टेस्ला के CEO एलन मस्क ने कथित तौर पर OpenAI और इसके को-फाउंडर्स सैम ऑल्टमैन और ग्रेग ब्रॉकमैन के खिलाफ धोखाधड़ी (Fraud) के आरोप वापस ले लिए हैं. ट्रायल शुरू होने से ठीक पहले मस्क ने ऐसा कर अपने मुकदमे के दायरे को काफी छोटा कर दिया है. IANS ने रिपोर्ट्स के हवाले से बताया है कि अमेरिकी कोर्ट की जज यवोन गोंजालेज रोजर्स ने मस्क को इस मामले पर सुनवाई करने की अनुमति दे दी है.
सैम ऑल्टमैन और ब्रॉकमैन के खिलाफ फ्रॉड का आरोप वापस लेने के बाद अब मस्क की शिकायत में शामिल 26 दावों में से केवल 2 ही बचे हैं- अनुचित लाभ (Unjust Enrichment) और धर्मार्थ ट्रस्ट का उल्लंघन (Breach of Charitable Trust) करने के आरोप. बता दें कि कैलिफोर्निया के ऑकलैंड की एक संघीय अदालत में सोमवार से जूरी (Jury) के चयन की प्रक्रिया शुरू होने वाली है.
मस्क ने क्या आरोप लगाए थे?
मस्क ने आरोप लगाया था कि माइक्रोसॉफ्ट से अरबों डॉलर का निवेश हासिल करने और मुनाफे वाली संरचना (For-profit structure) की ओर बढ़ने के बाद, OpenAI मानव कल्याण के लिए काम करने वाले एक गैर-लाभकारी (Non-profit) संगठन के अपने मूल मिशन से भटक गया है.
मस्क इस मामले में 134 अरब डॉलर तक के हर्जाने की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि यदि वह जीतते हैं, तो यह राशि OpenAI की चैरिटेबल शाखा को दी जानी चाहिए. इसके अलावा, उन्होंने अदालत से संगठन के गैर-लाभकारी दर्जे को बहाल करने और ऑल्टमैन व ब्रॉकमैन को उनके नेतृत्व पदों से हटाने का भी अनुरोध किया है.
मस्क के आरोपों पर OpenAI का क्या कहना है?
OpenAI ने ऑल्टमैन, ब्रॉकमैन और माइक्रोसॉफ्ट के साथ मिलकर इन आरोपों को खारिज किया है. उन्होंने इन दावों को निराधार बताया है और मस्क पर ट्रायल से ठीक पहले अंतिम समय में नई मांगें रखने का आरोप लगाया है.
इससे पहले मस्क ने ऑल्टमैन और ब्रॉकमैन को हटाने की मांग की थी. अदालत में दाखिल एक दस्तावेज में मस्क ने कहा था कि उनके मुकदमे का उद्देश्य OpenAI के पुनर्गठन को पलटना और इसे फिर से एक नॉन-प्रॉफिट रिसर्च फर्म के रूप में स्थापित करना है.
दो चरणों में चलेगा ट्रायल
यह ट्रायल दो चरणों में आगे बढ़ेगा.
- पहला चरण: एक जूरी शेष दावों से जुड़ी दलीलें सुनेगी और एक एडवायजरी फैसला (Advisory Verdict) सुनाएगी.
- दूसरा चरण: न्यायाधीश मस्क द्वारा मांगे गए समाधानों (Remedies) पर अंतिम निर्णय लेंगे.
एलन मस्क भी 2015 में OpenAI के को-फाउंडर्स में से एक थे, लेकिन 2018 में इसके बोर्ड से बाहर हो गए थे. बाद में उन्होंने 2023 में अपनी प्रतिस्पर्धी एआई फर्म xAI लॉन्च की, जिससे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा और तेज हो गई है.
ये भी पढ़ें: Gold-Silver Prices Today: सोना-चांदी कहां सस्ता, कहां महंगा? आज 25 अप्रैल को अपने शहर का भाव जान लें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं