विज्ञापन

IND vs WI: 'यह मेरे लिए पूरी दुनिया', सैमसन ने दिल से बयां की पारी-क्यों वेरी-वेरी स्पेशल बन गए ईडेन के नाबाद 97 रन

India vs West Indies, Sanju Samson's statement: अगर यह कहा जाए कि सैमसन ने अपने करियर की सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ पारी खेल ली है, तो यह गलत नहीं ही होगा. टीम को जिताकर नाबाद लौटने वाले सैमसन के शब्दों में यह एकदम साफ है

IND vs WI: 'यह मेरे लिए पूरी दुनिया', सैमसन ने दिल से बयां की पारी-क्यों वेरी-वेरी स्पेशल बन गए ईडेन के नाबाद 97 रन
ICC Men's T20 World Cup 2026: संजू ने करियर की सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ पारी खेल ली है
X: social Media

T20 World Cup 2026 में रविवार को ईडेन गॉर्डन में भारत और विंडीज (India vs West Indies) के बीच खेला गया 'अघोषित क्वार्टरफाइनल' मुकाबला पूरी तरह से 'संजू सैमसन सुपर शो' में तब्दील हो गया. वास्तव में यह किसी भी बल्लेबाज के लिए एक ऐसी पारी रही, जो करियर में एक या दो बार ही खेली जाती है. और बहुत बल्लेबाजों को तो नसीब भी नहीं होती. और जीत के बाद संजू ने जिस तरह इस पारी को लेकर विचार सामने रखे, वह साफ बयां कर गया कि यह उनके करियर की अभी तक की सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ पारी है.  टीम इंडिया को 5 विकेट से जीत दिलाकर नाबाद लौटे संजू ने प्रेजेंटर आकाश चोपड़ा के सवाल इस पारी के आपके लिए क्या मायने हैं?, पर कहा, यह मेरे लिए वास्तव में पूरी दुनिया के बराबर है. मुझे लगता है कि जिस दिन से मैंने खेलना शुरू किया, देश के लिए खेलने का सपना देखना शुरू किया, मुझे लगता है कि यही वह पारी है जिसका मैं इंतज़ार कर रहा था.'

उन्होंने कहा, मेरी यात्रा बहुत ही स्पेशल थी. इसमें बहुत ज्यादा उतार-चढ़ाव रहे. मैं खुद पर संदेह करता रहा, सोचता रहा कि क्या मैं ऐसा कर पाऊंगा, लेकिन मैं आज का यह दिन मुझे देने के लिए ईश्वर का शुक्रगुजार हूं.' पारी को लेकर एप्रोच के सवाल पर संजू ने कहा, 'मैं इस फॉर्मेट में पिछले कई सालों से खेल रहा हूं.  मैं लगभग 10 से 12 साल से IPL खेल रहा हूँ और पिछले 10 सालों से देश के लिए खेल रहा हूं. मेरा मतलब खेल नहीं रहा था, लेकिन डगआउट से देख रहा था.'

सैमसन बोले, 'खेल के महान विराट कोहली, रोहित शर्मा और एमएस धोनी से बहुत ज्यादा सीखा है. मुझे लगता है कि यह देखना और सीखना बहुत महत्वपूर्ण रहा है कि वे क्या कर रहे थे.उस अनुभव ने वास्तव में मेरी मदद की. मैंने शायद केवल 50, 60 मैच खेले होंगे, लेकिन मैंने लगभग 100 मैच देखे हैं. मैंने देखा है कि महान बल्लेबाज मैच को कैसे खत्म करते हैं और वे हालात के अनुसार अपने खेल को कैसे बदलते हैं.'

पारी की शुरुआत कर अंत तक नाबाद रहे सैमसन ने कहा, 'पिछले मैच में हम पहले बल्लेबाजी कर रहे थे, तो सारा ध्यान एक बहुत बड़ा स्कोर खड़ा करने पर था. इसीलिए मैं पहली ही गेंद से बड़े शॉट खेलना चाहता था, लेकिन यह मैच बिल्कुल अलग था. जैसे ही मैं थोड़ा तेज़ खेलना चाहता था, हम विकेट खो रहे थे. इसलिए मैं एक साझेदारी बनाना चाहता था और अपनी प्रक्रिया पर ध्यान केंद्रित करना चाहता था. मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं ऐसा कुछ खास करूँगा, लेकिन मैं बस अपनी भूमिका पर ध्यान दे रहा था और एक बार में एक ही गेंद पर ध्यान लगा रहा था.मैं बहुत आभारी हूं. मुझे लगता है कि यह मेरे जीवन के सबसे महान दिनों में से एक है'

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com