Sonal Dinusha V/S India: कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में पिछले टेस्ट में इतिहास रचने से चूक गए छोटे कद के लेफ्टी बल्लेबाज सोनल दिनुषा (Sonal Dinusha) दूसरे टेस्ट की पहली पारी में एक बार फिर से लंगर डालते हुए अर्द्धशतक जड़ दिया है, जो उनका सीरीज में लगातार तीसरी अर्द्धशतकीय पारी है. गॉल में दिनुषा ने पहली पारी में 100 और दूसरी पारी में 84 रन बनाए थे और वह भारत के खिलाफ अपने पहले ही टेस्ट की दोनों पारियों में शतक बनाने वाले पहला श्रीलंकाई बल्लेबाज बनने से चूक गए थे. लेकिन दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन 85 रन पर नाबाद दिनुषा भारत के खिलाफ लगातार दूसरे टेस्ट में शतक बनाने के एकदम नजदीक हैं. वर्तमान में वह सीरीज में देवदत्त पडिक्कल के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने हुए हैं, तो वहीं उनका एक ऐसा रूप भी सामने आया है, जो साबित करता है कि वह एक अच्छे व्हाइट-बॉल बल्लेबाज भी हैं. रिकॉर्ड तो अपनी जगह हैं, जो बनेंगे ही बनेंगे, लेकिन पिछले दो टेस्ट में सोनल ने दो अहम प्वाइंट साबित किए हैं.
नंबर-6, 7 के धाकड़ बल्लेबाज, बॉलरों पर सवाल?
तुलनात्मक रूप से कम अनुभवी सोनल दिनुषा का सीरीज में बल्ला तब बोला, जब टीम को सबसे ज्यादा जरूर थी, या मुश्किल में थी. गॉल में दिनुषा ने नंबर-5 शतक और 74 रन बनाए, तो फिर से कोलंबो में वह नंबर-7 पर पिच से चिपक गए. दिनुषा भारत के खिलाफ करियर के अपने शुरुआती दो टेस्ट में लगातार 3 अर्द्धशतक बनाने वाले सिर्फ दूसरे श्रीलंकाई बल्लेबाज हैं. उनसे पहले रॉय डायस ने 1982 में भारत के खिलाफ अपनी शुरुआती लगातार तीन पारियों में अर्द्धशतक जड़े थे.
उनकी बैटिंग को देखकर बड़ी संख्या में फैंस ने कहा कि दिनुषा ने भारतीय बॉलरों को एक्सपोज कर दिया. न तो पिछले मैच में दस विकेट चटकाने वाले मानव ही उन पर कोई असर डाल सके, तो लेफ्टी बल्लेबाज के विपरीत गेंद घुमाने वाले सारांश जैन भी बेसर रहे.
व्हाइट-बॉल फॉर्मेट के लिए बड़ा मैसेज
दिनुषा ने श्रीलंका मैनेजमेंट को इस सीरीज से संदेश दिया कि वह भले ही रेड-बॉल खेल रहे हों, लेकिन वह व्हाइट-बॉल में भी जल्द ही दस्तक देने के लिए तैयार हैं. अभी तक देश के लिए एक भी व्हाइट-बॉल मैच न खेले दिनुषा ने इसका सबूत स्लॉग स्वीप शॉट के जरिए दिया.
दिनुषा का यह शॉट बहुत कुछ कहता है!
दिनुषा ने सीरीज में कुल 9 बार स्लॉग स्वीप शॉट खेले. और इन नौ शॉटों से उन्होंने 32 रन बनाकर दिखा दिया कि उन्हें बड़े और व्हाइट-बॉल शॉट खेलना बखूबी आता है. इन शॉटों के दौरान वह एक बार भी आउट नहीं हुए और उनका स्ट्राइक रेट 355.55 का रहा. इसमें 1 चौका और खास तौर पर जड़े 4 छक्के बताने के लिए काफी हैं कि अगर उन्हें मौका मिला, तो व्हाइट-बॉल फॉर्मेट में भी उनका बल्ला इसी अंदाज में बोलेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं