेट परिषद के मौजूदा अध्यक्ष नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया. नकवी, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष होने के साथ-साथ अपने देश के गृह मंत्री भी हैं. बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बिना किसी हिचक के स्पष्ट कर दिया कि, 'जो हमारे देश के खिलाफ काम कर रहा है, उससे हम ट्रॉफी नहीं ले सकते.' ऐसे में अब खेल के मैदान से लेकर कूटनीति तक लगातार झटके झेल रहा पाकिस्तान भारत पर आरोप लगाकर अपनी भड़ास निकालता नजर आ रहा है.

इससे पहले 2025 में भारतीय पुरुष टीम ने भी एशिया कप जीतने पर नक़वी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था. सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली टीम ने उसी वर्ष हुए पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में नकवी से ट्रॉफी स्वीकार नहीं की थी. मालूम हो कि उस आतंकी हमले में हमारे 26 लोग मारे गए थे.

पुरुष टीम की तरह महिला टीम ने भी पाक को सिखाया सबक

पुरुष टीम को भी अभी तक ट्रॉफी नहीं मिली है. यह दुबई में एसीसी मुख्यालय में बंद पड़ी है और नकवी का कहना है कि केवल वही इसे विजेता टीम को सौंपेंगे. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने 'आईएएनएस' के साथ खास बातचीत में बताया कि पुरुष टीम की तरह ही महिला टीम ने भी मोहसिन से ट्रॉफी लेने से मना कर दिया है.

उन्होंने कहा, 'एशिया कप में ट्रॉफी एक विवादित मुद्दा है. हमारी पुरुष टीम ने एशिया कप जीता था. हालांकि, अप्रैल 2025 की पहलगाम घटना के बाद हालात पूरी तरह बदल गए. इसके बाद देश के नागरिकों का हम पर दबाव था कि हमें पड़ोसी देश के साथ कोई संबंध नहीं रखना चाहिए और न ही उनके साथ क्रिकेट खेलना चाहिए. मगर हमारी सरकार की नीति है कि मल्टीनेशनल टूर्नामेंट में हमें हर देश के खिलाफ खेलना ही होगा. इसी पॉलिसी को फॉलो करते हुए हम मल्टीनेशनल टूर्नामेंट में हर टीम के खिलाफ खेल रहे हैं.'

'भारत के खिलाफ काम करने वालों से नहीं लेंगे ट्रॉफी'

उन्होंने आगे कहा, 'इसी को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई हर मल्टीनेशनल टूर्नामेंट के लिए अपनी टीम भेज रही है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि हम सारी कंडिशंस मान लेंगे. जिस देश के साथ हमारे रिश्ते पहले से खराब हैं और अप्रैल 2025 से और भी ज्यादा बिगड़ गए हैं, इसके साथ ही जिस देश के साथ अभी भी हमारा ऑपरेशन चालू है उस देश के मुख्य लीडर में से एक, जो हमारे देश के खिलाफ काम कर रहा है, उससे हम ट्रॉफी नहीं ले सकते हैं. डेढ़ साल पहले भारतीय पुरुष टीम ने एशिया कप का खिताब जीतने के बाद ट्रॉफी लेने से मना कर दिया था. इसी को जारी रखते हुए हमारी महिला टीम ने भी मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी नहीं लेने का फैसला किया.'

बिलबिलाए पाकिस्तानी मंत्री ने ऐसे निकाली खीज

भारत पर झूठे आरोप लगाने की पाकिस्तान की पुरानी आदत है. इस बीच अब पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए पाकिस्तान के गृह राज्य मंत्री तलाल चौधरी ने कहा कि ट्रॉफ़ी लेने से इनकार करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. जियो न्यूज़ से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इससे भारत की 'कूटनीतिक और सैन्य हार मिट नहीं जाएगी.'उन्होंने कहा, 'खेल भावना मायने रखती है. अगर आपमें वह भावना नहीं है, तो जीत या हार का कोई मतलब नहीं है.' राज्य मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान ने खेलों का 'राजनीतिकरण' नहीं किया है और न ही इसे दोनों देशों के बीच संघर्ष का मुद्दा बनाया है, और वह 'हर विवादास्पद मुद्दे' पर बातचीत के लिए तैयार है.'

फाइनल मुकाबले की बात करें तो रविवार को विमेंस एशिया कप 2026 के फाइनल में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने मौजूदा चैंपियन श्रीलंका को 72 रनों से मात देकर रिकॉर्ड आठवीं बार विमेंस एशिया कप खिताब अपने नाम किया. चैंपियन टीम का प्रदर्शन हर क्षेत्र में शानदार रहा. गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने मिलकर देश को खिताब जीता.

184 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंकाई टीम 111 रनों पर ऑलआउट हो गई, जिसके बाद भारत ने ट्रॉफी उठाई और एक बार फिर एशियाई चैंपियन बना. स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की अर्धशतकीय पारियों और उनके बीच हुई रिकॉर्ड 129 रनों की ओपनिंग साझेदारी के बाद, भारतीय गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया. श्री चरणी ने चार विकेट लिए और दीप्ति शर्मा ने तीन विकेट चटकाए. क्रांति गौड़, शेफाली और प्रेमा रावत ने भी एक-एक विकेट अपने नाम किया.

भारत और श्रीलंका दोनों ही टीमें अपने-अपने ग्रुप में टॉप पर रहते हुए बिना कोई मैच हारे फाइनल में पहुंची थीं. भारत के अभियान में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर मिली रिकॉर्ड जीत भी शामिल थी. वहीं, चामरी अट्टापट्टू की कप्तानी वाली श्रीलंकाई टीम ने सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ मुश्किल जीत हासिल करते हुए खिताबी मैच में अपनी जगह बनाई थी.

ये भी पढ़ें-  'छह हफ्तों तक बैठकर सोना पड़ा,' अफगानिस्तान के स्टार नवीन-उल-हक का छलका दर्द

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Women, Pakistan Women, Sri Lanka Women, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com