विज्ञापन
8 years ago
नई दिल्ली:

ऑस्‍ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस (10 रन देकर चार विकेट) की दूसरी पारी की जोरदार गेंदबाजी ने मेलबर्न टेस्‍ट को रोमांचक बना दिया है. हालांकि भारतीय टीम का पलड़ा अभी भी मजबूत है. बॉक्सिंग डे टेस्‍ट के तीसरे दिन, आज भारत के 443 रन (पारी घोषित ) के जवाब में ऑस्‍ट्रेलिया की पहली पारी महज 151 रन ( 66.5 ओवर) पर सिमट गई थी. जसप्रीत बुमराह ने ऑस्‍ट्रेलियाई बल्‍लेबाजों की कड़ी परीक्षा लेते हुए 33 रन देकर छह विकेट लिए. ऑस्‍ट्रेलिया के लिए 22-22 रन बनाने वाले मार्कस हैरिस और कप्‍तान टिम पेन टॉप स्‍कोरर रहे. पहली पारी के आधार पर भारतीय टीम को 292 रन की विशाल बढ़त हासिल हुई. हर किसी को लग रहा था कि कप्‍तान विराट कोहली ऑस्‍ट्रेलिया को फॉलोआन देकर पारी के अंतर से यह मैच जीतना चाहेंगे, लेकिन भारतीय टीम प्रबंधन ने फॉलोआन नहीं देते हुए दूसरी पारी खेलने का आश्‍चर्यजनक फैसला किया. यह फैसला भारतीय टीम को भारी पड़ता नजर आ रहा है. तीसरे दिन स्‍टंप के समय भारत की दूसरी पारी का स्‍कोर 5 विकेट पर 54  रन था. मयंक अग्रवाल 28  और ऋषभ पंत 6 रन बनाकर क्रीज पर थे. राहत की बात यही है कि भारतीय टीम की कुल बढ़त 346 रन तक पहुंच चुकी है और विकेट की असमान उछाल के कारण चौथी पारी में इतना स्‍कोर बनाना मेजबान टीम के लिए आसान नही होगा. गौरतलब है कि भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 7 विकेट पर 443 रन बनाकर घोषित की थी. टीम इंडिया के इस विशाल स्‍कोर में जहां चेतेश्‍वर पुजारा ने शतक जमाया था, वहीं मयंक अग्रवाल, कप्‍तान विराट कोहली और रोहित शर्मा अर्धशतक बनाने में कामयाब रहे थे. चार टेस्‍ट मैचों की सीरीज में दोनों टीमें इस समय 1-1 की बराबरी पर हैं. भारतीय टीम ने एडिलेड में हुए पहले टेस्‍ट में जीत हासिल की थी लेकिन ऑस्‍ट्रेलिया ने पलटवार करते हुए पर्थ टेस्‍ट जीतकर मामला बराबर कर दिया था.

 

 

India vs Australia, 3rd Test, Day 3 

पूरी स्टोरी पढ़ें

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Ind Vs Aus 3rd Test Live, Ind Vs Aus 3rd Test, India Vs Australia
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com