इंग्लैंड के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान का बल्लेबाजी संकट एक असाधारण मोड़ पर पहुंच गया है. तीन टेस्ट मैचों के बाद पूरी पाकिस्तानी टीम मिलकर जितने रन बनाए हैं, वो पिछले साल इंग्लैंड में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में अकेले शुभमन गिल द्वारा बनाए गए 754 रनों से अब भी 11 रन कम है. गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ भारत के पांच टेस्ट मैचों के अभियान को 754 रनों के साथ समाप्त किया था और खुद को उस श्रृंखला के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में स्थापित किया था. वहीं, दूसरी ओर पाकिस्तान की टीम पहले दो टेस्ट और एजबेस्टन में तीसरे टेस्ट की पहली पारी को मिलाकर कुल 743 रन ही बना सकी है. बुधवार को केवल 133 रनों पर ऑलआउट होने के बाद पाकिस्तान एक ऐसे आंकड़े के बेहद करीब पहुंच गया है जिसे कोई भी टीम अपने नाम नहीं करना चाहेगी.
गहराता पाकिस्तान का बल्लेबाजी संकट
यह असफलता पाकिस्तान क्रिकेट के लिए बेहद उथल-पुथल भरे समय में आई है. हेडिंग्ले और लॉर्ड्स में मिली हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टेस्ट टीम में बड़े बदलाव किए थे. और सात खिलाड़ियों को टीम से बाहर कर दिया गया और कोचिंग स्टाफ को भी बर्खास्त कर दिया गया था. हालांकि, इन बदलावों का एजबस्टन टेस्ट में कोई खास असर देखने को नहीं मिला। टॉस के वक्त जब पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम से पूछा गया कि ऐसे कठिन समय में टीम की कप्तानी करना कितना मुश्किल रहा, तो उन्होंने कहा कि इसका उन पर कोई असर नहीं पड़ा है.
बाबर ने कहा, 'मुश्किल नहीं है. हां, इसके बाद हमने कुछ बदलाव किए, लेकिन मुझे लगता है कि यह नए लड़कों के लिए अच्छा मौका है और हम इस मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश कर रहे हैं.' हालांकि, मैच के पहले ही सत्र ने यह साफ कर दिया कि पाकिस्तान की समस्याएं कम नहीं हुई हैं.
शीर्ष क्रम का एक और समर्पण
. जोफ्रा आर्चर ने डेब्यू कर रहे अज़ान ओवैस को आउट किया, जिसके बाद अब्दुल्ला शफीक भी रॉबिन्सन का शिकार बने. इसके बाद शान मसूद खराब शॉट खेलकर आर्चर की गेंद पर मिड-विकेट पर कैच आउट हो गए.
पहले दिन का हाल, पाकिस्तान बेहाल
इसके बाद जॉश टंग ने मोर्चा संभाला और लंच से पहले बाबर आजम के साथ-साथ पदार्पण कर रहे गाजी गोरी और इमरान रंधावा को पवेलियन भेज दिया. दोपहर के सत्र में रज़ाउल्लाह खान 11 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद केवल सऊद शकील ही संघर्ष करते नजर आए. लॉर्ड्स में 97 रनों की पारी खेलने वाले सऊद शकील 43 रन बनाकर पाकिस्तान के सर्वोच्च स्कोरर रहे. उन्हें टंग की एक बेहतरीन इनस्विंगर ने बोल्ड किया. इंग्लैंड की ओर से जोफ्रा आर्चर ने 25 रन देकर 3 विकेट, ओली रॉबिन्सन ने 11 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट और जॉश टंग ने 42 रन देकर 4 विकेट लिए.
इंग्लैंड पहले दिन ही बढ़त पर
इसके बाद इंग्लैंड ने पहली पारी में बढ़त बनाई. बेन डकेट 11 रन बनाकर मोहम्मद अली का शिकार बने, जबकि जॉर्डन कॉक्स 4 रन बनाकर मोहम्मद अब्बास की गेंद पर आउट हुए. लेकिन एमिलियो गे और हैरी ब्रूक दोनों ने अर्धशतक जमाकर इंग्लैंड को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. स्टंप्स तक मेजबान टीम ने 4 विकेट पर 156 रन बनाकर 23 रनों की बढ़त हासिल कर ली.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं