बजट 2026 के दिन शेयर बाजार में आज जबरदस्त उथल-पुथल देखने को मिल रही है. सोने और चांदी की कीमतों में आई भारी गिरावट का सीधा असर मेटल और गोल्ड लोन देने वाली कंपनियों के शेयरों पर पड़ा है. हिंदुस्तान जिंक (Hindustan Zinc) और इसकी पेरेंट कंपनी वेदांता (Vedanta) के शेयरों में तेज गिरावट देखी जा रही है.इसके साथ ही, सोने पर कर्ज देने वाली कंपनियां (Gold Loan Companies) जैसे मुथूट फाइनेंस (Muthoot Finance), मणप्पुरम फाइनेंस (Manappuram) और IIFL फाइनेंस के शेयरों में भी क्रैश हुए हैं.
Hindustan Zinc का शेयर शेयर 20% लुढ़का
आज सुबह के कारोबार में 9:48 बजे हिंदुस्तान जिंक (Hindustan Zinc) के निवेशकों को सबसे बड़ा झटका लगा है, जिसका शेयर 20.24% की भारी गिरावट के साथ ₹570.45 के स्तर पर आ गया है. चांदी की कीमतों में आई बड़ी सेंध ने इस दिग्गज मेटल कंपनी के मार्केट कैप को काफी नुकसान पहुँचाया है.
Vedanta के शेयरों में करीब 15% की गिरावट
इसी सेक्टर की दूसरी बड़ी कंपनी वेदांता (Vedanta Ltd) के शेयरों में भी करीब 14.48% की गिरावट देखी जा रही है और यह ₹655.35 पर ट्रेड कर रहा है. मेटल सेक्टर के साथ-साथ गोल्ड फाइनेंस सेक्टर में भी हाहाकार मचा हुआ है. देश की सबसे बड़ी गोल्ड लोन कंपनी मुथूट फाइनेंस (Muthoot Finance) के शेयर में 12.11% की सेंध लगी है, जिससे इसकी कीमत गिरकर ₹3,596.20 पर आ गई है.
इसके अलावा, मणप्पुरम फाइनेंस (Manappuram Finance) के शेयर भी दबाव में हैं और करीब 6.37% की गिरावट के साथ ₹278.00 के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं. बाजार के जानकारों का कहना है कि सोने की कीमतों में अचानक आई इस कमी से इन कंपनियों के पास रखे 'गोल्ड कोलैटरल' की वैल्यू घट गई है, जिससे निवेशकों ने तेजी से बिकवाली शुरू कर दी है. अब सबकी नजरें वित्त मंत्री के बजट भाषण पर हैं कि क्या वहां से इन सेक्टर्स के लिए कोई राहत भरी खबर आती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं