Gold-Silver Price Prediction: बीता हफ्ता सोने-चांदी की कीमतों को लेकर कोई कोई बड़ी खबर लेकर नहीं आया. निवेशक जहां परेशान नजर आए वहीं आम लोगों को दाम ना बढ़ने से राहत मिली. अब एक बार फिर से आज सभी की नजरें बुलियन मार्केट पर जमी होंगी. मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के बीच जहां एक तरफ कच्चे तेल की कीमतें रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बना रही हैं, वहीं दूसरी तरफ गोल्ड-सिल्वर अपनी चमक खोते दिखाई दे रहे हैं.
कैसी रही सोने की चाल?
पिछले हफ्ते चाहे लोकल मार्केट की बात हो या अंतरराष्ट्रीय बाजार की, दोनों ही जगह सोने-चांदी की कीमतें गिरी. आखिरी कारोबारी दिन 24 कैरेट वाला सोना इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन' (IBJA) के अनुसार दिल्ली में 1,59,810 रुपये/10 ग्राम पर मिल रहा था. वहीं मुंबई, कोलकाता और हैदराबाद में 1,59,660 रुपये/10 ग्राम पर रहा. हालांकि चेन्नई में थोड़ी तेजी दिखाई दी. यहां 24 कैरेट सोने की कीमत 1,61,020 रुपये रहीं.
चांदी का हाल भी अलग नहीं
चांदी की हालत भी सोने से कुछ अलग नहीं रही. 4.20 लाख रुपये का लेवल टच करने के बाद इसमें मुनाफावसूली का दौर जारी है. बीते एक हफ्ते के अंदर चांदी 235 रुपये प्रति किलो सस्ती हुई. अब इसका भाव 2,60,723 रुपये से कम होकर 2,60,488 रुपये प्रति किलो पर आ गया है. एमसीएक्स पर कुछ हद तक चांदी ने रिकवरी दिखाई. 2,70,944 रुपये प्रति किलो के बड़े लेवल को टच किया.
इस हफ्ते कैसी रह सकती है सोने-चांदी की चाल?
मार्केट एक्सपर्ट के अनुसार, अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने और ब्याज दरों को लेकर बदलती खबरों से सोने-चांदी की कीमतें टिक नहीं पाईं. हालांकि जियो पॉलिटिकल टेंशन के चलते सुरक्षित निवेश की मांग अभी भी सोने-चांदी को सपोर्ट कर रही है. दूसरी तरफ कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं और सप्लाई में रुकावट होने से महंगाई का खतरा बढ़ सकता है. ऐसे में निवेशकों के लिए गोल्ड-सिल्वर महंगाई से बचने का एक अच्छा जरिया बन सकता है.
निवेशकों को सलाह
एक्सपर्ट ने निवेशकों को सलाह देते हुए कहा कि शॉर्ट टर्म में सोना-चांदी रिस्की सौदा हो सकता है. खासतौर पर चांदी की कीमतों में बड़ा उतार चढ़ाव रहता है. इसलिए अपने पोर्टफोलियो को लंबी अवधि के लिए तैयार करें. इससे शॉर्ट टर्म में आई रिकवरी और प्रॉफिट बुकिंग का असर कम हो सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं