LPG Cylinders Prices Hikes: देश में LPG सिलेंडर एक बार फिर महंगा हो गया है. 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम राजधानी दिल्ली में 42 रुपये तक बढ़ा दिए गए हैं, वहीं कोलकाता में कीमतों में 53.50 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है. ताजा अपडेट के मुताबिक, 19 किलो वाला गैस सिलेंडर दिल्ली में अब 3,113.50 रुपये में मिलेगा, जबकि कोलकाता में ये अब 3,255.50 रुपये में मिलेगा. पहले दिल्ली में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 3,071.50 रुपये थी, जबकि कोलकाता में ये 3,202 रुपये में मिल रहा था. जून महीने की शुरुआत के साथ ही आम आदमी की जेब पर ये बोझ बढ़ गया है. होटलों और रेस्टॉरेंट में आमतौर पर यही सिलेंडर इस्तेमाल होता है और कीमतें बढ़ने के बाद मेन्यु भी महंगा हो सकता है, जिसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ सकता है.
5 किलो वाला छोटू सिलेंडर भी हुआ महंगा
ज्यादातर प्रवासी मजदूर, दूसरे राज्यों और शहरों से पढ़ाई करने आए छात्र और जॉब करने वाले युवा आम तौर पर जिस 5 किलो वाले छोटू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करते रहे हैं, वो भी आज 1 जून से महंगा हो गया है. तेल मार्केटिंग कंपनियों ने 5 किलो वाले छोटू सिलेंडर के दाम भी बढ़ा दिए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, 5 किलो वाले फ्री ट्रेड LPG सिलेंडर की कीमतों में 11 रुपये की बढ़ोतरी की गई है.
दिल्ली में अब 5 किलो वाले छोटू गैस सिलेंडर की कीमत 821.50 रुपये हो गई है. पहले ये 810.50 रुपये में मिल रहा था. दूसरी ओर 14 किलो वाले LPG गैस सिलेंडर के दाम में बदलाव नहीं किया गया है. आज 1 जून, सोमवार सुबह 5:30 तक के अपडेट के मुताबिक, घरेलू गैस सिलेंडर के दाम (LPG Price Hike) पहले जितने ही हैं और इनमें बदलाव नहीं दिख रहा है.
Prices of 19 kg commercial cylinders have been increased by Rs 42 in Delhi, bringing the price to Rs 3113.50, and by Rs 53.50 in Kolkata, bringing the price to Rs 3255.50. Prices of 5 kg FTL (Free Trade LPG) cylinders have been increased by Rs 11, and will cost Rs 821.50… pic.twitter.com/ZctIUOsvue
— ANI (@ANI) May 31, 2026
इस साल 1,691 से बढ़कर 3,113.50 रुपये हो गए दाम
इस साल जनवरी से अब तक, दिल्ली में कमर्शियल LPG सिलेंडरों की कीमत कई बार बढ़ने के बाद 1691.50 रुपये से बढ़कर 3113.50 रुपये हो गई है. इसकी मुख्य वजह लॉजिस्टिक्स में रुकावटों के कारण LPG की सप्लाई सुनिश्चित करने में आ रही चुनौतियां बताई जा रही है. ईरान युद्ध के बाद खाड़ी और मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष के कारण वैश्विक कीमतों में हुई बढ़ोतरी है.
- जनवरी 2026 में, 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत 1691.50 रुपये थी.
- फरवरी में, कीमत में 49 रुपये की बढ़ोतरी की गई, जिससे एक कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़कर 1740.50 रुपये हो गई.
- फिर मार्च में, कीमत में 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई, जिससे एक कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत 1883 रुपये हो गई.
- एक अप्रैल को, कीमतें 195.50 रुपये तक बढ़ाई गईं और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 2,078.50 हो गई.
- मई में एक बार फिर, कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 993 रुपये की बढ़ोतरी हुई, जिससे कीमत 3071 रुपये हो गई.
- अब जून में, एक बार फिर 42 रुपये की बढ़ोतरी की गई है और कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़कर 3113.50 रुपये हो गई है.

पहले CNG के दाम बढ़े, फिर LPG सिलेंडर के
अभी 2 दिन पहले ही दिल्ली और आस-पास के शहरों में CNG की कीमतें बढ़ाई गई हैं. CNG के दाम में प्रति किलो 2 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है. देश की सबसे बड़ी सिटी गैस कंपनी, इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) के अनुसार, CNG की कीमत अब 83.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है, जो पहले 81.09 रुपये थी. CNG के दाम बढ़ने के 2 दिन के भीतर ही अब कमर्शियल गैस सिलेंडर और छोटू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं