विज्ञापन

फुटबॉल स्‍टार Erling Haaland ने 167 करोड़ लेकर नहीं 62,000 देकर चमका दी छोटी-सी दुकान की किस्‍मत, 'Whiskey Raccoon' की पूरी कहानी

फुटबॉलर अर्लिंग हालैंड को ब्रांड एंबेसडर बनाने के लिए कंपनियां करोड़ों खर्च करती हैं, लेकिन अमेरिका के एक 50 साल पुराने छोटे से स्टोर को हालैंड से मुफ्त में ऐसी पब्लिसिटी मिली कि उनका पूरा स्टॉक ही सोल्ड आउट हो गया. 'विस्की रैकून' की दिलचस्‍प कहानी.

फुटबॉल स्‍टार Erling Haaland ने 167 करोड़ लेकर नहीं 62,000 देकर चमका दी छोटी-सी दुकान की किस्‍मत, 'Whiskey Raccoon' की पूरी कहानी
नॉर्वे के स्टार स्ट्राइकर अर्लिंग हालैंड की एक छोटी सी पोस्‍ट कर बड़ा काम कर दिया.
Source: Instagram Post

मार्केटिंग की दुनिया में अक्सर कहा जाता है कि जो काम करोड़ों रुपये के विज्ञापन नहीं कर पाते, वो कभी-कभी एक 'वॉव मूमेंट' कर जाता है. ऐसा ही कुछ हुआ है दुनिया के स्टार फुटबॉलर अर्लिंग हालैंड (Erling Haaland) और अमेरिका के डलास में एक छोटे से फैमिली स्टोर के साथ. नाइकी (Nike) जैसी बड़ी स्पोर्ट्स ब्रांड्स जिस हालैंड को अपने प्रोडक्ट्स के साथ दिखने के लिए हर साल करीब $20 मिलियन (लगभग 167 करोड़ रुपये) का भुगतान करती हैं, उसी हालैंड ने एक छोटी-सी दुकान को फ्री में ही शानदार पब्लिसिटी दे डाली. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ये दिलचस्प कहानी वायरल हो रही है.  

क्या है पूरा मामला?

नॉर्वे के स्टार स्ट्राइकर अर्लिंग हालैंड वर्ल्ड कप मैचों के दौरान टेक्सास के डलास में स्थित 'वाइल्ड बिल्स वेस्टर्न स्टोर' में गए. ये दुकान 1970 के दशक से एक ही फैमिली चला रही है. हालैंड को काउबॉय कल्‍चर या हैट के बारे में कुछ नहीं पता था, इसलिए उन्हें पहली बार काउबॉय हैट फिट करने में मदद किया. वहां से हालैंड ने काउबॉय हैट्स, विदेशी जूते, एक लॉन्गहॉर्न बेल्ट बकल और एक टी-शर्ट खरीदी जिस पर लिखा था- "Y'all can kiss my Dallas". 

इस बीच सबसे मजेदार खरीदारी थी एक 'विस्की रैकून' (Whiskey Raccoon). ये विस्की की बोतल को गले लगाए एक टैक्सिडर्मी रैकून था, जिसके लिए हालैंड ने दुकान को 750 डॉलर यानी करीब 62,000 रुपये चुकाए.

'यह मेरे पीछे-पीछे घर आ गया...' 

जब क्वार्टर फाइनल में नॉर्वे का शानदार सफर समाप्त हुआ, तो टूर्नामेंट के ब्रेकआउट स्टार हालैंड जब ओस्लो (नॉर्वे की राजधानी) के एयरपोर्ट पर फ्लाइट से उतरे, तो वह उस 750 डॉलर के विस्की रैकून को खुद अपने हाथों में उठाए हुए थे. उन्होंने इंस्टाग्राम पर इसकी फोटो पोस्ट करते हुए कैप्शन लिखा- 'It followed me home' (ये मेरे पीछे-पीछे घर आ गया). इतना ही नहीं, उन्होंने अपने करोड़ों फैंस के बीच एक इंस्टाग्राम पोल भी चलाया कि इस रैकून का नाम क्या रखा जाना चाहिए.

छोटी सी दुकान की तो लॉटरी ही खुल गई!

हालैंड ने भले ऐसा न सोचा हो, लेकिन उनके इस रियल प्रमोशन का असर इस 50 साल पुरानी दुकान पर ऐसा हुआ कि दुकान में रखे सारे 'विस्की रैकून' देखते ही देखते बिक गए. हालैंड ने जो डलास टी-शर्ट पहनी, उसका स्टॉक लगभग खत्म हो चुका है. 

दुकान में रखी 500 डॉलर की 'बेलिजोरेंट स्क्विरेल' (सिगरेट पीती और जैक डेनियल्स पकड़े हुए गिलहरी) का स्टॉक भी खत्म होने की कगार पर है. सबसे बड़ी बात, स्थानीय लोग अब उस दुकान के बाहर खरीदारी के लिए लंबी लाइनों में खड़े हैं, जिसे वे सालों से बस देखकर आगे बढ़ जाया करते थे.

बड़ा सबक: इसे कहते हैं असली ब्रैंडिंग

बिजनेस एक्सपर्ट आकाश गुप्ता ने X पर ये कहानी शेयर करते हुए लिखा कि बड़ी-बड़ी स्पोर्ट्स कंपनियां एक सेलिब्रिटी को अपने साथ जोड़ने और ऐसा नेचुरल मूमेंट बनाने के लिए पूरी टीम लगा देती हैं, फिर भी वो विज्ञापन जैसा ही लगता है क्योंकि वो सच में एक विज्ञापन होता है. कंपनियां हालैंड की छवि को भुनाने के लिए साल के 20 मिलियन डॉलर खर्च करती हैं, जबकि 'वाइल्ड बिल्स' ने यही छवि हालैंड को 750 रुपये का सामान बेचकर मुफ्त में हासिल कर ली. इसे कहते हैं असली ब्रैंडिंग! 

इस पूरी कहानी पर सोशल मीडिया में लोग प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कोई इसे उस पुरानी दुकान की किस्‍मत बता रहा है, तो कोई बिजनेस स्‍ट्रैटजी. 

ये भी पढ़ें: लाडकी बहिन योजना ने कैसे बदल दिया महाराष्ट्र के महिला बजट की पूरी तस्वीर? यहां समझिए

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Brand Promotion, Brand Promotion Idea, Business News, Viral News, Erling Haaland
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com