विराट कोहली ने विंडीज के खिलाफ रविवार को तिरुवनंतपुरम में जो ऐतिहासिक शतक जड़ा, उसकी गूंज पूरे विश्व क्रिकेट जगत तक पहुंची है. और पड़ोसी पाकिस्तानी पूर्व दिग्गज भी कोहली के फैन बन गए हैं. पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर और कप्तान रह चुके कामरान अकमल ने आधुनिक दौर के हिसाब से खुद को ढालने और लगातार सुधार करने की कोहली की क्षमता पर विशेष रूप से जोर देते हुए उनके प्रदर्शन और करियर के सफर का आंकलन करते हुए भारतीय पूर्व कप्तान की जमकर प्रशंसा की.
'अब पहले जैसी बैटिंग नहीं करते कोहली'
द क्रिकेट न्यूज़ के हवाले से अकमल ने कहा, 'बात बिल्कुल यही है. जुनून, प्रतिबद्धता और समय के साथ आधुनिक युग के मुताबिक खुद को विकसित करना ही उनकी महानता है. वह किसी एक दायरे में बंधे नहीं हैं. वह अब उस तरह से बल्लेबाजी नहीं करते जैसे उन्होंने टीम में आने के ठीक शुरुआती दिनों में की थी.' अकमल ने इस बात पर भी रोशनी डाली कि कैसे कोहली ने खुद को किसी एक बल्लेबाजी शैली तक सीमित रखने से इनकार कर दिया, बल्कि आधुनिक क्रिकेट की मांगों को पूरा करने के लिए साल-दर-साल अपने खेल को विकसित किया.
अकमल ने गिना दिए तमाम पहलू
अकमल ने कहा, 'हर साल, उन्होंने खुद को विकसित करना, निखारना और आगे बढ़ाना जारी रखा है, और खेल के हर एक पहलू में खुद को तराशा है. उनकी पेशेवर रवैये (प्रोफेशनलजिम) को देखिए उनके जुनून को देखिए, उनकी फिटनेस को देखिए, उनके कौशल को देखिए, उनके प्रदर्शन को देखिए, मैच जिताने वाली उनकी पारियों को देखिए, मैचों को फिनिश करने की उनकी काबिलियत को देखिए, मानसिक मजबूती और खेल की समझ को देखिए. ऐसा कौन सा क्षेत्र है जिसमें वह किसी भी युवा खिलाड़ी से कम रहे हों? मुझे एक बात बताइए.'
स्ट्राइक रेट गजब का कोहली का
तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए मुकाबले में विराट कोहली ने 88 गेंदों पर नाबाद 139 रनों की शानदार पारी खेली. उनकी इस पारी में 10 चौके और 9 छक्के शामिल रहे और उनका स्ट्राइक रेट 157.95 का था. वेस्टइंडीज के 295/7 के जवाब में कोहली की इस पारी ने भारत को 41.4 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 300 रन का लक्ष्य हासिल करने में मदद की. यह उनके वनडे करियर का 55वां शतक था, जिससे इस फॉर्मेट में सचिन तेंदुलकर के 49 शतकों के रिकॉर्ड पर उनकी बढ़त और मजबूत हो गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं