West Indies vs India, 1st Test, Day 3: डोमिका में मेजबान विंडीज और भारत के बीच शुक्रवार को तीन दिन में ही खत्म हुए पहले टेस्ट में मेहमान भारतीय टीम ने विंडीज को पारी और 141 रन से रौंदकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली. और इसके लिए पूरी तरह से जिम्मेदार पहली पारी में पांच विकेट चटकाने वाले रविचंद्रन अश्विन रहे, जिन्होंने दूसरी पारी में सात विकेट चटकाए और मेजबान टीम को बहुत ही अपमानजनक हार झेलने पर मजबूर कर दिया. भारत ने जब दूसरे सेशन में कुछ ओवर खेलने के बाद पारी घोषित की, तो विंडीज टीम को पारी की हार से बचने के लिए 271 रन का कर्ज उतारना बाकी था, लेकिन पहली पारी में 150 पर ढेर होने वाले विंडीज के लिए यह कर्ज बहुत ही ज्यादा बड़ा साबित हुआ. एक बार तेजनारायण चंद्रपाल (7) को अश्विन ने पवेलियन क्या भेजा कि विंडीज बल्लेबाजों का एक के बाद करके पवेलियन जाना शुरू हो गया. और अगले लगभग डेढ़ सेशन के भीतर विंडीज टीम दूसरी पारी में 130 रन पर ऑलआउट हो गयी. अश्विन के सात विकेट के अलावा जडेजा ने दो और सिराज ने एक विकेट लिया. मैच में 171 रन बनाने वाले प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
भारत vs विंडीज स्कोरबोर्ड
भारत ने दूसरे सेशन में कुछ ओवर खेलने के बाद अपनी पहली पारी 5 विकेट पर 421 रन पर घोषित कर दी. इस तरह उसने पहली पारी में 150 पर सिमटने वाली मेजबान वेस्टइंडीज के खिलाफ 271 रनों की अहम बढ़त हासिल कर ली. पारी घोषित होने से साफ था कि लंच के बाद बैटिंग करने के पीछे मैनेजमेंट की रुचि विराट कोहली के शतक में थी, लेकिन कोहली लंच के स्कोर में चार और रन जोड़कर आउट हो गए. इसके बाद कप्तान रोहित ने पारी घोषित करने में ज्यादा समय नहीं लिया. इस समय रवींद्र जडेजा 37 और इशान किशन 1 रन बनाकर खेल रहे थे. विंडीज के लिए केमार रोच, अल्जारी जोसेफ, कोर्नवाल, वारिकन और अथांजे ने एक-एक विकेट लिया.
पहले सेशन में मेहमान भारतीय टीम ने लंच के समय चार विकेट खोकर 400 रन बनाए. इस समय कोहली 72 और जडेजा 21 रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए थे. इस समय तक भारत ने पहली पारी में कुल ढाई सौ रन की बढ़क हासिल करते हुए विंडीज पर अपना शिकंजा और कस दिया था. तीसरे दिन भारत ने दो दो विकेट पर 312 रन से आगे खेलना शुरू किया और दोनों नाबाद बल्लेबाजों यशस्वी जायसवाल और विराट कोहली ने उसी एप्रोच से शुरुआत की, जहां उन्होंने दूसरे दिन खत्म किया था. दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 110 रन की साझेदारी की, लेकिन जब लग रहा था कि जायसवाल पहले ही टेस्ट में दोहरा शतक जड़ने की राह पर हैं, तो उन्हें अल्जारी जोसेफ ने विकेट के पीछे लपकवा दिया, तो अजिंक्य रहाणे (3) भी जल्द आउट हो गए, लेकिन यहां से लंच तक जडेजा और विराट ने और कोई नुकसान नहीं होने दिया.
दूसरे दिन भारत ने अपनी पहली पारी में दिन का खेल खत्म होने पर 2 विकेट पर 312 रन बनाकर विंडीज पर शिकंजा कस लिया था. इस समय तक भारत के पास 162 रन की मजबूत बढ़त हो चुकी है. पहले ही टेस्ट में शतक बनाने वाले लेफ्टी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल 143 और पूर्व कप्तान विराट कोहली 36 रन बनाकर पिच पर जमे हुए थे.
मेजबान वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था. मैच में खेल रही दोनों देशों की फाइनल XI इस प्रकार रहीं:
भारत: 1. रोहित शर्मा (कप्तान) 2. यशस्वी जायसवाल 3. शुभमन गिल 4. विराट कोहली, 5. अजिंक्य रहाणे 6. रवींद्र जडेजा 7. इशान किशन 8. आर. अश्विन 9. शार्दूल ठाकुर 10. जयदेव उनाडकट11. मोहम्मद सिराज
वेस्टइंडीज: 1, क्रेग ब्रैथवेट (कप्तान) 2, तेजनारायण चंद्रपॉल 3. रेमन रीफर 4, जर्मेन ब्लैकवुड 5. एलिक अथानाज़ 6. जोशुआ डा सिल्वा (विकेट कीपर) 7. जेसन होल्डर 8. केमार रोच 9. अल्ज़ारी जोसफ 10. रकीम कोर्नवाल 11. जोमेल वारिकन|
West Indies vs India, 1st Test Live Cricket Score, Commentary
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं