देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद भी शेयर बाजार में तेल कंपनियों के स्टॉक्स भरभरा कर गिर गए.आज यानी शुक्रवार के शुरुआती कारोबार में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) समेत कई ऑयल एंड गैस कंपनियों के शेयरों में गिरावट देखने को मिली. सिर्फ तेल कंपनियां ही नहीं, बल्कि कच्चे तेल से जुड़े कच्चे माल का इस्तेमाल करने वाली पेंट कंपनियों के शेयर भी लाल निशान में कारोबार करते दिखे.
HPCL, BPCL और IOC के शेयर क्यों गिरे?
फ्यूल की कीमतें बढ़ने के बावजूद सरकारी तेल कंपनियों के शेयरों में बिकवाली देखने को मिली. शुरुआती कारोबार में HPCL का शेयर करीब 2.48% टूटकर ₹368.20 तक पहुंच गया. वहीं BPCL में करीब 2% और IOC में भी 1% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई.
बीएसई पर BPCL के शेयर 2.71%, HPCL 2.39% और IOC करीब 1.85% तक टूटे. रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में भी करीब 1.4% की कमजोरी देखी गई.
तेल कंपनियों के शेयरों में गिरावट की सबसे बड़ी वजह
जानकारों के मुताबिक, इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड का $106 प्रति बैरल के पार पहुंचना है. कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दाम ₹3 प्रति लीटर बढ़ाए जरूर हैं, लेकिन कच्चे तेल की लागत उससे कहीं ज्यादा तेजी से बढ़ रही है.निवेशकों को डर है कि यह बढ़ोतरी कंपनियों की लागत और घाटे की पूरी भरपाई नहीं कर पाएगी. ऐसे में बाजार में मुनाफावसूली और बिकवाली बढ़ गई है.
बाजार की उम्मीद से कम रही कीमतों में बढ़ोतरी
मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि बाजार को उम्मीद थी कि तेल कंपनियां पेट्रोल और डीजल के दाम में इससे ज्यादा बढ़ोतरी करेंगी. क्योंकि कच्चे तेल की कीमतें लगातार ऊंचाई पर बनी हुई हैं और सरकारी तेल कंपनियों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है.इंडस्ट्री से जुड़े अनुमान बताते हैं कि कच्चा तेल $100 प्रति बैरल के आसपास रहने पर सरकारी तेल कंपनियों को हर दिन करीब ₹1,000 करोड़ का नुकसान हो रहा है.
IGL, MGL और Gujarat Gas के शेयर भी लुढ़के
CNG की कीमतों में ₹2 प्रति किलो की बढ़ोतरी के बाद सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों के शेयरों में मिला-जुला कारोबार देखने को मिला.इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) के शेयर करीब 1.8% टूटे, जबकि महानगर गैस लिमिटेड (MGL) में 1% से ज्यादा की गिरावट आई. हालांकि गुजरात गैस लिमिटेड (Gujarat Gas) के शेयर मामूली बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे.
पेंट कंपनियों के शेयरों में गिरावट
कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने का असर पेंट कंपनियों पर भी दिखाई दिया. दरअसल पेंट बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई कच्चे माल क्रूड ऑयल से जुड़े डेरिवेटिव्स होते हैं.इसी वजह से इंडिगो पेंट्स (Indigo Paints) के शेयर करीब 1.36% टूटे, जबकि एशियन पेंट्स (Asian Paints) में 0.42% और बर्जर पेंट्स इंडिया (Berger Paints India) में 0.14% की गिरावट दर्ज की गई.
4 साल बाद बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम
देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में यह बढ़ोतरी अप्रैल 2022 के बाद पहली बार हुई है. हालांकि लोकसभा चुनाव 2024 से पहले सरकार ने एक बार ₹2 प्रति लीटर की कटौती की थी.इस बार कीमतों में बढ़ोतरी मिडिल ईस्ट संकट, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तनाव और वैश्विक सप्लाई बाधित होने की आशंकाओं के बीच हुई है. यही वजह है कि कच्चे तेल की कीमतें लगातार रिकॉर्ड स्तरों के करीब बनी हुई हैं.
तेल कंपनियों को राहत, लेकिन महंगाई बढ़ने का डर
उद्योग सूत्रों के मुताबिक सरकार और तेल कंपनियों ने कीमतों में बढ़ोतरी को संतुलित रखने की कोशिश की है ताकि कंपनियों को कुछ राहत मिल सके और आम लोगों पर महंगाई का बहुत बड़ा झटका भी न लगे.हालांकि एनालिस्ट का कहना है कि ईंधन की कीमतें बढ़ने का असर आने वाले दिनों में ट्रांसपोर्टेशन और रोजमर्रा की चीजों की कीमतों पर भी दिख सकता है.
ये भी पढ़ें- Petrol Diesel Price Hike: देश भर में पेट्रोल-डीजल हुआ महंगा, कितने बढ़े दाम? चेक करें अपने शहर के नए रेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं