विज्ञापन

पायलट की नींद पूरी होनी जरूरी, थकान का रखा जाए ध्‍यान, कागजी नियम काफी नहीं, DGCA को पायलटों ने लिखा पत्र

DGCA को लिखे पत्र में पायलटों के संघ ने कहा, 'सिर्फ यह देखना काफी नहीं है कि पायलट ने नियम के मुताबिक कितने घंटे काम किया, बल्कि ये भी सुनिश्चित करना जरूरी है कि पायलट वास्तव में पर्याप्त नींद लेकर और पूरी तरह सतर्क होकर उड़ान चला रहा हो.

पायलट की नींद पूरी होनी जरूरी, थकान का रखा जाए ध्‍यान, कागजी नियम काफी नहीं, DGCA को पायलटों ने लिखा पत्र
Pilots Federation Letter to DGCA: पायलटों ने DGCA से की है मांग
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स

कल्‍पना कीजिए कि दिल्‍ली से मुंबई की कोई लेटनाइट फ्लाइट रात 12 बजे उड़ान भरती है. 1 बजे के करीब पायलट को नींद आने लगी. फिर दूसरे पायलट को भी नींद आने लगे तो क्‍या होगा? भगवान न करे कि ऐसा कभी हो! लेकिन 25 जनवरी 2024 को ऐसा ही हुआ था, बाटिक एयर की एक फ्लाइट के साथ. करीब आधे घंटे तक दोनों पायलट सो गए थे और 36,000 फीट की ऊंचाई पर विमान जैसे-तैसे भटकता रहा. गनीमत रही कि मुख्‍य पायलट की नींद खुली और अंतत: सुरक्षित लैंडिंग हुई. 

आप सोच रहे होंगे कि हम आज उस घटना की चर्चा क्‍यों कर रहे हैं. दरअसल भारतीय पायलटों के संघ फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स (FIP) ने एविएशन रेगुलेटर DGCA को एक पत्र लिखा है. पत्र में इसी 'बाटिक एयर' (Batik Air) हादसे की खौफनाक मिसाल दी गई है और पायलटों की थकान को लेकर कुछ मांगें की गई हैं. 

पायलट की पूरी नींद जरूरी, इसलिए...

FIP का कहना है, 'सिर्फ यह देखना काफी नहीं है कि पायलट ने रोस्टर के हिसाब से कितने घंटे काम किया. असली सवाल यह है कि 

  • पायलट को वास्तव में कितनी नींद मिली?
  • क्या वह मानसिक रूप से उड़ान के लिए फिट है?
  • क्‍या वह शारीरिक रूप से उड़ान के लिए फिट है?

लगातार नाइट ड्यूटी, सुबह-सुबह की उड़ानें और नींद में बाधा के कारण पायलटों में Fatigue (अत्यधिक थकान) का खतरा जानलेवा स्तर तक पहुंच रहा है. ऐसे में पायलट संघ की 3 प्रमुख मांगें हैं. 

  1. FRMS (थकान प्रबंधन) को अनिवार्य किया जाए: पायलट संगठन ने देश में Fatigue Risk Management System को मजबूत और अनिवार्य बनाने की मांग की है. 
  2. बिना सजा के डर के थकान की रिपोर्ट करने की छूट: पायलटों को थकान की स्थिति रिपोर्ट करने की सुविधा हो और इसके लिए उन्हें सजा का डर नहीं होना चाहिए. 
  3. कॉकपिट रिस्पॉन्स न मिलने पर क्रू के नियम: कॉकपिट की निगरानी के नियम भी ज्यादा स्पष्ट करने की मांग की गई है. जैसे अगर दोनों पायलट जवाब न दें तो केबिन क्रू को क्या करना चाहिए. 

FIP चाहता है कि DGCA सभी एयरलाइंस के लिए FRMS को अनिवार्य करे, जिसमें वैज्ञानिक तरीके से पायलटों की थकान को पहचानना, उसका आकलन करना और उसे कम करना शामिल हो. 

जब आसमान में अटकी 153 यात्रियों की सांस 

फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स (FIP) ने पत्र में 25 जनवरी 2024 को हुए जिस 'बाटिक एयर' (Batik Air) हादसे का उदाहरण दिया है, वो बेहद खौफनाक घटना थी. उस उड़ान के दौरान प्लेन उड़ा रहे दोनों पायलट एक साथ कॉकपिट में सो गए. दोनों करीब 28 मिनट तक गहरी नींद में रहे, और इस दौरान विमान अपने तय रास्ते से करीब 80 नॉटिकल मील (लगभग 148 किमी) दूर भटक गया. गनीमत यह रही कि बड़ा हादसा होने से पहले पायलट जाग गए और प्लेन को सुरक्षित संभाल लिया गया.

ये भी पढ़ें: चीनी के आयात के नियम बदले, सरकार ने प्रोसेसिंग और बिक्री के लिए डेडलाइन में किया बदलाव

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pilot Fatigue, Pilot Sleeping In Cockpit
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com