Lamborghini Car: रॉकेट-सी रफ्तार, प्राइवेट जेट जैसा केबिन, सड़क पर निकले तो ना चाहते हुए भी आपकी नजरें थम जाएगी. कुछ ही सेकेंड में जीरो से 100 किमी/घंटे की रफ्तार पकड़ लेने वाली कार. कीमत करोड़ों में. लेकिन शौकीनों की कमी है क्या! कानपुर में एक ऐसे ही शौकीन का नाम चर्चा में है- शिवम मिश्रा. ये नाम इसलिए चर्चा में नहीं कि उसके पास करोड़ों की लैंबोर्गिनी (Lamborghini) कार है, बल्कि इसलिए कि नशे में ड्राइव करते हुए उसने ये कार 6 लोगों पर चढ़ा दी. लोगों की जान पर बन आई. गनीमत है कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई.
बहरहाल, लैंबोर्गिनी कार की चर्चा करें तो ये केवल अपनी रफ्तार के लिए नहीं, बल्कि दमदार इंजर, स्टाइलिश लुक, आइकॉनिक डिजाइन, लग्जरी केबिन और इन सबसे ऊपर अपने सेफ्टी फीचर्स के लिए जाना जाता है. इसकी तस्वीरें और फीचर्स कार के शौकीनों को लुभाने के लिए काफी हैं.

केवल रफ्तार नहीं, लैंबोर्गिनी के सेफ्टी फीचर्स भी दमदार
देश में लैंबॉर्गिनी के कुछ चुनिंदा मॉडल्स, जैसे Revuelto और Urus परफॉर्मेंस SUV बिक रही हैं, जिनकी शुरुआती कीमतें लगभग 5 करोड़ रुपये से ऊपर हैं. हाई ग्राउंड क्लियरेंस वाली Urus जैसी SUV भारतीय रोड कंडीशन और फैमिली यूज के लिए भी एक प्रैक्टिकल सुपर‑SUV ऑप्शन मानी जाती है. आइए जान लेते हैं इसके फीचर्स के बारे में.

दमदार इंजन और स्पीड
लैंबॉर्गिनी की कारें V8, V10 और V12 जैसे हाई‑परफॉर्मेंस इंजनों के लिए मशहूर हैं, जो कुछ ही सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती हैं. नई हाइब्रिड कारें जैसे Revuelto और Temerario पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर भी इस्तेमाल करती हैं, कुल पावर 900-1000 हॉर्सपावर तक जाती है और टॉप स्पीड 350 किमी/घंटा के आसपास है.
आइकॉनिक डिजाइन
लैंबॉर्गिनी की डिजाइन दूर से ही पहचान में आ जाती है, एंगल वाले नुकीले कट, चौड़ी बॉडी, लो ग्राउंड क्लियरेंस और एग्रेसिव फ्रंट, ये इसकी खासियतों में है. Y‑शेप LED हेडलैंप, हेक्सागन पैटर्न, बड़े एयर इंटेक और पीछे लगा बड़ा स्पॉइलर सिर्फ दिखावे के लिए नहीं, एरोडायनामिक्स बेहतर करने के लिए भी होते हैं, जिससे हाई स्पीड पर कार ज्यादा स्टेबल रहती है.

लग्जरी केबिन और हाई‑टेक फीचर्स
कार की केबिन में प्रीमियम लेदर, अलकांतारा, कार्बन फाइबर फिनिश और जेट‑कॉकपिट जैसा सेंटर कंसोल मिलता है, जहां से लगभग हर फंक्शन कंट्रोल होता है. नई Revuelto जैसी कारों में तीन स्क्रीन का सेटअप दिया गया है. इनमें डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट और पैसेंजर के लिए अलग स्क्रीन शामिल है.
कार में मल्टी‑फंक्शन स्टीयरिंग, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, क्रूज कंट्रोल, प्रीमियम साउंड सिस्टम, एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले जैसे फीचर्स भी मौजूद रहते हैं.

स्पीड संभालने के लिए सेफ्टी और कंट्रोल फीचर्स
हाई स्पीड को संभालने के लिए लैंबॉर्गिनी में ABS, ट्रैक्शन कंट्रोल, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, मल्टीपल एयरबैग, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम और रियर कैमरा जैसे फीचर्स मिलते हैं. इसमें अलग‑अलग ड्राइव मोड (जैसे स्ट्राडा, स्पोर्ट, कोर्सा आदि) दिए जाते हैं, जिनसे सस्पेंशन, स्टीयरिंग और इंजन की रिस्पॉन्सिवनेस बदल जाती है- शहर, हाइवे या ट्रैक, हर जगह ड्राइविंग का अनुभव अलग हो जाता है.
लैंबॉर्गिनी पर लेटेस्ट अपडेट्स और मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इस साल तक कंपनी अपने पूरे सुपरकार लाइन‑अप को हाइब्रिड बना रही है, यानी पावर के साथ एनर्जी एफिशिएंसी पर भी जोर बढ़ रहा है. हाइब्रिड सिस्टम तेज एक्सेलेरेशन, कम फ्यूल खपत और शहर के अंदर लो‑इमिशन ड्राइविंग में मदद करता है, जबकि जरूरत पड़ने पर पूरा पावर तुरंत उपलब्ध होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं