Petrol Diesel Price In India: मिडिल ईस्ट संकट और कच्चे तेल (Crude Oil) की आसमान छूती कीमतों का सीधा झटका अब आम जनता की जेब पर लगने लगा है. आज, मंगलवार को देशभर में पेट्रोल और डीजल के दामों में फिर बढ़ोतरी की गई है. एक हफ्ते से भी कम समय में यह दूसरी बार है जब तेल कंपनियों ने फ्यूल प्राइस बढ़ाए हैं. आज यानी 19 मई को सुबह-सुबह नए रेट जारी कर दिए गए हैं. इससे पहले शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी. अब ताजा बढ़ोतरी के बाद आम लोगों की जेब पर और दबाव बढ़ सकता है.
अगर आप आज अपनी गाड़ी की टंकी फुल कराने की सोच रहे हैं, तो पहले अपने शहर में पेट्रोल और डीजल के ताजा रेट जरूर चेक कर लें. देश के कई शहरों में आज पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बदलाव हुआ है . ऐसे में दिल्ली से लेकर मुंबई, जयपुर, पटना और हैदराबाद तक कई शहरों में नई कीमतें लागू हो गई हैं. घर से निकलने से पहले चलिए जानते हैं आपके शहर में आज पेट्रोल-डीजल कितना महंगा हुआ है और ताजा रेट क्या है...

देश अलग-अलग शहरों में पेट्रोल-डीजल का ताजा भाव
- दिल्ली में पेट्रोल ₹0.87 महंगा होकर ₹98.64 प्रति लीटर और डीजल ₹0.91 बढ़कर ₹91.58 प्रति लीटर हो गया है.
- मुंबई में पेट्रोल ₹0.91 बढ़कर ₹107.59 प्रति लीटर और डीजल ₹0.94 महंगा होकर ₹94.08 प्रति लीटर बिक रहा है.
- कोलकाता में पेट्रोल ₹1 बढ़कर ₹109.70 प्रति लीटर और डीजल ₹0.94 चढ़कर ₹96.07 प्रति लीटर पहुंच गया है.
- चेन्नई में पेट्रोल ₹0.79 महंगा होकर ₹104.46 प्रति लीटर और डीजल ₹0.86 बढ़कर ₹96.11 प्रति लीटर हो गया है.
- गुरुग्राम में पेट्रोल ₹0.82 बढ़कर ₹99.29 प्रति लीटर और डीजल ₹0.86 महंगा होकर ₹91.80 प्रति लीटर बिक रहा है.
- नोएडा में पेट्रोल ₹1.15 चढ़कर ₹98.91 प्रति लीटर और डीजल ₹1.22 बढ़कर ₹92.21 प्रति लीटर हो गया है.
- बेंगलुरु में पेट्रोल ₹0.95 महंगा होकर ₹107.12 प्रति लीटर और डीजल ₹0.94 बढ़कर ₹95.04 प्रति लीटर पहुंच गया है.
- भुवनेश्वर में पेट्रोल ₹0.52 बढ़कर ₹105.09 प्रति लीटर और डीजल ₹0.57 महंगा होकर ₹96.68 प्रति लीटर बिक रहा है.
- चंडीगढ़ में पेट्रोल ₹0.83 बढ़कर ₹98.10 प्रति लीटर और डीजल ₹0.84 चढ़कर ₹86.09 प्रति लीटर हो गया है.
- हैदराबाद में पेट्रोल ₹0.99 महंगा होकर ₹111.88 प्रति लीटर और डीजल ₹0.99 बढ़कर ₹99.95 प्रति लीटर पहुंच गया है.
- जयपुर में पेट्रोल ₹1.71 बढ़कर ₹109.32 प्रति लीटर और डीजल ₹1.60 महंगा होकर ₹94.50 प्रति लीटर बिक रहा है.
- लखनऊ में पेट्रोल ₹0.68 बढ़कर ₹98.40 प्रति लीटर और डीजल ₹0.72 चढ़कर ₹91.73 प्रति लीटर हो गया है.
- पटना में पेट्रोल ₹1.10 महंगा होकर ₹110.02 प्रति लीटर और डीजल ₹1.08 बढ़कर ₹96.05 प्रति लीटर पहुंच गया है.
4 साल बाद बढ़े पेट्रोल-डीजल के रेट
इससे पहले सरकारी तेल कंपनियों ने शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी. करीब 4 साल बाद तेल की कीमतों में बड़ा बदलाव देखने को मिला. इससे पहले अप्रैल 2022 में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े थे. वहीं मार्च 2024 में लोकसभा चुनाव से पहले सरकार ने ₹2 प्रति लीटर की कटौती की थी.
तेल कंपनियों की ओर से लगातार बढ़ाए जा रहे दामों का असर सीधे आम लोगों के बजट पर पड़ रहा है. पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने से ट्रांसपोर्ट लागत बढ़ती है, जिसका असर खाने-पीने से लेकर रोजमर्रा की कई चीजों पर देखने को मिल सकता है.
क्यों बदलते हैं पेट्रोल-डीजल के दाम?
भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतें कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों, डॉलर-रुपया एक्सचेंज रेट और राज्यों के VAT के आधार पर तय होती हैं. यही वजह है कि हर राज्य और शहर में ईंधन के दाम अलग-अलग होते हैं.
क्रूड ऑयल में नरमी, फिर क्यों महंगे हो रहे पेट्रोल-डीजल?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ताजा बयानों के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में थोड़ी राहत देखने को मिली है. ब्रेंट क्रूड (Brent Crude) 2% से ज्यादा टूटकर $109.41 प्रति बैरल पर आ गया है, वहीं अमेरिकी क्रूड (WTI) भी 1.3% की गिरावट के साथ $107.25 प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है. हालांकि,दोनों ही बेंचमार्क अभी भी ईरान युद्ध से पहले के स्तर से 50% से ज्यादा ऊपर बने हुए हैं.
यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में आज आई इस मामूली गिरावट के बावजूद भारत के घरेलू बाजारों में पेट्रोल-डीजल की कीमतें आसमान छू रही हैं. दरअसल, पिछले कई दिनों से कच्चे तेल में जो लगातार उबाल आ रहा था, भारतीय तेल कंपनियां अब उसका बचा हुआ बोझ आम जनता की जेब पर डाल रही हैं. इसके अलावा, डॉलर के मुकाबले रुपये के ₹96.20 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचने से भारत के लिए तेल का आयात खर्च वैसे ही बहुत ज्यादा बढ़ चुका है, जिसके चलते क्रूड में आई इस 2% की छोटी सी नरमी का फायदा फिलहाल भारतीय उपभोक्ताओं को नहीं मिल पा रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं