यह ख़बर 27 सितंबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

आईसीसी की टी-20 रैंकिंग में भारत तीसरे स्थान पर

खास बातें

  • श्रीलंका में चल रही आईसीसी टी-20 विश्वकप के ग्रुप चरण में इग्लैंड पर बड़ी जीत की बदौलत भारत चार स्थान की छलांग लगाते हुए नवीनतम रिलायंस आईसीसी टी-20 चैम्पियनशिप तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गया।
कोलंबो:

श्रीलंका में चल रही आईसीसी टी-20 विश्वकप के ग्रुप चरण में इग्लैंड पर बड़ी जीत की बदौलत भारत चार स्थान की छलांग लगाते हुए नवीनतम रिलायंस आईसीसी टी-20 चैम्पियनशिप तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गया।

भारत ने ग्रुप (ए) मैच में गत चैम्पियन इंग्लैंड को 90 रन से हराया था, जिससे महेंद्र सिंह धोनी की टीम के 116 रेटिंग अंक हो गए हैं। इस करारी हार के साथ इंग्लैंड एक स्थान खिसकते हुए 124 अंक के साथ दूसरे पायदान पर है। दक्षिण अफ्रीका टी-20 विश्व चैम्पियनशिप की शुरुआत दुनिया की नंबर एक टी-20 टीम के रूप में करेगा।

इस बीच सुरेश रैना टी-20 खिलाड़ियों की रैंकिंग में शीर्ष 10 में शामिल एकमात्र भारतीय हैं। रैना की रैंकिंग में दो स्थान की गिरावट आई है, लेकिन इसके बावजूद वह 730 अंक के साथ पांचवें स्थान पर हैं।

भारत के सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर तीन स्थान के फायदे के साथ 13वें स्थान पर पहुंच गए हैं। न्यूजीलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रैंडन मैकुलम शीर्ष पर बने हुए हैं, जबकि वेस्टइंडीज के क्रिस गेल दूसरे स्थान पर हैं। बांग्लादेश के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास की सर्वाधिक 123 रन की पारी खेलने वाले मैकुलम ने कैरियर के सर्वश्रेष्ठ 849 रेटिंग अंक हासिल किए हैं।

ऑस्ट्रेलिया के शेन वाटसन चार स्थान की छलांग के साथ कैरियर की सर्वश्रेष्ठ तीसरी रैंकिंग पर हैं। आयरलैंड और वेस्टइंडीज के खिलाफ लगातार दो मैन ऑफ द मैच जीतने वाले वाटसन ने कैरियर के सर्वाधिक 758 रेटिंग अंक भी जुटाए हैं।

एशिया के बल्लेबाजों को बल्लेबाजी रैंकिग में सबसे अधिक फायदा हुआ है। श्रीलंका के कुमार संगकारा तीन स्थान के फायदे के साथ शीर्ष 10 में शामिल हो गए हैं। वह आठवें स्थान पर हैं। इसके अलावा विराट कोहली (10 स्थान का फायदा), 19वें, रोहित शर्मा (12 स्थान का फायदा) 26वें, नासिर जमशेद (51 स्थान का फायदा) 32वें, साकिब अल हसन (29 स्थान का फायदा) 37वें और इमरान नजीर (42 स्थान का फायदा) 43वें स्थान पर हैं।

भारत का कोई भी गेंदबाज शीर्ष 10 में शामिल नहीं। पाकिस्तान के सईद अजमल, इंग्लैंड के ग्रीम स्वान और श्रीलंका के अजंता मेंडिस की स्पिन तिकड़ी गेंदबाजी रैंकिंग में पहले तीन स्थान पर चल रही है।

टीम में वापसी करने वाले ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने शीर्ष 20 में जगह बना ली है। वह पांच स्थान के फायदे से 17वें स्थान पर हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 12 रन देकर चार विकेट चटकाए थे, जो टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत की ओर से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

आयरलैंड और वेस्टइंडीज के खिलाफ आलराउंड प्रदर्शन की बदौलत वाटसन आलराउंडरों की सूची में शीर्ष पर बने हुए हैं। पाकिस्तान के कप्तान मोहम्मद हफीज दूसरे स्थान पर हैं।