Tech Mahindra Dividend 2026:टेक महिंद्रा के शेयरधारकों के लिए एक नहीं बल्कि दो-दो बड़ी खुशखबरी आई है. कंपनी ने जुलाई-सितंबर तिमाही में शानदार नतीजे पेश किए हैं. सितंबर तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 32.7% बढ़कर 1,585.6 करोड़ रुपये हो गया. वहीं, कंपनी की कमाई में भी 15.6% की बढ़ोतरी हुई है. इसके साथ ही टेक महिंद्रा ने शेयरधारकों के लिए 1:1 बोनस शेयर (Tech Mahindra Bonus Shares) और 15 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड (Tech Mahindra Dividend 2026) का ऐलान किया है. कंपनी ने 2015 के बाद पहली बार बोनस शेयर देने का फैसला किया है.
आज के कारोबार में कंपनी के शेयर दमदार नतीजे की वजह से 5 फीसदी से ज्यादा तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं.
मुनाफा और कमाई में बंपर इजाफा
आईटी सर्विसेज कंपनी टेक महिंद्रा ने गुरुवार को वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए. कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट पिछले साल की इसी तिमाही के 1,194.5 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,585.6 करोड़ रुपये हो गया. यह 32.74% की बढ़ोतरी है.
वहीं, कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 15.6% बढ़कर 16,180.2 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. पिछले साल सितंबर तिमाही में यह 13,994.9 करोड़ रुपये था. पिछली तिमाही के मुकाबले भी कंपनी के रेवेन्यू में 3% और मुनाफे में 8% की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
हर शेयर पर मिलेगा एक फ्री शेयर
टेक महिंद्रा ने शेयरधारकों के लिए 1:1 बोनस शेयर जारी करने की सिफारिश की है. इसके तहत हर एक शेयर पर एक अतिरिक्त शेयर मिलेगा. कंपनी ने इस बोनस इश्यू के लिए 4.9 अरब रुपये तक के शेयर जारी करने की बात कही है. साल 2015 के बाद यह पहला मौका है, जब कंपनी बोनस शेयर देने जा रही है.
₹15 के डिविडेंड का भी ऐलान
बोनस शेयर के साथ कंपनी ने 15 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड की भी घोषणा की है. इसके लिए 23 अक्टूबर 2026 की रिकॉर्ड डेट तय की गई है. इस तारीख तक पात्र शेयरधारकों के नाम कंपनी के रिकॉर्ड में होने चाहिए. कंपनी के मुताबिक, पात्र शेयरधारकों को डिविडेंड का भुगतान 13 नवंबर 2026 तक कर दिया जाएगा.
कंपनी के पास भारी-भरकम डील
टेक महिंद्रा ने सितंबर तिमाही में 1,023 मिलियन डॉलर के नए डील हासिल किए. इन सौदों की कुल कॉन्ट्रैक्ट वैल्यू (TCV) पिछले साल के मुकाबले 25.4% ज्यादा रही.
टेक महिंद्रा इस तिमाही में अपनी 40वीं वर्षगांठ भी मना रही है. मोहित जोशी ने कहा कि कंपनी इनोवेशन, एंटरप्रेन्योरशिप और शेयरधारकों के लिए लंबे समय में बेहतर वैल्यू बनाने पर फोकस करते हुए आगे बढ़ रही है.
यह भी पढ़ें | सोने-चांदी के कारोबारियों को झटका, गोल्ड पर 3.1% सिल्वर पर 9% घटी ड्यूटी ड्रॉबैक रेट, अब कितना मिलेगा रिफंड?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं