विज्ञापन

मुंबई : तकनीकी खराबी से रुकी फास्ट लोकल ट्रेन, मस्जिद बंदर के पास पटरियों पर उतरे यात्री

लोकल ट्रेन बीच रास्ते में रुकी हुई है और यात्री पटरियों के सहारे आगे बढ़ते नजर आ रहे हैं., जानकारी के मुताबिक ट्रेन में आई तकनीकी खराबी की सूचना रेलवे अधिकारियों को दी गई है.

मुंबई : तकनीकी खराबी से रुकी फास्ट लोकल ट्रेन, मस्जिद बंदर के पास पटरियों पर उतरे यात्री
मुंबई:

कल्याण से सीएसटी जा रही एक फास्ट लोकल ट्रेन तकनीकी खराबी के कारण मस्जिद बंदर के पास बीच रास्ते में रुक गई. ट्रेन के काफी देर तक खड़े रहने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई, जिसके बाद कई यात्रियों को रेल पटरियों के सहारे पैदल स्टेशन की ओर जाते देखा गया.

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लोकल ट्रेन बीच रास्ते में रुकी हुई है और यात्री पटरियों के सहारे आगे बढ़ते नजर आ रहे हैं., जानकारी के मुताबिक ट्रेन में आई तकनीकी खराबी की सूचना रेलवे अधिकारियों को दी गई है. हालांकि, पटरियों पर चलते यात्रियों की यह तस्वीरें रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं.

इससे पहले महाराष्ट्र के ठाणे के डोंबिवली स्टेशन के पास सोमवार को एक खाली लोकल ट्रेन का डिब्बा पटरी से उतर गया था, जिससे मुंबई के उपनगरीय नेटवर्क पर सेवाएं प्रभावित हुईं थी.

मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) स्टेशन के बाहर मंगलवार दोपहर सिग्नल में गड़बड़ी के कारण एक लोकल ट्रेन गलत पटरी पर चली गई और निर्धारित प्लेटफॉर्म के बजाय दूसरे प्लेटफॉर्म की ओर मुड़ गई. 

अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन आगे जाकर दूसरी ट्रेन से कुछ दूरी पहले रुक गई. इस घटना के कारण मध्य रेलवे की मुख्य लाइन पर सेवाएं प्रभावित हुईं और ट्रेनों के संचालन में देरी हुई. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बदलापुर जाने वाली ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर चार के बजाय गलती से प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर जाने का सिग्नल दे दिया गया.

उन्होंने कहा, “इसके चलते ट्रेन गलत रूट पर चली गई और प्लेटफॉर्म पर पहले से खड़ी एक अन्य लोकल ट्रेन से करीब 270 मीटर पहले रुकी.”

मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने बताया कि ट्रेन प्लेटफॉर्म से दो सिग्नल पहले ही रुक गई थी. यह घटना दोपहर तीन बजकर 40 मिनट पर हुई, जिससे मुख्य लाइन पर संचालन कुछ समय के लिए प्रभावित रहा. बाद में ट्रेन को पीछे करके सही मार्ग पर लाया गया, जिसके बाद सेवाएं बहाल कर दी गईं.

नीला ने पीटीआई-भाषा को बताया, “लोकल ट्रेन को पीछे किया गया” और इस दौरान प्लेटफॉर्म पांच से सात तक की ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गई थीं. यह लगातार दूसरा दिन है जब मुख्य लाइन की सेवाएं प्रभावित हुई हैं. एक दिन पहले ठाणे जिले के डोंबिवली स्टेशन के पास कार शेड से निकल रही एक खाली लोकल ट्रेन का डिब्बा पटरी से उतर गया था. सुबह के व्यस्त समय में सेवाएं 15 से 20 मिनट तक देरी से चलीं और शाम के समय भी देरी जारी रहने की आशंका है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com