अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप युद्ध को लेकर जहां एक वर्ग की आलोचना झेल रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अपने समर्थकों के बीच 'गोल्डन' चमक को लेकर पूरी दुनिया में सुर्खियों में हैं. एक तरफ जहां अमेरिका अपनी आजादी की 250वीं वर्षगांठ के जश्न की तैयारी कर रहा है, वहीं इस ऐतिहासिक मौके को यादगार बनाने के लिए ट्रंप के चेहरे वाला 24 कैरेट सोने का खास सिक्का जारी करने का फैसला लिया गया है. फेडरल आर्ट्स कमीशन ने इस डिजाइन को हरी झंडी दे दी है, जो जल्द ही अमेरिकी टक्साल (US Mint) से बाहर आएगा.
ट्रंप ब्रैंड का जादू सिर्फ सिक्कों तक ही सीमित नहीं है. अमेरिका से सात समंदर दूर सऊदी अरब की राजधानी रियाद में ट्रंप के साइन किए हुए (Signed) 'नेवर सरेंडर' गोल्ड स्नीकर्स ने तहलका मचा दिया है. लॉन्चिंग के समय महज 37 हजार रुपये की कीमत वाले इन जूतों की एक जोड़ी अब 1.67 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत पर लिस्ट की गई है.
सिक्के का डिजाइन फाइनल
अमेरिका की आजादी की 250वीं वर्षगांठ पर 24 कैरेट सोने का एक खास सिक्का जारी किया जाएगा. इस सिक्के पर मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का चेहरा होगा. गुरुवार को एक फेडरल आर्ट्स कमीशन ने इस सिक्के के फाइनल डिजाइन को मंजूरी दी है. 'यूएस कमीशन ऑफ फाइन आर्ट्स' ने बिना किसी विरोध के इस डिजाइन को पास कर दिया. इस कमीशन में ट्रंप द्वारा चुने गए समर्थक ही शामिल हैं. बताया जा रहा है कि 'यूएस मिंट' (अमेरिकी टक्साल) जल्द ही इन सिक्कों का उत्पादन शुरू करेगा. आने वाले 4 जुलाई को अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ है.
अमेरिकी ट्रेजरर ब्रैंडन बीच ने कहा कि देश के 250वें जन्मदिन पर लोकतंत्र की भावना को दर्शाने के लिए वर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बेहतर कोई चेहरा नहीं हो सकता.
कैसा दिखेगा यह सिक्का?
इस सिक्के के डिजाइन को खुद राष्ट्रपति ट्रंप ने फाइनल किया है. इस खास सिक्के के एक तरफ ट्रंप दिखेंगे, जबकि दूसरी ओर एक अमेरिकी बाज दिखेगा. ये सिक्के बहुत ही सीमित संख्या (Limited Edition) में बनाया जाएगा, हालांकि अभी इनकी सटीक संख्या तय नहीं हुई है.
- सिक्के का अगला हिस्सा: इसमें ट्रंप सूट-टाई पहने हुए और गंभीर मुद्रा में नजर आएंगे. वे एक डेस्क पर हाथ रखे आगे की ओर झुके हुए दिखेंगे. सिक्के के ऊपरी हिस्से पर 'LIBERTY' और '1776-2026' लिखा होगा. नीचे 'IN GOD WE TRUST' लिखा है और किनारे पर कुल 13 सितारे (7 एक तरफ, 6 दूसरी तरफ) होंगे.
- सिक्के का पिछला हिस्सा: इस तरफ उड़ता हुआ एक 'बाल्ड ईगल' (अमेरिकी बाज) होगा, जिसके साथ 'UNITED STATES OF AMERICA' और 'E PLURIBUS UNUM' लिखा होगा.

क्या कहता है अमेरिकी कानून?
अमेरिकी संघीय कानून के अनुसार, किसी भी मौजूदा राष्ट्रपति की तस्वीर देश की करेंसी (नोट या सिक्कों) पर नहीं छपी है. अमेरिका में इस कदम का विरोध भी हो रहा है. कई अमेरिकी सरकारी अधिकारी को किंग की तरह दिखाने के खिलाफ हैं.
हालांकि, ट्रेजरी सेक्रेटरी के पास विशेष '24 कैरेट गोल्ड कॉइन' जारी करने का अधिकार होता है. इसी अधिकार का इस्तेमाल कर ट्रंप अपना नाम और चेहरा इतिहास के पन्नों में दर्ज कराने की ओर बढ़ चुके हैं. यूएस कमीशन ऑफ फाइन आर्ट्स ने गुरुवार को सोने के सिक्के की डिजाइन को एकमत होकर मंजूरी दी.
रियाद में स्नीकर इवेंट: 37,000 वाला जूता 1.67 करोड़ में
रियाद में आयोजित एक 'स्नीकर इवेंट' में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 'नेवर सरेंडर' (Never Surrender) गोल्ड स्नीकर्स की एक जोड़ी 1.80 लाख डॉलर (करीब 1.67 करोड़ रुपये) की भारी-भरकम कीमत पर लिस्ट होने के कारण चर्चा में है. हैरान करने वाली बात यह है कि 2024 में लॉन्चिंग के वक्त इन जूतों की मूल कीमत मात्र 399 डॉलर (करीब 37,000 रुपये) थी.
इस जोड़ी की इतनी ऊंची कीमत की मुख्य वजह इसकी दुर्लभता और उस पर डोनाल्ड ट्रंप के हस्ताक्षर (Autograph) होना बताया जा रहा है. चमकीले सुनहरे रंग के इन जूतों पर अमेरिकी झंडे का डिजाइन और 'T' लोगो बना है. दुनिया भर में ऐसी केवल 1,000 जोड़ियां ही तैयार की गई थीं.
क्या है इन जूतों की खासियत?
सीमित एडिशन: इन जूतों का नाम 'Never Surrender High-Top' है. दुनिया भर में ऐसी केवल 1,000 जोड़ियां ही बनाई गई थीं.
ट्रंप के सिग्नेचर: रियाद में जिस जोड़ी की कीमत करोड़ों में बताई जा रही है, वह इसलिए खास है क्योंकि उस पर खुद डोनाल्ड ट्रंप के ऑटोग्राफ (हस्ताक्षर) हैं.
डिजाृृइन: ये जूते चमकीले सुनहरे (मैटेलिक गोल्ड) रंग के हैं. इनमें पीछे की तरफ अमेरिकी झंडे का डिजाइन और 'T' लोगो बना हुआ है, जो इन्हें काफी आकर्षक बनाता है.
हालांकि, जानकारों का कहना है कि यह कीमत केवल लिस्टिंग प्राइस है और अभी किसी खरीदार द्वारा इतनी बड़ी रकम चुकाने की पुष्टि नहीं हुई है. बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, अब यह केवल जूता नहीं बल्कि एक 'कलेक्टिबल आइटम' बन चुका है, जहां लोग वस्तु से ज्यादा उससे जुड़ी 'कहानी' और 'नाम' की कीमत चुकाते हैं.
ईरान तेल ही नहीं, दूध का भी धुरंधर! ठन जाए तो थम जाएंगे UAE समेत इन 4 देशों के डेयरी-बेकरी बाजार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं