विज्ञापन

म्‍यूचुअल फंड में एक महीने में 2.35 लाख करोड़ का निवेश! जानिए कहां कितने पैसे लगा रहे हैं लोग 

Mutual Funds पर लोगों का भरोसा बढ़ा है. एक महीने में ही लोगों ने इसमें 2.35 लाख करोड़ रुपये लगा दिए. लार्ज कैप, मिड कैप या स्‍मॉल कैप, जानिए कहां लोगों को ज्‍यादा भरोसा है और ये भी जानिए कि हाइब्रिड फंड में कितने पैसे लगाए जा रहे हैं.

म्‍यूचुअल फंड में एक महीने में 2.35 लाख करोड़ का निवेश! जानिए कहां कितने पैसे लगा रहे हैं लोग 
Mutual Fund: कितना बढ़ा निवेश?
Source: NDTV Graphics/Canva

देश में म्‍यूचुअल फंड में लोगों ने एक महीने में 2.35 लाख करोड़ लगा डाले. जुलाई का महीना म्‍यूचुअल फंड इंडस्‍ट्री के लिए शानदार रहा. AMFI यानी एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया ने मंगलवार को जो आंकड़े जारी किए हैं, उसके मुताबिक म्यूचुअल फंड्स का कुल AUM यानी एसेट्स अंडर मैनेजमेंट का आंकड़ा बढ़कर 85.76 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है.  

बात करें सबसे ज्‍यादा निवेश की तो इस जोरदार तेजी में सबसे बड़ा योगदान डेट-ओरिएंटेड स्‍कीम्‍स का रहा, जिन्हें अकेले जुलाई के महीने में 1.88 लाख करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश मिला. इसके अलावा, शेयर बाजार से जुड़ी इक्विटी-ओरिएंटेड (Equity-oriented) स्‍कीम्‍स में निवेशकों ने इनमें 24,697 करोड़ रुपये डाले. 

31 जुलाई तक के आंकड़ों के अनुसार, म्यूचुअल फंड योजनाओं का कुल एयूएम 85,75,656.52 करोड़ दर्ज किया गया, जबकि इस दौरान औसत एयूएम 86,33,798.38 करोड़ रुपये रहा. इसके अलावा, ओपन-इंडेक्स्ड और ओपन-एंडेड योजनाओं ने भी इंडस्ट्री की बढ़त में अहम भूमिका निभाई, जिनका कुल एयूएम बढ़कर 85,59,041 करोड़ रुपये हो गया है.

इक्विटी फंड्स में स्मॉल-कैप और मिड-कैप का जलवा

इक्विटी योजनाओं की बात करें तो निवेशकों ने एक बार फिर छोटे और मझोले शेयरों पर सबसे ज्यादा भरोसा जताया है. 

  1. स्मॉल-कैप फंड्स: जुलाई महीने में सबसे ज्यादा 7,767.50 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश स्मॉल-कैप फंड्स में आया.
  2. मिड-कैप फंड्स: इसके बाद मिड-कैप फंड्स में 6,192.31 करोड़ रुपये का निवेश दर्ज किया गया.
  3. फ्लेक्सी-कैप फंड्स: फ्लेक्सी-कैप योजनाओं में निवेशकों ने 4,709.08 करोड़ रुपये लगाए.
  4. लार्ज एंड मिड-कैप फंड्स: लार्ज कैटेगरी में 3,425.34 करोड़ रुपये और मल्टी-कैप फंड्स में 3,227.29 करोड़ का निवेश आया.
  5. अन्‍य फंड्स: वहीं, सेक्टोरल और थीमैटिक फंड्स को ₹1,328.27 करोड़ का शुद्ध निवेश मिला.

दूसरी ओर, कुछ कैटगरी में निकासी (Outflow) भी देखने को मिली. लार्ज-कैप फंड्स से जुलाई के दौरान 1,321.69 करोड़ रुपये, ईएलएसएस (ELSS) फंड्स से 959.13 करोड़ रुपये और डिविडेंड-यील्ड फंड्स से 169.16 करोड़ रुपये‍ निकाले गए.   

हाइब्रिड और डेट फंड्स में भी भारी निवेश

  1. हाइब्रिड स्कीम्स: हाइब्रिड योजनाओं में जुलाई में 11,490.56 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश आया, जिसमें आर्बिट्रेज फंड्स (6,502.44 करोड़ रुपये) और मल्टी-एसेट एलोकेशन फंड्स (3,753.38 करोड़ रुपये) का हिस्सा सबसे बड़ा रहा.
  2. ईटीएफ और गोल्ड ईटीएफ: एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स (ETFs) में 9,512.05 करोड़ रुपये, गोल्ड ईटीएफ में 1,558.75 करोड़ रुपये और इंडेक्स फंड्स में 1,536.60 करोड़ रुपये का निवेश आया.
  3. डेट स्कीम्स: डेट-ओरिएंटेड योजनाओं के तहत लिक्विड फंड्स में सबसे ज्यादा 1,19,065.85 करोड़ रुपये, ओवरनाइट फंड्स में 40,412.55 करोड़ रुपये और मनी मार्केट फंड्स में 21,180.23 करोड़ रुपये का निवेश हुआ.

31 जुलाई तक देश में कुल म्यूचुअल फंड फोलियो (Folios) की संख्या बढ़कर 28.09 करोड़ हो गई है, जो ये दिखाता है कि देश में लगातार निवेशकों का दायरा बढ़ रहा है. लोग सुरक्षित और बेहतर रिटर्न के लिए म्यूचुअल फंड्स की तरफ रुख कर रहे हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mutual Fund Investment, Mutual Fund Activity, Mutual Fund Allocation, Mutual Fund Data, Amfi Data
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com