विज्ञापन
This Article is From Aug 22, 2017

दिनाकरन के करीबी विधायकों ने की मुख्यमंत्री पलानीस्वामी के खिलाफ बगावत

अन्नाद्रमुक के दोनों धड़ों के विलय के बाद शशिकला और दिनाकरन खेमे के विधायकों ने मुख्यमंत्री पलानीस्वामी के खिलाफ विद्रोही तेवर अपना लिए हैं.

दिनाकरन के करीबी विधायकों ने की मुख्यमंत्री पलानीस्वामी के खिलाफ बगावत
फाइल फोटो
चेन्नई: अन्नाद्रमुक के दोनों धड़ों के विलय के बाद शशिकला और टीटीवी दिनाकरन खेमे के विधायकों ने मुख्यमंत्री पलानीस्वामी के खिलाफ विद्रोही तेवर अपना लिए हैं. इन विधायकों ने मंगलवार को राज्यपाल से मुलाकात की और कहा कि उन्हें अब मुख्यमंत्री पलानीस्वामी पर भरोसा नहीं है. दिनाकरन खेमे ने सोमवार को 25 अन्नाद्रमुक विधायकों के समर्थन का दावा किया था. तमिलनाडु की 234-सदस्यीय विधानसभा में अन्नाद्रमुक के 134 विधायक हैं. दिवंगत मुख्यमंत्री जयललिता की आरके नगर विधानसभा अब भी खाली पड़ी है.

यह भी पढ़ें: AIADMK के दोनों धड़ों के विलय के बाद दिनाकरन के तीखे तेवर

दिनाकरन समर्थक और आंडीपट्टी से विधायक थांगा तमिल सेल्वन ने राज्यपाल सी. विद्यासागर राव से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा, 'हम अपने समर्थक विधायकों की मदद से एक नए मुख्यमंत्री को लाने की कोशिश शुरू कर रहे हैं.' इसके बाद विपक्षी द्रमुक ने पलानीस्वामी सरकार से विश्वास मत हासिल करने की मांग की है. उल्लेखनीय है कि सोमवार को ही पलानीस्वामी और बागी नेता पनीरसेल्वम के धड़ों का आपस में विलय हो गया था.

द्रमुक के पास 89 विधानसभा सीट हैं और उसकी सहयोगी कांग्रेस के पास आठ तथा आईयूएमएल के पास एक सीट है. घटनाक्रम को भुनाने का प्रयास करते हुए मुख्य विपक्षी द्रमुक ने राज्यपाल को पत्र लिखकर विधानसभा सत्र बुलाने और पलानीस्वामी को सदन में बहुमत साबित करने का निर्देश देने की मांग की. पलानीस्वामी सरकार के सामने शक्ति परीक्षण की संभावना के सवाल पर सेल्वन ने कहा कि हमारी मंशा तो यही है.

VIDEO: AIADMK के दोनों धड़ों का हुआ विलय
उन्होंने कहा, 'हमारा इरादा है कि विश्वास मत होना चाहिए, ताकि उसके बाद नए मुख्यमंत्री की ताजपोशी हो.' दिनाकरन का समर्थन करने वाले विधायकों ने पलानीस्वामी के नेतृत्व वाले अम्मा खेमे और पनीरसेल्वम की अगुवाई वाले पुरची तलाइवी अम्मा धड़े के सोमवार को हुए विलय पर सवाल खड़ा करते हुए मुख्यमंत्री के खिलाफ जंग छेड़ दी है.
(इनपुट भाषा से)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com