विज्ञापन

IndiGo को मिला नया CEO, विलियम वॉल्‍श के हाथों में कमान, ब्रिटेन की इस एयरलाइन की कर चुके हैं अगुवाई

IndiGo New CEO: विलियम वॉल्श वर्तमान में इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) के महानिदेशक (Director General) के रूप में कार्यरत हैं. IATA में उनका कार्यकाल 31 जुलाई 2026 को समाप्त हो रहा है, जिसके तुरंत बाद वह 3 अगस्त 2026 तक इंडिगो में अपनी नई भूमिका संभाल लेंगे.

IndiGo को मिला नया CEO, विलियम वॉल्‍श के हाथों में कमान, ब्रिटेन की इस एयरलाइन की कर चुके हैं अगुवाई
IndiGo New CEO

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन, इंडिगो (InterGlobe Aviation Limited) ने वैश्विक विमानन जगत के बड़े नाम विलियम वॉल्श (William Walsh) को अपना नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त करने की घोषणा की है. 'विली' के नाम से मशहूर वॉल्श की यह नियुक्ति इंडिगो के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार करने और भविष्य की विकास योजनाओं के लिए एक गेम-चेंजर मानी जा रही है. 

अगस्त से संभालेंगे कमान

विलियम वॉल्श वर्तमान में इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) के महानिदेशक (Director General) के रूप में कार्यरत हैं. IATA में उनका कार्यकाल 31 जुलाई, 2026 को समाप्त हो रहा है, जिसके तुरंत बाद वह 3 अगस्त, 2026 तक इंडिगो में अपनी नई भूमिका संभाल लेंगे. हालांकि, उनकी यह नियुक्ति अभी विनियामक अनुमोदनों (Regulatory approvals) के अधीन है. 

विमानन जगत में काफी अनुभव

विली वॉल्श के पास विमानन उद्योग का दशकों का अनुभव है. वह इससे पहले Aer Lingus, ब्रिटिश एयरवेज और इंटरनेशनल एयरलाइंस ग्रुप (IAG) के CEO रह चुके हैं, जिसके अंतर्गत इबेरिया, वुलिंग और लेवल जैसी बड़ी एयरलाइंस आती हैं. 

इंडिगो में मुख्य जिम्मेदारियां 

  • कंपनी की रणनीति और संचालन (Operations) को आगे बढ़ाना. 
  • नेटवर्क और बिजनेस विस्तार पर काम करना. 
  • ग्राहक अनुभव (Customer Experience) को बेहतर बनाना 
  • इंडिगो को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बनाना. 

चुनौतियों के बीच नई नियुक्ति 

इंडिगो में नेतृत्व परिवर्तन ऐसे समय में हो रहा है, जब कंपनी तेजी से अपने बेड़े का विस्तार कर रही है. साथ ही पिछले साल साख पर आए संकट से उबर रही है. 2025 के आखिरी महीनों में पायलटों के रोस्‍टर और अन्‍य कारणों से इंडिगो को सैकड़ों उड़ानें रद्द करनी पड़ी थी, जिसके चलते हजारों यात्रियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था. तत्‍कालीन परिस्थितियों ने तब के CEO पीटर एल्बर्स (Pieter Elbers) के नेतृत्‍व पर भी सवाल खड़ा कर दिया था.

हालांकि पीटर एल्बर्स (Pieter Elbers) ही थे, जिनकी अगुवाई ने कंपनी को कोविड के बाद के कठिन दौर से उबारा और रिकॉर्ड मुनाफे तक पहुंचाया था. एल्बर्स के कार्यकाल में इंडिगो ने अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर अपनी पकड़ मजबूत की और 500 विमानों का ऐतिहासिक ऑर्डर दिया. अब विली वॉल्श के कंधों पर इंडिगो को एक 'ग्लोबल प्लेयर' बनाने की जिम्मेदारी होगी. 

कंपनी और वॉल्श का उत्साह

इंडिगो के चेयरमैन ने कहा कि विली वॉल्श का अनुभव कंपनी को तेजी से बढ़ने में मदद करेगा. वहीं, मैनेजिंग डायरेक्टर राहुल भाटिया के अनुसार, यह नियुक्ति कंपनी के नए विकास चरण के लिए महत्वपूर्ण है. खुद वॉल्श ने भी कहा कि वह इंडिगो की मजबूत नींव और टीम से प्रभावित हैं और कंपनी के साथ मिलकर इनोवेशन, एक्सीलेंस और ग्रोथ पर काम करना चाहते हैं. 

ये भी पढ़ें: गिरते रुपये को थामने का वक्त, RBI से SBI की अपील- तिजोरी खोलिए, उठाइए ये 5 कदम

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com