भारत-श्रीलंका के बीच कोलंबो में चल रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट के दौरान श्रीलंका के स्पिनर प्रभात जयसूर्या तीसरे खिलाड़ी बने, जिन पर आईसीसी ने एक्शन लिया है. जयसूर्या को खिलाड़ियों और खिलाड़ियों के सहयोगी स्टाफ़ के लिए ICC आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया है. उनसे पहले भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और श्रीलंकाई तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो पर आईसीसी की गाज गिरी थी.
जयसूर्या को खिलाड़ियों और खिलाड़ियों के सहयोगी स्टाफ़ के लिए ICC आचार संहिता के आर्टिकल 2.2 का उल्लंघन करते हुए पाया गया है. यह नियम "अंतर्राष्ट्रीय मैच के दौरान 'क्रिकेट उपकरण या पोशाक को नुकसान पहुंचाने' से संबंधित है. उन्हें आधिकारिक तौर पर फटकार लगाई गई और उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट जोड़ा गया है. बीते 24 महीनों की अवधि में जयसूर्या का यह पहला अपराध है.
यह घटना मैच के दूसरे दिन की आखिरी गेंद पर हुई थी, जब भारतीय स्पिनर मानव सुथार की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट होने के बाद जयसूर्या ने पवेलियन लौटते समय बाउंड्री पर अपना बल्ला पटका था. जयसूर्या ने अपना अपराध स्वीकार किया और मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट द्वारा प्रस्तावित सज़ा को भी मान लिया. मैदान पर मौजूद अंपायर अहसान रज़ा और शरफुद्दौला इब्ने शाहिद, तीसरे अंपायर रॉड टकर और चौथे अंपायर प्रगीथ रामबुकवेला ने यह आरोप लगाया.
इससे पहले, मैच के पहले दिन हुई घटना में शामिल होने के कारण यशस्वी जायसवाल और असिता फर्नांडो पर मैच फीस का 25% जुर्माना लगाया गया था.यह घटना भारत की पहली पारी के 17वें ओवर में हुई, जब फर्नांडो ने जायसवाल को आउट किया. भारतीय बल्लेबाज़ फर्नांडो की ओर बढ़े और दोनों के बीच कुछ बातचीत हुई, जिसके बाद फर्नांडो ने अपना सिर जायसवाल की ओर बढ़ाया. इसके जवाब में जायसवाल भी आगे झुके, जिससे दोनों के सिर आपस में टकरा गए. इस झड़प के लिए भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और श्रीलंकाई तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया और उनके खाते में एक-एक डिमैरिट अंक भी जोड़ा गया था.
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी ने 4 गेंद में झटके 2 विकेट, बल्लेबाजी में फ्लॉप होने के बाद गेंद से बरपाया कहर
यह भी पढ़ें: IND vs SL 2nd Test: पिच 'पिघलने' लगी, मानव सुथार कर पाएंगे यह कमाल? 148 साल में सिर्फ 4 गेंदबाजों के नाम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं