विज्ञापन

फुटबॉल का FIFA, क्रिकेट का ICC या भारत का BCCI... खेल की दुनिया में कमाई का 'किंग' कौन?

कमाई के मामले में FIFA सबसे ऊपर है. अकेले FIFA की कमाई BCCI और ICC से कई गुना ज्यादा होती है. इस बार वर्ल्ड कप से ही FIFA को 9 अरब डॉलर का रेवेन्यू मिलने की उम्मीद है.

फुटबॉल का FIFA, क्रिकेट का ICC या भारत का BCCI... खेल की दुनिया में कमाई का 'किंग' कौन?
क्रिकेट के मुकाबले फुटबॉल में ज्यादा पैसा है.
Canva

खेल की दुनिया में पैसा कैसे बनता है? फुटबॉल वर्ल्ड कप से FIFA कितना कमाएगा? क्रिकेट वर्ल्ड कप से ICC कितना कमाता है? अलग-अलग देशों के साथ सीरीज खेलकर या IPL से BCCI को कितनी कमाई हो जाती है? ये कुछ ऐसे सवाल हैं जो सिर्फ किसी खेलप्रेमी ही नहीं, बल्कि आम लोगों के भी जहन में आ सकते हैं.

अगर आपके मन में भी इसी तरह के सवाल आते हैं तो ये रिपोर्ट आपके लिए ही है. इसमें हम बताएंगे कि फुटबॉल वर्ल्ड करवाने वाला FIFA कितना और कहां से कमाता है? वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी करवाने वाली ICC कितना कमा लेता है? साथ ही ये भी जानेंगे के दुनिया का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड BCCI की कमाई कहां-कहां से होती है? लेकिन इससे पहले जानते हैं इन तीनों का इतिहास क्या है?

FIFA v/s ICC v/s BCCI: क्या है इतिहास?

  • FIFA: 1904 में बना. पूरा नाम फेडरेशन इंटरनेशनल डे फुटबॉल एसोसिएशन है. यूरोप के 7 देशों ने मिलकर इसे बनाया था. 1930 में FIFA ने पहला वर्ल्ड कप करवाया था. आज 200 से ज्यादा देश इसके सदस्य हैं.
  • ICC: 15 जून 1909 में बना था. शुरुआत में इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका ही थे, इसलिए इसका नाम इंपीरियल क्रिकेट कॉन्फ्रेंस था. 1989 में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल नाम रखा गया. 1975 में पहला वर्ल्ड कप हुआ. आज 110 देश इसके सदस्य हैं.
  • BCCI: दिसंबर 1928 में मद्रास में बना. पूरा नाम बोर्ड ऑफ क्रिकेट कंट्रोल इन इंडिया है. 1936 में टीम इंडिया ने अपना पहला इंटरनेशनल टेस्ट मैच इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेला. 1932 में BCCI ने पहली बार रणजी ट्रॉफी आयोजित की. आज दुनिया का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड है.

यह भी पढ़ेंः फुटबॉल में ये 'रेड कार्ड' क्या होता है? ट्रंप भी नहीं जानते थे इसका मतलब... क्या आपको पता है?

अब बात तीनों की कमाई की...

FIFA की कमाई

हर 4 साल में एक बार वर्ल्ड कप करवाता है. इसी से अगले 4 साल तक की कमाई हो जाती है. 2022 में जब कतर में वर्ल्ड कप हुआ था तो उससे FIFA ने 7.57 अरब डॉलर (70 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा) की कमाई हुई थी.

FIFA की फाइनेंशियल रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 में उसे 2.66 अरब डॉलर (लगभग 25,236 करोड़ रुपये) की कमाई हुई थी. ये अनुमान से 9% ज्यादा थी.

FIFA की कमाई का सबसे बड़ा सोर्स टीवी राइट्स हैं. इसके जरिए 2025 में FIFA ने 1 अरब डॉलर से ज्यादा कमाए थे. दूसरा बड़ा सोर्स स्पॉन्सरशिप है, जिसके जरिए उसे 96.5 करोड़ डॉलर (लगभग 9,155 करोड़ रुपये) की कमाई हुई थी.

टूर्नामेंट की टिकटों की बिक्री तीसरा बड़ा सोर्स है. 2025 में FIFA ने टिकटों की बिक्री से 26 करोड़ डॉलर से ज्यादा की कमाई की थी.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: IANS

ICC की कमाई

दुनिया में क्रिकेट की गवर्निंग बॉडी ICC की कमाई में 2025 में थोड़ी गिरावट आई थी. ICC की फाइनेंशियल रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 में उसने 75.6 करोड़ डॉलर (लगभग 7,175 करोड़ रुपये) कमाए थे. 2024 की तुलना में ये 2.6% कम था. 2024 में ICC का रेवेन्यू 77.66 करोड़ डॉलर रहा था.

ICC की कमाई का जरिया वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी जैसे इवेंट्स हैं. 2025 में ICC को इवेंट्स से होना वाला रेवेन्यू 3% घटकर 70 करोड़ डॉलर हो गया था, जो 2024 में 72 करोड़ डॉलर से ज्यादा था.

2025 में ICC ने चैंपियंस ट्रॉफी, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल, वुमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप और U19 वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप करवाया था. पाकिस्तान में हुई चैंपियंस ट्रॉफी से ICC को 63 करोड़ डॉलर की कमाई हुई थी. 

ICC की ज्यादातर कमाई मीडिया राइट्स से होती है. मीडिया राइट्स का लगभग 75% हिस्सा भारत से ही आता है. 2024 से 2027 के लिए ICC ने JioStar India के साथ 3 अरब डॉलर की डील की है. इसके अलावा, यूके में स्काई स्पोर्ट्स, ऑस्ट्रेलिया में प्राइम वीडियो, साउथ अफ्रीका में सुपर स्पोर्ट और अमेरिका-कनाडा में विलो टीवी शामिल हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: IANS

BCCI की कमाई

BCCI दुनिया का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड है. BCCI की सालाना रिपोर्ट के मुताबिक, 2024-25 में उसे 11,055 करोड़ रुपये की कमाई हुई थी. 2023-24 की तुलना में ये 13% ज्यादा थी.

BCCI को सबसे ज्यादा कमाई IPL से होती है. हालांकि, 2024-25 में IPL से होने वाली कमाई में 12% की गिरावट दर्ज की गई थी. 2024-25 में BCCI ने IPL ने 5,070 करोड़ रुपये कमाए थे. जबकि, 2023-24 में 5,761 करोड़ रुपये की कमाई हुई थी.

इसके बाद ICC से BCCI को 3,065 करोड़ रुपये मिले थे. मीडिया राइट्स से BCCI ने 2024-25 में 813 करोड़ रुपये कमाए थे. वुमेंस प्रीमियर लीग से 391 करोड़ रुपये की कमाई हुई थी. वहीं, मेंस टीम के इंटरनेशनल टूर और टूर्नामेंट से 322 करोड़ रुपये की कमाई हुई थी. इसके अलावा, BCCI ने 1,368 करोड़ रुपये सिर्फ ब्याज से कमाए थे.

यह भी पढ़ेंः जितनी सेशेल्स की GDP, उतने के अमेरिकियों ने फोड़ डाले पटाखे... 4 जुलाई को इतनी आतिशबाजी क्यों होती है?

तो कौन सबसे बड़ा?

कमाई और रीच के हिसाब से देखा जाए तो FIFA सबसे बड़ा है. अनुमान है कि दुनियाभर में 5 अरब लोग वर्ल्ड कप देखते हैं. 

FIFA ने 2023-27 के बीच 13 अरब डॉलर (लगभग 1.23 लाख करोड़ रुपये) का रेवेन्यू आने का अनुमान लगाया है. इसमें से अकेले 9 अरब डॉलर 2026 में आने की उम्मीद है. वर्ल्ड कप ट्रॉफी की ही कीमत 7.13 लाख डॉलर (लगभग 6.75 करोड़ रुपये) है. वहीं, जीतने वाली टीम को 5 करोड़ डॉलर (लगभग 475 करोड़ रुपये) मिलेंगे.

वहीं, फुटबॉल के मुकाबले क्रिकेट की दुनिया छोटी है. क्रिकेट में पैसा सिर्फ कुछ ही देशों में है. उनमें भी भारत सबसे बड़ा है. क्रिकेट की दुनिया में 70% रेवेन्यू अकेले भारत से आता है.

यह भी पढ़ेंः ट्रंप बने फुटबॉल एक्सपर्ट? समझिए रेड कार्ड पर अमेरिकी राष्ट्रपति का यह तर्क गलत क्यों है, फीफा कर रहा ऐसे बचाव

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
FIFA, FIFA World Cup, ICC, BCCI, Sports News In Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com