Ola Electric Share Price Today: पिछले 3 सेशन में ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) के शेयरों में रॉकेट जैसी रफ्तार ने देखने को मिली. लंबे समय की गिरावट के बाद भाविश अग्रवाल की इस कंपनी ने जबरदस्त वापसी की है. पिछले तीन कारोबारी सत्रों में यह शेयर करीब 28% तक चढ़ गया. हालांकि, 3 दिनों की इस तूफानी तेजी के बाद आज मंगलवार ,7 अप्रैल को शेयर में हल्की प्रॉफिट बुकिंग दिख रही है और यह मामूली गिरावट के साथ ट्रेड कर रहा है.आज सुबह 11:51 बजे ओला इलेक्ट्रिक का शेयर ₹29.07 पर ट्रेड कर रहा था, जो कि मामूली 0.41% की गिरावट है. 3 दिनों की भारी तेजी के बाद यह हल्की सुस्ती सामान्य मानी जा रही है. वहीं, ओला को टक्कर देने वाली कंपनी Ather Energy के शेयर भी आज करीब 0.90% की गिरावट के साथ ₹777.75 पर ट्रेड कर रहे हैं.
ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) के शेयरों में हाल के दिनों में एक जबरदस्त रिकवरी देखने को मिली है. पिछले 5 दिनों में यह शेयर 21.02% ऊपर चढ़ा है, वहीं एक महीने के आंकड़ों को देखें तो इसमें करीब 25% की बढ़त दर्ज की गई है. आइए समझते हैं कि आखिर अचानक क्यों भागे ओला के शेयर...
क्यों आई शेयरों में अचानक इतनी तेजी?
ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों के उछलने की सबसे बड़ी वजह कंपनी का एक बड़ा ऐलान है. ओला ने अपनी फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल, Roadster X+ 9.1 kWh की कीमतों में सीधे ₹60,000 की भारी कटौती कर दी है. अब इसकी कीमत ₹1.89 लाख से घटकर मात्र ₹1,29,999 रह गई है. कंपनी का कहना है कि अपनी खुद की भारत सेल बनाने और गीगाफैक्ट्री में बड़े पैमाने पर प्रोडक्शन की वजह से लागत कम हुई है, जिसका सीधा फायदा ग्राहकों को दिया जा रहा है.
PLI के जरिये सरकार से भारी इंसेंटिव मिलने की उम्मीद
कंपनी के लिए दूसरी बड़ी खुशखबरी प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम से आई है. ओला की Roadster X+ 4.5 kWh को सरकार की PLI-Auto स्कीम के तहत पात्रता प्रमाण पत्र मिल गया है. यह ओला की पहली मोटरसाइकिल है जिसे यह सर्टिफिकेट मिला है. इसका मतलब है कि अब कंपनी को इस मॉडल की बिक्री पर सरकार से भारी इंसेंटिव यानी छूट मिलेगी, जिससे कंपनी का मुनाफा बढ़ेगा.

मार्च में बिक्री ने पकड़ी रफ्तार, 150% का उछाल
ओला इलेक्ट्रिक के लिए मार्च का महीना जबरदस्त रहा. सरकारी डेटा (VAHAN) के मुताबिक, फरवरी में जहां कंपनी ने 3,973 गाड़ियां बेची थीं, वहीं मार्च में यह आंकड़ा 150% बढ़कर 10,117 यूनिट पर पहुंच गया. कंपनी ने बताया कि मार्च के आखिरी हफ्ते में उन्हें रोजाना 1,000 से ज्यादा ऑर्डर मिले हैं. इतना ही नहीं, ओला भारत का पहला ऐसा EV ब्रांड बन गया है जिसने कुल 10 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा पार कर लिया है.
सर्विस में सुधार से शेयर की शानदार वापसी
शेयरों में तेजी की एक और वजह सर्विस ऑपरेशंस में सुधार है. कंपनी का दावा है कि अब 80% से ज्यादा वाहनों की सर्विसिंग उसी दिन कर दी जाती है. बेहतर स्पेयर पार्ट्स और तेज डायग्नोस्टिक्स की वजह से ग्राहकों का भरोसा फिर से लौटा है, जिससे कंपनी के मार्केट शेयर में 'V-शेप्ड' रिकवरी देखने को मिली है.

पिछले छह महीनों में 44% टूटे ओला इलेक्ट्रिक के शेयर
हालांकि, लॉन्ग टर्म के निवेशकों को झटका लगा है. पिछले छह महीनों में यह स्टॉक 44% और एक साल में करीब 42.74% तक टूट चुका है.कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन फिलहाल 12.23 हजार करोड़ रुपये है. आपको बता दें कि इस शेयर ने 4 सितंबर 2025 को ₹71.25 का 52-वीक हाई छुआ था, वहीं पिछले महीने 16 मार्च 2026 को यह ₹22.25 के अपने ऑल टाइल लो (52-week low) लेवल पर था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं