Fatima Sana Created History: पाकिस्तानी महिला क्रिकेट टीम की कप्तान फातिमा सना (Fatima Sana) ने इतिहास रच दिया है. वह महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बन गई हैं. खास मामले में उन्होंने किसी और को नहीं बल्कि न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम की दिग्गज बल्लेबाज सोफी डिवाइन (Sophie Devine) को पीछे छोड़ा है. डिवाइन ने भारत के खिलाफ 18 गेंदों में फिफ्टी जमाई थी. मगर बीते कल (15 मई 2026) जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट के खिलाफ कराची में महज 15 गेंदों में अर्धशतक जमाते हुए फातिमा सना ने यह वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.
महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक जमाने वाली चुनिंदा बल्लेबाज
15 गेंद - फातिमा सना (पाकिस्तान) - बनाम जिम्बाब्वे
18 गेंद - सोफी डिवाइन (न्यूजीलैंड) - बनाम भारत
18 गेंद - फोएबे लिचफील्ड (ऑस्ट्रेलिया) - बनाम वेस्टइंडीज
18 गेंद - ऋचा घोष (भारत) - बनाम वेस्टइंडीज
फातिमा पाकिस्तान की तरफ से T20I क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाली बनीं पहली खिलाड़ी
यहीं नहीं फातिमा सना पाकिस्तान की तरफ से महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में मिलाकर पाकिस्तान की तरफ से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाली पहली खिलाड़ी बन गई हैं. उनसे पहले यह विशेष उपलब्धि शोएब मलिक के नाम दर्ज थी. जिन्होंने 2021 में स्कॉटलैंड के खिलाफ 18 गेंदों में अर्धशतक जमाया था. मगर फातिमा ने 15 गेंदों में फिफ्टी जमाते हुए उन्हें पीछे छोड़ दिया है.
T20I क्रिकेट में पाकिस्तान की तरफ से सबसे तेज अर्धशतक जमाने वाले खिलाड़ी
15 गेंद - फातिमा सना - बनाम जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम - 2026
18 गेंद - शोएब मलिक - बनाम स्कॉटलैंड पुरुष क्रिकेट टीम - 2021
20 गेंद - शादाब खान - बनाम दक्षिण अफ्रीका पुरुष क्रिकेट टीम - 2022
20 गेंद - इफ्तिखार अहमद - बनाम न्यूजीलैंड पुरुष क्रिकेट टीम - 2023
फातिमा ने 19 गेंदों में खेली 62 रनों की नाबाद अर्धशतकीय पारी
जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ छठवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए फातिमा सना का बल्ला पिछले मुकाबले में खूब चला. टीम के लिए उन्होंने कुल 19 गेंदों का सामना किया. इस बीच 326.31 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 62 रन बनाने में कामयाब रहीं. इस दौरान उनके बल्ले से क्रिकेट प्रेमियों को 10 चौके और दो खूबसूरत छक्के देखने को मिले.
पाकिस्तान महिला टीम को मिली जीत
बात करें मैच के परिणाम के बारे में तो कराची में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तानी महिला टीम 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 223 रन बनाने में कामयाब हुई थी. छठवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए फातिमा ने सर्वाधिक नाबाद 62 रन बनाए. उनके अलावा तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए सायरा जबीन ने 32 गेंद में 50, जबकि पारी का आगाज करते हुए आयशा जफर ने 28 गेंदों में 45 रनों का योगदान दिया.
विपक्षी टीम की तरफ से जीत के लिए मिले 224 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की महिला टीम 17.1 ओवरों में 90 रनों पर ढेर हो गई. पारी का आगाज करते हुए केलिस न्धलोवु ही कुछ देर तक विपक्षी टीम के गेंदबाजों का सामना कर पाईं. टीम के लिए उन्होंने 13 गेंदों में 32 रन बनाए. मगर वह भी जीत नहीं दिला सकीं और टीम को 133 रनों के बड़े अंतर से शिकस्त का सामना करना पड़ा.
यह भी पढ़ें- LSG के खिलाफ मिली हार के बाद भी टेंशन में नहीं हैं ऋतुराज गायकवाड़, CSK को प्लेऑफ में कैसे मिलेगी एंट्री? बताया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं