विज्ञापन
This Article is From Feb 24, 2015

गेल का तूफ़ान और धोनी की फ़िक्र

नई दिल्‍ली:

नई दिल्‍ली : कैनबरा में आज क्रिस गेल का तूफ़ान चला। जिंबाब्वे पर मानों गेल के रनों और रिकॉर्ड की बरसात ही काफ़ी नहीं थी। मैदान पर बारिश भी आई और ज़िंबाब्वे को डकवर्थ लुईस नियम का सामना करना पड़ा। लेकिन इन सब के बावजूद ज़िंबाब्वे ने जमकर मुक़ाबला किया और लक्ष्य से 73 रन पीछे पूरी टीम ढेर हो गई।

वेस्टइंडीज़ ने उन्हें लक्ष्य तो 373 रनों का दिया था लेकिन डकवर्थ लुईस नियम के तहत उन्हें 48 ओवर में 363 रन बनाने की नई चुनौती मिली थी। जिंबाब्वे की टीम 44.3 ओवर में 289 रन बनाने में कामयाब हो गई थी। जिंबाब्वे की तरफ से सीन विलियम्स ने सबसे ज़्यादा 76 और क्रैग अर्वाइन ने 52 रनों का योगदान दिया।

इससे पहले सुबह वेस्टइंडीज़ के कप्तान जेसन होल्डर ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया। जल्दी ही कैनबरा में गेल स्टॉर्म आ गया। गेल ने 51 गेंदों पर 50, 105 गेंदों पर 100, 126 गेंदों पर 150 और 138 गेंदों पर दोहरा शतक ठोक डाला। उन्होंने 147 गेंदों पर 215 रन बनाए। गेल ने अपनी पारी में 10 चौके और 16 छक्के मारे। इस दौरान रनों के साथ-साथ रिकॉर्ड की बरसात होती रही।

35 साल के क्रिस्टोफ़र हेनरी गेल वर्ल्ड कप में दोहरा शतक बनाने वाले पहले खिलाड़ी बने। वर्ल्ड कप में सबसे बड़े स्कोर 188 का रिकॉर्ड गैरी कर्स्टन के नाम था। गैरी कर्स्टन ने 1996 में संयुक्त अरब अमीरात के ख़िलाफ़ 188 नाबाद रनों की पारी खेली थी। क्रिस गेल ने 16 छक्कों के साथ एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के मारने में रोहित शर्मा और एबी डिविलियर्स की बराबरी भी की।

उन्होंने मार्लन सैमुअल्स के साथ 372 रनों की साझेदारी कर वनडे में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना डाला। वर्ल्ड कप में सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड द्रविड़-गांगुली के नाम था। 1999 वर्ल्ड कप में द्रविड़-गांगुली के बीच 318 रन की साझेदारी हुई थी। वनडे में सबसे बड़ी 331 रन की साझेदारी का रिकॉर्ड सचिन-द्रविड़ के नाम था। 1999 में ही न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ सचिन-द्रविड़ की जोड़ी ने वनडे में 331 रन का रिकॉर्ड बनाया था।

गेल वनडे में दोहरा शतक बनाने वाले चौथे और पहले गैर भारतीय खिलाड़ी बने। आज के दिन ही साल 2010 में सचिन ने वनडे का पहला दोहरा शतक लगाया था। वीरेन्द्र सहवाग भी दोहरा शतक बना चुके हैं जबकि रोहित शर्मा के नाम 2 डबल सेंचुरी हैं। गेल ने वनडे में नौ हज़ार रन भी पूरे कर लिए। वनडे क्रिकेट में क्रिस गेल का ये 22वां शतक है। जून 2013 के बाद उन्होंने शतक लगाया है।

मार्लन सैमुअल्स ने 133 रन बनाए और नॉट आउट रहे। गेल के तूफ़ान में उनकी उपलब्धि दब भी गई तो भी उन्हें गिला नहीं होगा। परेशानी तो भारतीय कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी और टीम डायरेक्टर रवि शास्त्री के पेशानी पर होगी। भारत को वेस्टइंडीज़ के साथ 6 मार्च को पर्थ में खेलना है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
डार्क मोड/लाइट मोड पर जाएं
Previous Article
आधी रात को जागा देश...जब टी20 विश्वकप पर भारत ने किया कब्जा; हर किसी ने मनाया जीत का जश्न
गेल का तूफ़ान और धोनी की फ़िक्र
RR vs MI, IPL 2020: राजस्थान ने मुंबई को 8 विकेट से पीटा, बेन स्टोक्स का नाबाद शतक
Next Article
RR vs MI, IPL 2020: राजस्थान ने मुंबई को 8 विकेट से पीटा, बेन स्टोक्स का नाबाद शतक
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com