विज्ञापन

Stock Market Today: शेयर बाजार का जबरदस्त कमबैक: कच्चे तेल में 10% की गिरावट से सेंसेक्स-निफ्टी उछले

Stock Market News Today: शेयर बाजार की इस रिकवरी के पीछे सबसे बड़ी वजह कच्चा तेल है. डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान युद्ध जल्द खत्म होगा. इस बयान के बाद ब्रेंट क्रूड की कीमतें 10% से ज्यादा गिरकर $88.50 पर आ गईं, जो कल $119.50 के स्तर पर पहुंच गई थीं.

Stock Market Today: शेयर बाजार का जबरदस्त कमबैक: कच्चे तेल में 10% की गिरावट से सेंसेक्स-निफ्टी उछले
Stock Market Updates 10 March 2026: ट्रंप के बयान के बाद तेल सस्ता होने से निवेशकों का डर कम हुआ और बाजार में खरीदारी लौट आई.

बीते दिन यानी सोमवार को शेयर बाजार में आए हाहाकार के बाद मंगलवार,10 मार्च की सुबह निवेशकों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक बयान ने कच्चे तेल की कीमतों में लगी आग को बुझा दिया है, जिसका सीधा असर भारतीय शेयर बाजार पर दिखा. कल जो बाजार लहूलुहान था, आज खुलते ही वहां हरियाली लौट आई है और सेंसेक्स-निफ्टी ने जबरदस्त वापसी की है.

सेंसेक्स और निफ्टी में जबरदस्त उछाल 

मंगलवार को बाजार खुलते ही निवेशकों के चेहरे खिल गए. सेंसेक्स (SENSEX) करीब 800 अंक उछलकर 78,375 के पार ओपन हुआ, वहीं निफ्टी (NIFTY) में भी 250 अंकों से ज्यादा की तेजी देखी गई. सुबह 9:15 बजे तक सेंसेक्स 693 अंक (0.89%) की बढ़त के साथ 78,259.91 पर और निफ्टी 190 अंक (0.79%) की तेजी के साथ 24,218.40 पर कारोबार कर रहा था.

IndiGo बना टॉप गेनर शेयर

आज बाजार की रिकवरी में चुनिंदा बड़े शेयरों का अहम रोल रहा, जिससे निवेशकों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई. शुरुआती कारोबार में InterGlobe Aviation (IndiGo) करीब 3.20% की उछाल के साथ टॉप गेनर बनकर उभरा. इसके साथ ही Asian Paints (3.06%) और UltraTech Cement (2.78%) में भी शानदार खरीदारी देखने को मिली. दिग्गज कंपनी L&T, Adani Ports और Tata Steel के शेयरों ने भी 1.60% से 2% तक की बढ़त बनाकर बाजार को मजबूकती दी.

बैंकिंग सेक्टर से ICICI Bank और SBI जैसे हेवीवेट शेयर्स भी हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जो इस बात का संकेत है कि ट्रंप इफेक्ट और सस्ते होते कच्चे तेल ने मार्केट के सेंटिमेंट को पूरी तरह से बदल दिया है.

ट्रंप का बयान और कच्चे तेल में 10% की गिरावट 

शेयर बाजार की इस रिकवरी के पीछे सबसे बड़ी वजह कच्चा तेल है. डोनाल्ड ट्रंप ने एक इंटरव्यू में कहा कि ईरान के साथ युद्ध काफी हद तक पूरा हो चुका है और यह उम्मीद से जल्दी खत्म होगा. इस बयान के बाद ब्रेंट क्रूड की कीमतें 10% से ज्यादा गिरकर $88.50 के करीब आ गईं, जो कल $119.50 के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थीं. तेल सस्ता होने से निवेशकों का डर कम हुआ और बाजार में खरीदारी लौट आई.

ट्रंप के शांति के दावे के बीच ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने सख्त लहजा अपनाया है. उन्होंने कहा कि युद्ध कब खत्म होगा, ये तेहरान तय करेगा और अगर हमले जारी रहे तो वे क्षेत्र से एक लीटर तेल भी निर्यात नहीं होने देंगे. 

आईएनजी (ING) बैंक के एक्सपर्ट्स का कहना है कि जब तक 'स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज' से तेल की सप्लाई सामान्य नहीं होती, तब तक अनिश्चितता बनी रह सकती है.

कल शेयर बाजार में भारी गिरावट (Stock Market Crash)

बता दें कि सोमवार को बाजार में भारी तबाही मची थी. सेंसेक्स 1,353 अंक टूटकर 77,566 पर बंद हुआ था .कारोबार के दौरान यह 2,494 अंक तक गिर गया था. वहीं निफ्टी भी 422 अंक गिरकर 24,028 पर बंद हुआ था. विदेशी निवेशकों की बिकवाली और गिरते रुपये ने कल निवेशकों के करोड़ों रुपये डुबो दिए थे, लेकिन आज की रिकवरी ने उस घाव पर मरहम लगाने का काम किया है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com